नई दिल्ली, 30 अप्रैल, 2026: वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की तूफानी सलामी जोड़ी के दमदार प्रदर्शन और डॉनोवान फरेरा के तूफानी अर्द्धशतक के बूते राजस्थान रॉयल्स मेजबान पंजाब किंग्स के न्यू चंडीगढ़ में 222 रन के पहाड़ जैसे स्कोर को आईपीएल 2026 में पार कर नौ मैचों में छठी जीत के साथ कुल 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। गनीमत यह है कि ई-सिगरेट पीने का वीडियो जारी होने और अपनी गलती मान अपनी 25 फीसदी मैच फीस कटा कर राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच खेलने के प्रतिबंध से बच गए हैं।
राजस्थान रॉयल्स की निगाहें बेशक अपनी पिछली लगातार तीन हार से पस्त अक्षर पटेल की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स पर शुक्रवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में जीत के साथ प्ले-ऑफ में स्थान बनाने पर टिकी हैं। दिल्ली कैपिटल्स आठ मैचों में महज तीन जीत और पांच हार के साथ मात्र छह अंक ले सातवें स्थान पर है।
दिल्ली कैपिटल्स अपने घरेलू अरुण जेटली स्टेडियम में जिस तरह आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (3/5) और मैन ऑफ द मैच जोश हेजलवुड (4/12) के खिलाफ मैच में 16.2 ओवर में मात्र 75 रन पर ढेर हो अपना मैच 9 विकेट से हारी, उससे बुरी तरह पस्त है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए इस हार को बुरे सपने की तरह भुला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पूरी ताकत जीत में झोंकनी होगी। दिल्ली कैपिटल्स के सामने लगातार चौथी और नौ मैचों में छठी हार से बचने की मुश्किल चुनौती है। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क उसे राजस्थान के खिलाफ उपलब्ध होंगे।
राजस्थान रॉयल्स के 15 बरस के वैभव सूर्यवंशी अपने जिस बिंदास अंदाज में गेंदबाज नहीं गेंद को देखकर बल्ले से धूम-धड़ाका कर अपने सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल के साथ मिल कर जिस आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे, उसके दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों के लिए वैभव सूर्यवंशी पर लगाम लगाना सबसे कड़ी चुनौती साबित होने वाला है। फिलहाल वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए 9 मैचों में एक शतक और दो अर्द्धशतक सहित आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज 400 रन बनाए हैं और उनकी निगाहें अब 26 रन और बना अभिषेक शर्मा (425 रन) को पीछे छोड़ मौजूदा संस्करण में सबसे ज्यादा रन बना ऑरेंज कैप अपने सिर सजाने की होगी।
वैभव (400) और तीन अर्द्धशतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल (306 रन) 9 मैचों के बाद मिलकर मौजूदा संस्करण में सबसे ज्यादा 706 रन बनाने वाली सलामी जोड़ी है। साथ ही तीन अर्द्धशतक जड़ने वाले ध्रुव जुरैल (248 रन), दो अर्द्धशतक जड़ने वाले डॉनोवॉन फरेरा (8 मैच, 162 रन) तथा रवींद्र जडेजा (125 रन) के रूप में मजबूत बल्लेबाजी है। दिल्ली कैपिटल्स के लिए आठ मैचों में कप्तान बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल, लेग स्पिनर कुलदीप यादव, तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी ने सात-सात विकेट और तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने सात मैचों में पांच तथा टी नटराजन ने 8 मैचों में चार, लेग स्पिनर विपराज निगम ने चार मैचों में दो विकेट चटकाए हैं।
दिल्ली कैपिटल्स को जीत की राह पर लौटना है तो उसे वैभव और यशस्वी की सलामी जोड़ी को सस्ते में आउट करना होगा। दिल्ली कैपिटल्स के लिए केएल राहुल (358 रन) ने एक शतक और दो अर्द्धशतक के साथ सबसे ज्यादा रन बनाए हैं जबकि समीर रिजवी (207 रन) और ट्रिस्टन स्टब्स (201 रन) ने तथा नीतीश राणा (169 रन) ने दो-दो अर्द्धशतक जड़े हैं, जबकि पथुम निसंका (147 रन) व डेविड मिलर (123 रन) को पहले अर्द्धशतक की तलाश है। दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजों के लिए राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर (14 विकेट), नेंड्रे बर्गर (9 विकेट), ब्रजेश शर्मा (6 मैच, 7 विकेट), यशराज पंजा (2 मैच, 3 विकेट) और लेग स्पिनर रवि बिश्नोई (11 विकेट) से पार पाना बड़ी चुनौती होगा।
जरूरत हर दिन चौकस रह बढ़िया प्रदर्शन करने की: अक्षर पटेल
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, ‘मैं अभी भी समझ नहीं पा रहा हूं आखिर क्या हुआ। इसीलिए कहते हैं क्रिकेट में आपको हर वक्त पूरी तरह चौकस रहना पड़ता है। क्रिकेट में बेशक अनिश्चितताएं हमेशा बनी रहेंगी। मसलन हमने वह कैच लपक लिया होता अथवा वह रन दौड़ जाते तो, यह सब तो क्रिकेट में होता ही रहेगा। बजाय यह सोचने के कि यह क्या हो गया अथवा यह आगे क्या होगा, आपको हर दिन पूरी तरह चौकस रह निरंतर बढ़िया प्रदर्शन करने की जरूरत होती है। आप चाहे सकारात्मक रहें अथवा नकारात्मक आपको खेलना तो होगा ही। बस हमारे लिए आरसीबी के खिलाफ मैच एक बुरी रात थी। जब हम बल्लेबाजी कर रहे थे, उससे गेंदबाजों को जो मूवमेंट मिला उससे मैं हैरान नहीं था। आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड विश्वस्तरीय गेंदबाज हैं। हमारे सलामी बल्लेबाज और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे नीतीश राणा यदि शुरू के एक-दो ओवर खेल जाते तो कहानी और हो सकती थी।‘
योजना 40 ओवर अच्छी क्रिकेट खेलने की थी: पराग
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कहा, ’हम पंजाब किंग्स को कम स्कोर पर रोक सकते थे लेकिन हमारे बल्लेबाजों ने बढ़िया बल्लेबाजी कर इसकी भरपाई कर दी। हम कुछ ओवर में बेहतर गेंदबाजी कर सकते थे और कुछ और बेहतर बल्लेबाजी कर सकते थे। हमारी योजना 40 ओवर अच्छी क्रिकेट खेलने की थी। जब मध्यक्रम नहीं चलता तो शीर्षक्रम को रंग दिखाने की जरूरत होती है। जब शीर्षक्रम के बल्लेबाज नहीं चलते अथवा धीमा खेलते तो फिर हमें मध्यक्रम के बल्लेबाजों को जिम्मेदारी दिखाने की जरूरत होती है। यह सब चिंताएं बाहर से थीं हमारी ओर से नहीं। योजना थी विकेट बचाए रखने और रन रेट से कदमताल करने की थी, लेकिन जायसवाल और सूर्यवंशी ने हमारा काम आसान कर दिया। पावरप्ले के बाद हम कुछ धीमे पड़ गए लेकिन फिर हमने लय पा ली। दुबे और फरेरा ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी कर पंजाब किंग्स से मैच छीन लिया।’
शुक्रवार का मैच: राजस्थान रॉयल्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स (शाम साढ़े सात बजे से, जयपुर)
राजस्थान के कप्तान पराग पर ई-सिगरेट पीने पर जुर्माना
राजस्थान रॉयल्स की इस जीत का मजा उसके कप्तान रियान पराग को ड्रेसिंग रूम के भीतर वेप (प्रतिबंधित ई-सिगरेट) का इस्तेमाल करते हुए पकड़े जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर जारी होने पर किरकिरा हो गया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने उनकी मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना लगाया और एक डिमेरिट अंक दिया। उन्हें आचार संहिता के अनुच्छेद 2.21 का उल्लंघन करते हुए पाया गया है, जो ऐसे आचरण से संबंधित है जिससे खेल की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचती है। बीसीसीआई ने बृहस्पतिवार को एक बयान जारी कर कहा कि पराग को आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.21 का उल्लंघन करते हुए पाया गया है। पराग ने अपना जुर्म कबूल कर मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा दी गई सजा को मान लिया है। बीसीसीआई ने कहा कि वह आईपीएल की प्रतिष्ठा को बनाए रखने के लिए अब दोषी टीम, उसके अधिकारियों और क्रिकेटरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू करने के लिए अन्य विकल्पों पर विचार कर रही है।


