राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस (NCD) पोर्टल से साझा की गई जानकारी के अनुसार, अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच सात नई बहुराज्यीय सहकारी समितियों का पंजीकरण किया गया है। ये समितियां कृषि एवं संबद्ध गतिविधियों, ऋण एवं बचत, आवास निर्माण और कृषि प्रसंस्करण जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हैं। नई पंजीकृत समितियों में महाराष्ट्र की चार, केरलम की दो और राजस्थान की एक समिति शामिल है।
कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र में तीन समितियां
कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र में कुल तीन नई बहुराज्यीय सहकारी समितियों का पंजीकरण हुआ है। इनमें महाराष्ट्र की सार्को एग्री-अलाइड मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड तथा केरलम की विश्वार्था एग्री एंड अलाइड मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड और प्रिस्टीन एग्रो एंड अलाइड मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड शामिल हैं।
ऋण एवं बचत क्षेत्र में दो नई समितियां
ऋण एवं बचत क्षेत्र में महाराष्ट्र की दो समितियों को पंजीकृत किया गया है। इनमें एनलाइट फ्यूचर मल्टी-स्टेट क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड और लोक सहयोग मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव क्रेडिट सोसाइटी लिमिटेड शामिल हैं।
आवास और कृषि प्रसंस्करण क्षेत्र में भी पंजीकरण
अन्य दो पंजीकरणों में राजस्थान की आवास क्षेत्र से जुड़ी आशापुरा मल्टी-स्टेट भवन निर्माण सहकारी समिति लिमिटेड तथा महाराष्ट्र की श्यामजी मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव एग्रो प्रोसेसिंग सोसाइटी लिमिटेड शामिल हैं, जो कृषि प्रसंस्करण क्षेत्र से संबंधित है।


