नई दिल्ली, 12 मई, 2026: स्विंग के उस्ताद 36 बरस के भुवनेश्वर कुमार के गेंद से कमाल कर आईपीएल 2026 में अब तक चटकाए सबसे ज्यादा 21 विकेट की बदौलत मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) पिछले मैच में पांच बार चैंपियन रही मुंबई इंडियंस पर रायपुर में पिछले मैच में आखिरी गेंद पर मिली दो विकेट से जीत की बदौलत 11 मैचों में कुल सात जीत और चार हार की बदौलत 14 अंकों के साथ शीर्ष पर चल रही है।
भुवनेश्वर कुमार ने मौजूदा आईपीएल में सबसे बढ़िया गेंदबाजी कर टीम इंडिया में वापसी का मजबूत दावा भी ठोका है। भुवनेश्वर कुमार ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में आखिरी ओवर में राज अंगद बावा के आखिरी ओवर की अंतिम गेंद पर छक्का जड़ गेंद के साथ बल्ले से भी कमाल कर आरसीबी को यह जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। आरसीबी अब पिछले लगातार चार मैच जीतने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) पर भी रायपुर में बुधवार को जीत के साथ प्ले-ऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ाने उतरेगी।
रायपुर की दोहरे उछाल वाली पिच पर आरसीबी की जीत की उम्मीदें भुवनेश्वर कुमार, विराट कोहली, बाएं हाथ के अनुभवी स्पिनर क्रुणाल पांड्या और नौजवान लेग स्पिनर सुयश शर्मा (7 विकेट) पर रहेंगी। भले ही विराट कोहली पिछले दो मैचों में खाता खोले बिना ही आउट हो गए हों, मौजूदा संस्करण में अब तक तीन अर्धशतक जड़ चुके हैं, लेकिन रायपुर की दोहरे उछाल वाली पिच पर उनके जोश के साथ होश की नीति से बल्लेबाजी करने की रणनीति जरूर आरसीबी का सबसे अहम बल्लेबाज बनाती है।
बल्लेबाजी और गेंदबाजी इकाई के रूप में आरसीबी मौजूदा सीजन में बेशक केकेआर से मजबूत दिखाई दे रही है। रिंकू सिंह के अब तक दो अर्धशतक जड़ने और फिन एलन के एक अर्धशतक जड़ने के बावजूद केकेआर की बल्लेबाजी अभी उसकी कमजोर कड़ी है और आरसीबी की कोशिश इसी का लाभ उठाने की रहेगी।
आरसीबी को अब बाकी तीन में से एक अपने दूसरे घरेलू मैदान रायपुर में केकेआर के खिलाफ खेलना है जबकि बाकी दो में वह पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद से उनके घर में खेलेगी। आरसीबी अपने बाकी दो मैच जीतती है तो उसके 18 अंक हो जाएंगे क्योंकि अभी चार अन्य टीमें भी 16 अंक तक पहुंच सकती हैं। ऐसा भी मुमकिन है कि पांच टीमें लीग का समापन 18 या इससे ज्यादा अंकों के साथ करें। अपने शानदार नेट रन रेट के चलते आरसीबी 18 अंकों के साथ प्ले-ऑफ में पहुंचने की सबसे मजबूत दावेदार है। आरसीबी को केकेआर के खिलाफ मैच के बाद अगला मैच अपने पिछले लगातार चार मैच हार चुकी पंजाब किंग्स से खेलना है और इसके बाद अंतिम लीग मैच एसआरएच से खेलना है।
सलामी बल्लेबाज फिन एलन के शतक से केकेआर के पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स पर दिल्ली में आठ विकेट से जीत के ‘चौके’ के साथ 10 मैचों में पांच हार, चार जीत और एक मैच बेनतीजा खत्म होने से नौ अंक हैं और वह आठवें स्थान पर है। केकेआर इकलौती ऐसी टीम है जिसने दस से कम मैच खेले हैं और वह बाकी चार मैच जीतकर आठ अंक हासिल कर सकती है।
केकेआर यदि अब अपने बाकी चारों मैच जीती और 17 अंकों पर लीग का अभियान समाप्त करती है तो उसके पास प्ले-ऑफ में पहुंचने का बढ़िया मौका है, हालांकि अभी यह पक्का नहीं कि चार अन्य टीमें 17 या इससे ज्यादा अंकों के साथ अपना लीग का अभियान खत्म कर सकती हैं। 13 अंकों के साथ प्ले-ऑफ में पहुंचना लगभग नामुमकिन है, यह तभी मुमकिन है जब बाकी टीमें ताश के पत्तों की तरह ढह जाएं। केकेआर ने अपने पिछले चार मैचों में शुरू के दो रिंकू सिंह के बल्ले से धमाल से और अगले दो मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती व सुनील नारायण, अनुकूल रॉय की स्पिन त्रिमूर्ति और कार्तिक त्यागी के गेंद और फिन एलन के बल्ले से कमाल से जीते।
विराट कोहली का पिछले दो मैच में खाता खोले बिना आउट होना और जैकब बैथल (5 मैच, 70 रन) का रनों के लिए जूझना जरूर आरसीबी के लिए चिंता का सबब हो सकता है। आरसीबी के लिए फिलहाल शुरू के 11 मैचों में विराट कोहली (379 रन), देवदत्त पडिक्कल (328 रन) और कप्तान रजत पाटीदार (326 रन) ने तीन-तीन अर्धशतक जड़े हैं। वहीं टिम डेविड (232 रन), क्रुणाल पांड्या (141 रन) ने एक-एक अर्धशतक जड़ा है।
रोमारियो शेफर्ड (11 मैच, 83 रन) और वेंकटेश अय्यर (2 मैच, 41 रन) का रनों के लिए जूझना जरूर उसकी चिंता का सबब है। अपने गेंदबाजी एक्शन में बदलाव के बाद उतरे शुरू के दस मैचों में केकेआर के सबसे कामयाब नौजवान तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी (13 विकेट), वैभव अरोड़ा (11 विकेट) के साथ मिस्ट्री स्पिनर सुनील नारायण (9 मैच, 10 विकेट), वरुण चक्रवर्ती (8 मैच, 10 विकेट), अनुकूल रॉय (8 विकेट) की त्रिमूर्ति की कोशिश बेशक विराट कोहली, बैथल, पडिक्कल और पाटीदार को सस्ते में आउट कर पवेलियन लौटाने की रहेगी।
केकेआर के लिए शुरू के दस मैचों में अंगकृष रघुवंशी (259 रन) ने शुरू के तीन अर्धशतक, रिंकू सिंह (237 रन) ने दो अर्धशतक, कप्तान अजिंक्य रहाणे (218 रन) ने एक अर्धशतक और फिन एलन (सात मैच, 210 रन) ने एक शतक जड़ा है। रोवमैन पॉवेल (8 मैच, 121 रन) का रनों के लिए जूझना मौजूदा सीजन में आरसीबी को परेशानी में डालता रहा है। आरसीबी के लिए शुरू के 11 मैचों में मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार (21 विकेट), जोश हेजलवुड (8 मैच, 10 विकेट), रसिक सलाम (7 मैच, 8 विकेट), रोमारियो शेफर्ड (6 विकेट) जैसे तेज गेंदबाजों की चौकड़ी और बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पांड्या (10 विकेट) और चतुर नौजवान लेग स्पिनर सुयश शर्मा से जरूर केकेआर के बल्लेबाजों को चौकस रहना होगा।
हमारा मंत्र है अपनी ताकत के मुताबिक खेलना: पाटीदार
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, ‘मुंबई इंडियंस के खिलाफ हमारा पिछले मैच बेहद संघर्षपूर्ण रहा। मेरा मानना है कि क्रुणाल पांड्या ने हमें मुंबई इंडियंस के खिलाफ यह मैच जिताने में बल्ले से कमाल कर अहम भूमिका निभाई। क्रुणाल पांड्या बहुत अनुभवी हैं और इसीलिए उन जैसे खिलाड़ी बड़े मौके पर ऐसी अहम पारी खेलते हैं। भुवनेश्वर कुमार ने अविश्वसनीय गेंदबाजी की और उनका गेंद पर नियंत्रण अद्भुत रहा। पिच दोहरे उछाल वाली थी। इस पिच में कुछ उछाल भी था, इस पिच पर भुवनेश्वर कुमार को खेलना बहुत मुश्किल था। फिलहाल हम अंक तालिका को लेकर परेशान नहीं हैं। अंक तालिका की ओर देखने की बजाय हमारा मंत्र अपनी ताकत के मुताबिक बढ़िया क्रिकेट खेलना है। जहां तक जीत के लिए लक्ष्य की बात है तो मैं यह कहूंगा कि हमारे गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी कर मुंबई इंडियंस को 166 रन पर रोका। मैं सच कहूँ तो हम इस मैच को जीतने के हकदार नहीं थे क्योंकि हमारे मजबूत बल्लेबाजी क्रम को देखते हुए हमें जीत का यह लक्ष्य आसानी से पार कर लेना चाहिए था।’
हमारे गेंदबाजों ने बढ़िया गेंदबाजी की: रहाणे
केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, ‘मैं फिन एलन के शतक जड़ने से बहुत खुश हूं क्योंकि वह जूझ रहे थे और कड़ी मेहनत कर रहे थे। मैं अपने गेंदबाजों की तारीफ करना चाहूंगा क्योंकि उन्होंने हमारे स्पिनरों के साथ आखिर के मारधाड़ वाले ओवरों में बढ़िया गेंदबाजी की। हम अपनी फील्डिंग पर बहुत मेहनत कर रहे हैं और इससे हमें मैच जीतने में मदद मिल रही है और इसका श्रेय हमारे फील्डिंग कोच को है। हमारे गेंदबाजी कोच भी गेंदबाजों के साथ बहुत मेहनत कर रहे हैं। मैं अनुकूल रॉय की गेंदबाजी से खुश हूं। कार्तिक त्यागी भी विश्वास से भरे नजर आए और वरुण चक्रवर्ती ने भी ठीक-ठाक गेंदबाजी की।’
बुधवार: आरसीबी बनाम केकेआर (रायपुर, शाम साढ़े सात बजे से)।


