उत्तर प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया तेज हो गई है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के ई-अधियाचन पोर्टल पर कुल 21,252 रिक्त पदों का विवरण अपलोड कर दिया है। इनमें प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक यानी टीजीटी के 17,740 पद और प्रवक्ता तथा संलग्न प्राइमरी सहायक अध्यापकों के कुल 3,512 पद शामिल हैं।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रवक्ता यानी पीजीटी के 2,615 पद और प्राइमरी सहायक अध्यापकों के 987 पद पोर्टल पर दर्ज किए गए हैं। इससे पहले प्रदेश के 4,512 सहायता प्राप्त विद्यालयों में प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक के 2,643 रिक्त पदों का अधियाचन भी अपलोड किया जा चुका है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल ने अधियाचन अपलोड किए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत हो चुकी है।
अब शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा टीजीटी, पीजीटी और अन्य शिक्षकीय पदों के लिए विस्तृत भर्तीप्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है। अधिसूचना जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को योग्यता, आयु सीमा, आवेदन तिथि, परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया की जानकारी मिलेगी।
इधर, प्रधानाध्यापक का कार्यभार संभाल रहे याचिकाकर्ता सहायक अध्यापकों को भी राहत दी गई है। पात्र शिक्षकों को याचिका दाखिल करने की तारीख से अधिकतम तीन वर्ष तक प्रधानाध्यापक पद का बकाया वेतन एरियर के रूप में दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित बीएसए शिक्षक के अनुभव, कार्यभार और प्रार्थना पत्र की तथ्यात्मक जांच करेंगे।


