भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने ग्रुप चीफ इंफॉर्मेशन सिक्योरिटी ऑफिसर (CISO) के पद पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह नियुक्ति कॉन्ट्रैक्ट आधार पर की जाएगी और इस भर्ती अभियान के तहत एक पद भरा जाएगा। चयनित उम्मीदवार को सालाना 2.50 करोड़ रुपये तक का CTC मिल सकता है। आवेदन प्रक्रिया 4 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 24 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
ग्रुप CISO का पद मुंबई/नवी मुंबई में आधारित होगा। हालांकि, SBI ने अपनी जरूरत के अनुसार अधिकारी को स्थानांतरित या प्रतिनियुक्त करने का अधिकार सुरक्षित रखा है। नियुक्ति शुरुआती तौर पर तीन वर्ष के लिए होगी, जिसे अधिकतम दो वर्ष तक आगे बढ़ाया जा सकता है।
इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को 31 अगस्त 2026 तक निर्धारित शैक्षणिक और पेशेवर योग्यता पूरी करनी होगी। उम्मीदवार के पास कंप्यूटर साइंस, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, साइबर सिक्योरिटी या समकक्ष विषय में BTech/BE की डिग्री और कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए। MCA, MTech या संबंधित विषयों में MSc करने वाले उम्मीदवार भी पात्र हो सकते हैं। डिग्री किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय, संस्थान या बोर्ड से होनी चाहिए।
SBI के अनुसार, CISSP, CISM, CCISO और CISA जैसी प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। इंटरव्यू की तारीख पर संबंधित सर्टिफिकेशन वैध होना जरूरी है। उम्मीदवार की अधिकतम आयु 31 अगस्त 2026 को 57 वर्ष होनी चाहिए।
आवेदन के लिए सामान्य, EWS और OBC वर्ग के उम्मीदवारों को 750 रुपये शुल्क का भुगतान करना होगा, जबकि SC, ST और PwBD उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। उम्मीदवार SBI की आधिकारिक करियर वेबसाइट पर जाकर Current Openings सेक्शन में विज्ञापन संख्या CRPD/SCO/2026-27/21 देख सकते हैं। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कर आवश्यक जानकारी भरनी होगी और फोटो, हस्ताक्षर सहित जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। शुल्क लागू होने पर उसका ऑनलाइन भुगतान करने के बाद आवेदन जमा करना होगा।
आवेदन जमा करने के बाद उम्मीदवारों को भरे हुए आवेदन पत्र और ई-रसीद को डाउनलोड करके भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। SBI ने उम्मीदवारों से अंतिम तारीख का इंतजार न करने और वेबसाइट या इंटरनेट पर अधिक ट्रैफिक के कारण होने वाली संभावित परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन करने को कहा है।


