हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट ने जिला न्यायपालिका में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 388 रिक्त पदों को भरा जाएगा। योग्य उम्मीदवार हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट https://highcourt.hp.gov.in/ के भर्ती पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया 10 अगस्त 2026 से शुरू होकर 10 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे तक चलेगी।
इन पदों पर होगी भर्ती
भर्ती में कोर्ट मैनेजर, क्लर्क, स्टेनोग्राफर ग्रेड-III, ड्राइवर, प्रोसेस सर्वर और चपरासी/ऑर्डरली/चौकीदार/सफाई कर्मचारी के पद शामिल हैं। इनमें कोर्ट मैनेजर के 5, क्लर्क के 141, स्टेनोग्राफर के 79, ड्राइवर के 9, प्रोसेस सर्वर के 65 और चपरासी सहित अन्य ग्रुप-डी के 89 पद हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
कोर्ट मैनेजर के लिए MBA के साथ स्नातक डिग्री और 3 साल का अनुभव जरूरी है। क्लर्क और स्टेनोग्राफर के लिए स्नातक डिग्री मांगी गई है। क्लर्क पद के लिए अंग्रेजी में 30 और हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग स्पीड जरूरी है। स्टेनोग्राफर के लिए निर्धारित शॉर्टहैंड और टाइपिंग स्पीड अनिवार्य है। ड्राइवर पद के लिए मैट्रिक पास होने के साथ 3 साल पुराना वैध LMV ड्राइविंग लाइसेंस होना चाहिए। प्रोसेस सर्वर और ग्रुप-डी पदों के लिए 12वीं पास योग्यता निर्धारित की गई है।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
उम्मीदवारों की उम्र की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर होगी। सामान्य और EWS वर्ग के लिए आयु सीमा 18 से 45 वर्ष है, जबकि आरक्षित वर्ग और हिमाचल प्रदेश सरकार के कर्मचारियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट मिलेगी।
आवेदन शुल्क अनारक्षित वर्ग के लिए 450 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 300 रुपये निर्धारित है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे।
उम्मीदवारों के लिए हिमाचल प्रदेश के रीति-रिवाजों और बोलियों का ज्ञान भी जरूरी है। शैक्षणिक योग्यता से जुड़ी राज्य की शर्तें बोनाफाइड हिमाचलियों पर लागू नहीं होंगी।


