भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) लखनऊ ने पारिवारिक कारोबार से जुड़े उद्यमियों और अगली पीढ़ी के बिजनेस लीडर्स के लिए दो वर्षीय MBA प्रोग्राम शुरू करने की घोषणा की है। फैमिली बिजनेस में यह कार्यक्रम जुलाई 2027 से शुरू होगा। इसका उद्देश्य पारिवारिक व्यवसायों के प्रबंधन, नेतृत्व परिवर्तन, उत्तराधिकार योजना और कारोबार के विस्तार के लिए प्रतिभागियों को तैयार करना है।
संस्थान के अनुसार, इस प्रोग्राम के लिए आवेदन दो चरणों में स्वीकार किए जाएंगे। पहले चरण में आवेदन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 है, जबकि दूसरे चरण के लिए 2 अप्रैल 2027 तक आवेदन किया जा सकेगा। कार्यक्रम में कक्षा आधारित पढ़ाई के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि प्रतिभागी अपने व्यवसाय में सीखी गई रणनीतियों को लागू कर सकें।
कारोबार के विस्तार पर रहेगा फोकस
MBA के पाठ्यक्रम में बिजनेस मैनेजमेंट, नेतृत्व विकास, उत्तराधिकार योजना, निवेश और कारोबार की वृद्धि से जुड़े विषय शामिल होंगे। प्रतिभागियों को अपने पारिवारिक व्यवसाय के लिए पांच से दस वर्षों की बिजनेस ट्रांसफॉर्मेशन एंड ग्रोथ प्लान तैयार करनी होगी।
कार्यक्रम के तहत छह ट्राइमेस्टर में फैमिली बिजनेस लैब आयोजित की जाएंगी। इनमें कारोबार की चुनौतियों को समझने, लक्ष्य निर्धारित करने, नेतृत्व हस्तांतरण और नए व्यावसायिक अवसरों की पहचान पर काम किया जाएगा। प्रतिभागियों को विदेशी पारिवारिक व्यवसायों के दौरे, ग्लोबल इमर्शन प्रोग्राम, केस स्टडी और बिजनेस सिमुलेशन में भाग लेने के अवसर भी मिल सकते हैं। कुछ कार्यशालाओं में परिवार के वरिष्ठ सदस्यों को शामिल कर उत्तराधिकार और व्यवसाय प्रबंधन पर चर्चा की जाएगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास स्नातक की डिग्री या CA, CS और CMA जैसी समकक्ष पेशेवर योग्यता होनी चाहिए। कक्षा 10वीं, 12वीं और स्नातक में कम से कम 50 प्रतिशत अंक या समकक्ष CGPA अनिवार्य है।
उम्मीदवार का पारिवारिक व्यवसाय से जुड़ा होना जरूरी है। वह व्यवसाय का मालिक या अगली पीढ़ी का सदस्य होना चाहिए। संबंधित व्यवसाय का वार्षिक निवेश या टर्नओवर कम से कम 20 करोड़ रुपये होना चाहिए। प्रवेश के लिए वैध GMAT या GRE स्कोर अथवा IIM लखनऊ की प्रवेश परीक्षा का स्कोर आवश्यक होगा। पात्र उम्मीदवारों को व्यक्तिगत साक्षात्कार के लिए बुलाया जा सकता है।
नोएडा कैंपस में होगी पढ़ाई
यह कार्यक्रम IIM लखनऊ के नोएडा कैंपस में मॉड्यूलर ऑन-कैंपस प्रारूप में संचालित होगा। प्रतिभागियों को हर महीने लगभग सात दिन कक्षाओं में उपस्थित होना होगा। करीब 20 महीने के इस कार्यक्रम में छह ट्राइमेस्टर और 33.5 अकादमिक क्रेडिट होंगे।
पाठ्यक्रम में फैमिली बिजनेस गवर्नेंस, नेतृत्व, पीढ़ियों के बीच कारोबार का हस्तांतरण, नियामकीय आवश्यकताओं और नए उद्यमों में निवेश जैसे विषय भी शामिल होंगे। इसका उद्देश्य पारिवारिक व्यवसायों को आधुनिक प्रबंधन कौशल के जरिए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।


