केंद्रीय विद्यालयों में कॉन्ट्रैक्चुअल टीचर और नॉन-टीचिंग स्टाफ के तौर पर काम करने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने संविदा भर्ती प्रक्रिया को आसान और केंद्रीकृत बनाने के लिए ‘संविदा साथी’ पोर्टल शुरू किया है। अब उम्मीदवारों को अलग-अलग केंद्रीय विद्यालयों में जाकर या हर स्कूल के लिए अलग आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी।
नए सिस्टम के तहत उम्मीदवार एक ही पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर अपनी प्रोफाइल तैयार कर सकेंगे और उपलब्ध विभिन्न संविदा पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। 2026-27 शैक्षणिक सत्र से कॉन्ट्रैक्चुअल भर्ती के लिए ऑफलाइन या स्कूल स्तर पर अलग से रजिस्ट्रेशन मान्य नहीं होगा।
इन पदों पर मिल सकता है मौका
संविदा साथी पोर्टल के जरिए PGT, TGT, PRT, कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर, स्पेशल एजुकेटर, काउंसलर, स्पोर्ट्स कोच, योग शिक्षक और नर्स समेत कई पदों के लिए आवेदन का अवसर मिल सकता है। अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग होगी। उम्मीदवारों से 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएशन, पोस्टग्रेजुएशन, NET या PhD जैसी योग्यताएं मांगी जा सकती हैं।
खास बात यह है कि आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। यानी उम्मीदवार बिना आवेदन शुल्क के पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
उम्र सीमा पद के अनुसार
सभी संविदा पदों के लिए एक समान आयु सीमा निर्धारित नहीं होगी। संबंधित केंद्रीय विद्यालय अपनी भर्ती सूचना में पद के अनुसार आयु संबंधी शर्तें जारी कर सकता है। इसलिए उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित वैकेंसी का विज्ञापन ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
बिना लिखित परीक्षा होगा चयन
संविदा पदों पर चयन के लिए सामान्य तौर पर लिखित परीक्षा नहीं होगी। स्कूल उम्मीदवारों की प्रोफाइल और योग्यता के आधार पर शॉर्टलिस्ट कर सकते हैं। इसके बाद वॉक-इन इंटरव्यू और टीचिंग डेमो जैसी प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। चयनित उम्मीदवारों का मेरिट पैनल तैयार किया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार नियुक्ति की जाएगी।
ऐसे कर सकेंगे आवेदन
उम्मीदवारों को पोर्टल पर नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और ई-मेल जैसी जरूरी जानकारी देकर अकाउंट बनाना होगा। इसके बाद प्रोफाइल पूरी कर फोटो, हस्ताक्षर और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन पूरा होने के बाद कन्फर्मेशन पेज सुरक्षित रखना जरूरी होगा।
पोर्टल से जुड़ी तकनीकी समस्या होने पर उम्मीदवार samagamhelpdesk@kvs.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं। हेल्पडेस्क सोमवार से शुक्रवार सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक उपलब्ध रहेगा।
नए केंद्रीकृत पोर्टल से KVS की संविदा भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और सुविधाजनक बनाने की उम्मीद है। इससे उम्मीदवारों को अलग-अलग विद्यालयों में आवेदन करने की परेशानी से राहत मिलेगी।


