Trending News

सुप्रीम कोर्ट ने एसआईआर को ठहराया वैध, चुनाव आयोग को दिया अधिकार कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलें, डीके शिवकुमार को सत्ता सौंप सकते हैं सिद्धारमैया केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के घर सहित 12 ठिकानों पर ईडी की रेड, मनी लॉन्ड्रिंग का है मामला, बेटी भी आरोपों के घेरे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टायटंस को 92 रनों से दी पटखनी, IPL 2026 के फाइनल में पहुंची सुप्रीम कोर्ट ने एसआईआर को ठहराया वैध, चुनाव आयोग को दिया अधिकार कर्नाटक में मुख्यमंत्री बदलने की अटकलें, डीके शिवकुमार को सत्ता सौंप सकते हैं सिद्धारमैया केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के घर सहित 12 ठिकानों पर ईडी की रेड, मनी लॉन्ड्रिंग का है मामला, बेटी भी आरोपों के घेरे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टायटंस को 92 रनों से दी पटखनी, IPL 2026 के फाइनल में पहुंची

शिवम दुबे के आतिशी अर्द्धशतक से भारत ने नीदरलैंड को हरा लगाया जीत का चौका

अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में भारत ने नीदरलैंड को 17 रन से हराकर विश्व कप में लगातार चौथी जीत दर्ज की। शिवम दुबे के धुआंधार 66 रन और वरुण चक्रवर्ती की घातक स्पिन गेंदबाजी (3/14) की मदद से भारत ने 193 रन बनाए और नीदरलैंड को 176 रन पर रोक दिया। अभिषेक शर्मा का लगातार तीसरी बार शून्य पर आउट होना चिंता का विषय रहा, लेकिन भारत अब शीर्ष पर रहकर सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ने को तैयार है।

Published: 10:33am, 19 Feb 2026

बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज शिवम दुबे के आतिशी अर्द्धशतक व मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के स्पिन का जाल बुन चटकाए तीन विकेट की बदौलत मौजूदा चैंपियन भारत ने सभी प्रयोगों के बावजूद नीदरलैंड को आईसीसी टी-20 क्रिकेट विश्व कप में ग्रुप ए के अपने आखिरी मैच में अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में बुधवार रात 17 रन से हरा कर जीत का ‘चौका’ लगा शीर्ष पर रह दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रविवार को इसी मैदान पर खेले जाने वाले ग्रुप 1 सुपर 8 मैच के लिए अच्छा अभ्यास किया। शिवम दुबे का टी-20 विश्व कप का यह पहला अर्द्धशतक है। भारत ने टी-20 विश्व कप में लगातार 12वां मैच जीता। भारत की मौजूदा संस्करण की अब तक लगातार चार जीत की खास बात यह रही कि उसकी इन चार जीत के अलग-अलग नायक रहे। इस शानदार जीत के बावजूद भारत की चिंता अपने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा का मौजूदा संस्करण में लगातार तीसरी बार शून्य पर आउट होना रहा।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 193 रन का बड़ा स्कोर बनाया। भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा लगातार तीसरे मैच में खाता खोले बिना बोल्ड हो गए। भारत के बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (0 रन, 3 गेंद) ने नीदरलैंड के ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त की मिडल स्टंप पर पड़ ऑफ की ओर कोण बनाकर घूमी गेंद को उड़ाने की कोशिश में बोल्ड हो गए। भारत ने मैच की तीसरी गेंद पर अपना पहला विकेट खो दिया। अभिषेक मुंबई, कोलंबो और अब अहमदाबाद में ग्रुप ए के मैचों में लगातार तीसरी बार खाता खोले बिना आउट हुए। दुनिया का नंबर एक आईसीसी टी-20 बल्लेबाज मौजूदा संस्करण में तीन मैच खेलने के बाद भी खाता नहीं खोल पाया। अभिषेक को लंबे कद के ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त ने शुरू की दो गेंदों पर रन बनाने का मौका नहीं दिया और वह उनकी गेंद को मिड-ऑन के ऊपर से मारने के फेर में बोल्ड हो गए। यह किसी एक बल्लेबाज का एक टी-20 विश्व कप में भारत की ओर से भी संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शून्य पर आउट होने का रिकॉर्ड है।

मौजूदा संस्करण में दो अर्द्धशतक जड़ भारत के लिए रन बनाने में सबसे आगे चल रहे बाएं हाथ के इशान किशन (18 रन, 7 गेंद, एक छक्का, दो चौके) लेग स्टंप पर पड़ी गेंद को उड़ाने की कोशिश में अपनी विकेट पर खींच कर बोल्ड हो गए और भारत पारी के पांचवें ओवर में दो विकेट 39 रन पर खोकर गहरे संकट में फंस गया। भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव पारी के शुरू में लोगान वान बीक की गेंद को पुल करने गए लेकिन माइकल लेविट ने इस पर कैच करने की कोशिश नहीं की। तिलक वर्मा (31 रन, 27 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) पारी के नौवें ओवर में वान बीक की ऑफ स्टंप से बहुत बाहर जाती गेंद को उड़ाने की कोशिश में लॉन्ग-ऑफ पर वान डेर मर्व को कैच थमा बैठे और भारत ने तीसरा विकेट 69 रन पर खो दिया।

शिवम दुबे (2 रन) ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त के चौथे व आखिरी तथा पारी के 11वें ओवर की पांचवीं गेंद को खेलने से चूके और इस पर नीदरलैंड ने एलबीडब्ल्यू की अपील की लेकिन तीसरे अंपायर ने भी उन्हें नॉटआउट दिया। शिवम दुबे ने ऑफ स्पिनर कॉलिन एकरमैन के तीसरे और पारी के 13वें ओवर में दो छक्कों और एक चौके की मदद से 19 रन बना भारत को तीन विकेट पर 108 रन पर पहुंचाया। सूर्यकुमार यादव (34 रन, 28 गेंद, एक छक्का, दो चौके) एकरमैन की गेंद को उड़ाने की कोशिश में बदलू खिलाड़ी गुगटेन को फाइन लेग पर कैच थमा बैठे और भारत ने चौथा विकेट 110 रन पर खो दिया।

मैन ऑफ द मैच शिवम दुबे (66 रन, 31 गेंद, छह छक्के, चार चौके) ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ चौथे विकेट की 41 व हार्दिक पांड्या (30 रन, 21 गेंद, तीन छक्के) के साथ पांचवें विकेट की 76 रन की तूफानी भागीदारी की। शिवम दुबे ने 25 गेंदों में पांच छक्कों और दो चौकों की मदद से वान बीक के तीसरे ओवर में दो छक्के एक चौके की मदद से 20 रन बनाए और हार्दिक के साथ पांचवें विकेट के लिए 29 गेंद में 50 रन की भागीदारी की। शिवम दुबे नीदरलैंड के सबसे कामयाब तेज गेंदबाज लोगान वान बीक (3/56) की गेंद को उड़ाने की कोशिश में फाइन लेग पर बदलू खिलाड़ी गुगटेन को कैच थमा कर पांचवें बल्लेबाज के रूप में 186 रन के स्कोर पर आउट हुए। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर हार्दिक ने गेंद को मैदान के पार पहुंचाने की कोशिश में वान डेर मर्व को लॉन्ग-ऑफ पर कैच थमा दिया। भारत ने अपनी पारी में 13 छक्के और 12 चौके लगाए।

जवाब में, 194 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम को मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती (3/14) के बुने स्पिन के जाल तथा तेज गेंदबाज शिवम दुबे (2/35) की धारदार गेंदबाजी का सामना करना पड़ा। वरुण चक्रवर्ती ने अपने पहले ही ओवर में सलामी बल्लेबाज मैक्स ओ’डाउड (20 रन, 18 गेंद, एक छक्का, दो चौके) को गुगली पर बोल्ड कर नीदरलैंड का स्कोर एक विकेट पर छठे ओवर में 35 कर दिया। हार्दिक पांड्या ने अपने पहले ही ओवर में माइकल लेविट (24 रन, 23 गेंद, चार चौके) को शॉर्ट गेंद को उड़ाने को मजबूर कर वाशिंगटन सुंदर के हाथों मिड-विकेट पर आठवें ओवर में दो विकेट पर 51 कर दिया।

वरुण चक्रवर्ती ने पारी के 13वें और अपने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर कॉलिन एकरमैन (23 रन, 15 गेंद, दो छक्के, एक चौका) को बड़े मिड-ऑफ पर रिंकू सिंह के हाथों कैच करा नीदरलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 94 कर दिया और अगली गेंद पर आर्यन दत्त (0 रन, 1 गेंद) को बोल्ड किया। बास डी लीड ने 23 गेंद पर एक छक्के व दो चौके की मदद से 33 रन की सबसे बड़ी पारी खेली, जिन्हें शिवम दुबे ने शॉर्ट थर्ड मैन पर वरुण चक्रवर्ती के हाथों कैच करा स्कोर पांच विकेट पर 112 कर दिया। जसप्रीत बुमराह ने स्कॉट एडवर्ड्स (15 रन, 10 गेंद, दो चौके) को यॉर्कर पर बोल्ड कर नीदरलैंड का स्कोर छह विकेट पर 126 कर दिया। जैक कैचे (26 रन, 16 गेंद, एक छक्का, एक चौका) व नोह क्रोज (अविजित 25 रन, 12 गेंद, पांच चौके) की छठे विकेट की 47 रन की भागीदारी के बावजूद नीदरलैंड मैच नहीं जीत सकी। शिवम दुबे ने मैच के आखिरी ओवर में कैचे को सुंदर के हाथों लॉन्ग-ऑन पर कैच करा कर नीदरलैंड को 20 ओवर में सात विकेट पर 176 रन पर रोक दिया और भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। नीदरलैंड के सबसे किफायती गेंदबाज ऑफ स्पिनर आर्यन दत्त (4-0-19-2) रहे।

YuvaSahakar Desk