Trending News

सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की डॉग लवर्स की याचिका, सार्वजनिक जगहों से हटाए जाएंगे आवारा कुत्ते, कहा- आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय मौसम: दिल्ली-NCR में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और महाराष्ट्र में हीट वेव का अलर्ट, बिहार, बंगाल और ओडिशा में भी लू का अलर्ट देशभर में पेट्रोल और डीजल के दामों में आंशिक बढ़ोत्तरी, लगभग 90-90 पैसे महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, 15 मई को की गई थी 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी UPSC एग्जाम में बड़ा बदलाव, अब प्रीलिम्स के तुरंत बाद आएगी Answer Key हरियाणा के सभी NCR जिलों में कैब एग्रीगेटर्स और डिलीवरी कंपनियों की पेट्रोल-डीजल गाड़ियों की एंट्री पर ब्रेक, CNG और इलेक्ट्रिक गाड़ियों से ही चलेंगी ओला-उबर और डिलीवरी सर्विस वाली गाडियां सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की डॉग लवर्स की याचिका, सार्वजनिक जगहों से हटाए जाएंगे आवारा कुत्ते, कहा- आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाएं सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय मौसम: दिल्ली-NCR में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान और महाराष्ट्र में हीट वेव का अलर्ट, बिहार, बंगाल और ओडिशा में भी लू का अलर्ट देशभर में पेट्रोल और डीजल के दामों में आंशिक बढ़ोत्तरी, लगभग 90-90 पैसे महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, 15 मई को की गई थी 3-3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोत्तरी UPSC एग्जाम में बड़ा बदलाव, अब प्रीलिम्स के तुरंत बाद आएगी Answer Key हरियाणा के सभी NCR जिलों में कैब एग्रीगेटर्स और डिलीवरी कंपनियों की पेट्रोल-डीजल गाड़ियों की एंट्री पर ब्रेक, CNG और इलेक्ट्रिक गाड़ियों से ही चलेंगी ओला-उबर और डिलीवरी सर्विस वाली गाडियां

लखनऊ को हरा प्लेऑफ की ओर कदम बढ़ाना चाहेगी राजस्थान

आईपीएल 2026 में लगातार तीन मैच हारकर छठे स्थान पर खिसकी राजस्थान रॉयल्स (RR) को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए मंगलवार को अपने घरेलू मैदान पर आखिरी पायदान पर चल रही लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को हराना होगा। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की फॉर्म के बावजूद राजस्थान खराब डेथ बॉलिंग और लचर फील्डिंग से जूझ रही है। वहीं प्लेऑफ से बाहर हो चुकी लखनऊ की टीम राजस्थान का गणित बिगाड़ने के इरादे से उतरेगी।

Published: 17:38pm, 18 May 2026

नई दिल्ली, 18 मई, 2026: राजस्थान रॉयल्स कप्तान रियान पराग के दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ दोनों मैचों में अर्धशतक के बावजूद व गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच सहित अपने पिछले लगातार तीनों मैच हार आईपीएल 2026 में राह भटक 12 मैचों में छह जीत और छह हार के साथ छठे स्थान पर खिसक गई है। राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए पहले मंगलवार को फिसड्डी लेकिन अपना पिछला मैच जीतने वाली लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस से रविवार को अंतिम लीग मैच जीतना होगा।

राजस्थान रॉयल्स की कोशिश रिटर्न मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स से लखनऊ में इस सीजन के पहले मैच में मिली 40 रन से हार का हिसाब चुकता कर प्लेऑफ की ओर कदम बढ़ाने की होगी। लखनऊ सुपर जायंट्स के 12 मैचों में आठ हार और चार जीत से महज आठ अंक हैं और वह आखिरी पायदान पर है। प्लेऑफ की होड़ से बाहर हो चुकी लखनऊ सुपर जायंट्स मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स को उसके घर में भी हरा उसका गणित बिगाड़ सकती है।

राजस्थान रॉयल्स पहले जयपुर में और फिर दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 200 के पार और उसके करीब पहुंचने के बावजूद अपने कप्तान रियान पराग की रणनीतिक भूल के कारण हारी। राजस्थान रॉयल्स ने लगातार चार जीत से आगाज किया और इसके बाद अगले आठ मैचों में मात्र दो ही जीत पाई और छह हार गई और इसी के चलते उस पर प्लेऑफ की होड़ से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है।

राजस्थान रॉयल्स को वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी मौजूदा सीजन में तेज आगाज दिलाने में कामयाब रही लेकिन यह जोड़ी लड़खड़ाई तो फिर उसका शीर्ष व मध्यक्रम तो लड़खड़ाया ही उसकी गेंदबाजी भी दिशा से भटकती रही है। राजस्थान रॉयल्स को दिल्ली में रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों आखिरी ओवर में पांच विकेट से हार का बड़ा कारण अच्छे आगाज के बाद पारी को बढ़िया ढंग से समाप्त न करने के साथ कैच टपकना रहा। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग का इस पर अपनी टीम से खफा होना भी वाजिब है।

राजस्थान रॉयल्स अपने घर में अपने पिछले लगातार दो मैच हार चुकी है। राजस्थान रॉयल्स बेशक यह आस करेगी कि इस मैदान पर इस बार किस्मत उसका साथ देगी। वहीं प्लेऑफ की होड़ से बाहर हो चुकी दसवें और आखिरी स्थान पर चल रही लखनऊ सुपर जायंट्स के पास खोने को कुछ नहीं है वह इसमें खुलकर खेल जीत के लिए अपना सब कुछ झोंक देगी और ऐसे में राजस्थान रॉयल्स उसके खिलाफ अपने घर में जरा सी भी ढील गवारा नहीं कर सकती है।

राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी शुरू के 12 मैचों में बल्लेबाजी की नई सनसनी 15 बरस के एक शतक और दो अर्धशतक जड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी (486 रन) व उनके सलामी जोड़ीदार तीन अर्धशतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल (327 रन), चार अर्धशतक जड़ने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल (367 रन), दो-दो अर्धशतक जड़ने वाले कप्तान रियान पराग (11 मैच, 258 रन) व डोनावोन फरेरा (11 मैच, 233 रन) और रवींद्र जडेजा (11 मैच, 45 रन) पर निर्भर है। राजस्थान रॉयल्स को कमोबेश लगभग हर मैच में वैभव और यशस्वी की सलामी जोड़ी ने आतिशी शुरुआत दिलाई।

राजस्थान रॉयल्स की कमजोरी तेज आगाज के बाद पारी का तूफानी अंदाज में समापन न कर पाना रहा है। शिमरॉन हेटमायर (8 मैच, 78 रन) का मध्यक्रम में रनों के लिए जूझना राजस्थान रॉयल्स के मैचों को बढ़िया ढंग से समाप्त न कर पाने का बड़ा कारण रहा है। राजस्थान रॉयल्स के वैभव व यशस्वी की सलामी जोड़ी और जुरेल और कप्तान रियान पराग को लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए शुरू के 12 मैचों में तेज गेंदबाज प्रिंस यादव (16 विकेट), मोहसिन खान (5 मैच, 10 विकेट), मोहम्मद शमी (10 विकेट) और आकाश सिंह (1 मैच, 3 विकेट) जैसे दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाजों की चौकड़ी से चौकस रहना होगा। लखनऊ सुपर जायंट्स के मणिमारन सिद्धार्थ (4 मैच, 6 विकेट), लेग स्पिनर दिग्वेश राठी (8 मैच, 5 विकेट), बाएं हाथ के स्पिनर शाहबाज अहमद (4 मैच, 5 विकेट) की स्पिन त्रिमूर्ति और तेज गेंदबाज आवेश खान (7 मैच, 6 विकेट) का टुकड़ों-टुकड़ों में विकेट चटकाना जरूर लखनऊ सुपर जायंट्स को मौजूदा सीजन में अखरा है।

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए शुरू के 12 मैचों में सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (467 रन) देर से रंग में आने के बाद एक शतक और दो अर्धशतक, कप्तान ऋषभ पंत (251 रन), निकोलस पूरन (216 रन), आयुष बडोनी (8 मैच, 172 रन), मुकुल चौधरी (9 मैच, 169 रन), जोश इंग्लिस (3 मैच, 134 रन) ने एक-एक अर्धशतक जड़ा जबकि एडन मार्करम (231 रन) को अभी भी इस सीजन के पहले अर्धशतक का इंतजार है। हिम्मत सिंह (6 मैच, 92 रन), अब्दुल समद (6 मैच, 79 रन), शाहबाज अहमद (4 मैच, 58 रन), अंगकृष रघुवंशी (3 मैच, 29 रन) की बल्ले से नाकामी लखनऊ सुपर जायंट्स की इस सीजन में नाकामी का एक बड़ा कारण है।

मार्श, कप्तान ऋषभ पंत, पूरन, इंग्लिस और मार्करम को मौजूदा सीजन में राजस्थान रॉयल्स के शुरू के 12 मैचों में उसके तुरुप के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर (17 विकेट), ब्रजेश शर्मा (9 मैच, 11 विकेट) व नंद्रे बर्गर (10 मैच, 9 विकेट) जैसे तेज गेंदबाजों की त्रिमूर्ति के साथ बड़े दिल वाले लेग स्पिनर रवि बिश्नोई (9 मैच, 11 विकेट) व बाएं हाथ के स्पिनर रवींद्र जडेजा (11 मैच, 8 विकेट) से चौकस रहना होगा। राजस्थान रॉयल्स के पास तुषार देशपांडे (6 मैच, 4 विकेट), स्विंग के उस्ताद संदीप शर्मा (5 मैच, 5 विकेट) व दासुन शनाका (3 मैच, 1 विकेट) के रूप में अच्छे विकल्प हैं लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि वह इन तीनों में से क्या किसी एक को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ उतारेगी?

यदि क्वालीफाई नहीं कर पाए तो यह सिर्फ हमारी गलती होगी : पराग

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कहा, ‘हमारी फील्डिंग बेहद ढीली रही और मैं अपनी टीम की दिल्ली कैपिटल्स के हाथों दिल्ली में हार से बेहद निराश हूँ। मेरा मानना है कि आप यदि ट्रॉफी जीतना चाहते हैं और अगर आप इसकी होड़ में बने रहना चाहते हैं तो आपको दिल्ली के खिलाफ रविवार के प्रदर्शन से बेहतर प्रदर्शन की दरकार थी। पिछले चार-पांच मैचों में जैसा प्रदर्शन हमारी टीम ने किया है, हमारी टीम उससे बेशक कहीं बेहतर टीम है। ब्रेक के बाद वापसी पर हमारी टीम ने ऊर्जा, कौशल व योजना को अमली जामा पहनाने के लिहाज से उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया। हम यदि इसी तरह खेलते रहे तो फिर हमें शीर्ष चार की होड़ में नहीं होना चाहिए। मैं इस बात से इत्तेफाक नहीं रखता कि ऑफ स्पिनर डोनावॉन फरेरा से 18वां ओवर कराना जुआ था क्योंकि तब क्रीज पर दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल सहित दो बाएं हाथ के बल्लेबाज थे। हम बल्लेबाजी करते हुए 14वें ओवर तक बढ़िया स्थिति में थे। मेरे आउट होने के बावजूद हमें 210 रन तक बनाने चाहिए थे। हमारी गेंदबाजी भी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही। हमारे पास मौका था लेकिन हम इसे भुनाने में नाकाम रहे। हम यदि प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए तो यह किसी और की नहीं सिर्फ हमारी गलती होगी।’

जरूरत से ज्यादा सोचना महंगा पड़ा : ऋषभ पंत

लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, ‘चेन्नई सुपर किंग्स पर जीत एक अच्छा अहसास है। बेशक हमारी टीम प्लेऑफ की होड़ से बाहर हो चुकी है। बावजूद इसके अपनी टीम की चेन्नई पर जीत बहुत फख्र की बात है। अपने इस सीजन के पहले ही मैच में तीन विकेट चटकाने वाले तेज गेंदबाज आकाश सिंह बहुत मेहनत कर रहे थे। कई बार हर गेंदबाज को मौका देना मुश्किल हो जाता है। आकाश ऐसे गेंदबाज हैं, जो कि अपनी योजना पर काबिज रहते हैं और यह कारगर रहा। साथ ही सलामी जोड़ी की अच्छी भागीदारी को देख खुशी हुई। हमारे लिए चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरना कारगर रहा। मैं कहूंगा कि हमारी टीम शानदार है। हमें जरूरत से ज्यादा सोचना महंगा पड़ा। मैं भी बल्लेबाजी करने के लिए तैयार था। फिर जेहन में आया कि उन खिलाड़ियों को क्यों न आजमाया जाए, जिन्हें इस सीजन में बहुत ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिला।’

मंगलवार का मैच : राजस्थान रॉयल्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स (शाम साढ़े सात बजे से, जयपुर)।

YuvaSahakar Desk