Trending News

मौसम: देश में आज से शुरू हुआ नौतपा, अगले 9 दिन और ज्यादा रहेगी गर्मी, हीटवेव और तापमान भी बढ़ेगा, विशेषज्ञों ने दी शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखने वाली चीजों का सेवन करने की सलाह पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी, 2.61 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ पेट्रोल, डीजल की कीमतों में 2.71 रुपए की बढ़ोत्तरी असम विधानसभा में यूनिफॉर्म सिविल कोड बिल पेश, लिव इन रजिस्ट्रेशन होगा अनिवार्य, बहु विवाह पर पूरी तरह रोक राष्ट्रपति भवन में आज होगी पद्म अवॉर्ड सेरेमनी, 66 हस्तियां होंगी सम्मानित, 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मौसम: देश में आज से शुरू हुआ नौतपा, अगले 9 दिन और ज्यादा रहेगी गर्मी, हीटवेव और तापमान भी बढ़ेगा, विशेषज्ञों ने दी शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखने वाली चीजों का सेवन करने की सलाह पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी, 2.61 रुपए प्रति लीटर महंगा हुआ पेट्रोल, डीजल की कीमतों में 2.71 रुपए की बढ़ोत्तरी असम विधानसभा में यूनिफॉर्म सिविल कोड बिल पेश, लिव इन रजिस्ट्रेशन होगा अनिवार्य, बहु विवाह पर पूरी तरह रोक राष्ट्रपति भवन में आज होगी पद्म अवॉर्ड सेरेमनी, 66 हस्तियां होंगी सम्मानित, 2 पद्म विभूषण, 6 पद्म भूषण और 58 पद्म श्री पुरस्कार प्रदान करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

वैभव सूर्यवंशी के बूते राजस्थान ने लगाई इलिमिनेटर में हैदराबाद से पार पाने की आस

आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में बुधवार को न्यू चंडीगढ़ में राजस्थान रॉयल्स का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। राजस्थान की उम्मीदें 15 वर्षीय 'वंडर किड' वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी पर टिकी हैं, जबकि हैदराबाद की टीम अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड और हेनरिक क्लासेन की आक्रामक बल्लेबाजी के दम पर क्वालिफायर 2 में जगह बनाने के इरादे से उतरेगी।

Published: 17:55pm, 26 May 2026

नई दिल्ली, 26 मई, 2026: 15 बरस के ‘वंडर किड’ वैभव सूर्यवंशी के आईपीएल 2026 धमाल में राजस्थान रॉयल्स के लिए बल्ले के धमाल की गूंज भारत की सरहदें पार कर अब दुनिया भर में सुनाई दे रही है। वैभव की बेखौफ नैसर्गिक बल्लेबाजी का लोहा अब दुनिया का हर दिग्गज क्रिकेटर मान रहा है। विलक्षण वैभव सूर्यवंशी के बूते राजस्थान रॉयल्स लीग की समाप्ति पर तीसरे स्थान पर रही सनराइजर्स हैदराबाद को न्यू चंडीगढ़ में बुधवार को आईपीएल 2026 एलिमिनेटर में हराकर क्वालिफायर 2 में स्थान बना फाइनल की होड़ में बने रहने की आस लगाए है।

वैभव सूर्यवंशी ने 2026 आईपीएल में भी बल्ले से धमाल जारी रखते हुए एक शतक और तीन अर्धशतक जड़कर राजस्थान रॉयल्स को मौजूदा संस्करण में लीग में चौथा स्थान दिलाने और एलिमिनेटर में पहुँचाने में अहम भूमिका निभाई। सनराइजर्स हैदराबाद ने मौजूदा सीजन में जयपुर में वैभव के तूफानी शतक के बावजूद राजस्थान रॉयल्स से दोनों मैचों सहित आईपीएल में उससे अपने पिछले सभी पांच मैच जीते हैं। राजस्थान रॉयल्स के सामने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ लगातार पांच हार के क्रम को तोड़ने की चुनौती है। अपने-अपने पिछले दोनों मैच जीतने वाली राजस्थान और हैदराबाद की टीमों को क्वालिफायर 2 में स्थान बनाने के लिए जीत की हैट्रिक लगानी जरूरी होगी। सनराइजर्स हैदराबाद सभी 14 लीग मैच खेल आरसीबी और गुजरात टाइटंस की तरह नौ-नौ जीत और पांच-पांच हार के साथ समान रूप से 18 अंक पाए लेकिन नेट रन रेट में इन दोनों से पिछड़कर तीसरे स्थान पर रही।

बुधवार को एलिमिनेटर का नतीजा मौजूदा आईपीएल में लीग की समाप्ति पर दो सबसे कामयाब सलामी जोड़ियों- राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी (583 रन) व यशस्वी जायसवाल (397 रन) व सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा (563 रन) व ट्रेविस हेड (393 रन) द्वारा बुधवार को अपनी-अपनी टीम को दिलाई जाने वाली शुरुआत पर निर्भर करेगा। राजस्थान रॉयल्स ने मौजूदा सीजन में शुरू में जीत का ‘चौका’ लगाकर आगाज किया लेकिन फिर संभलकर प्ले-ऑफ में पहुँचने वाली टीम बनी।

राजस्थान रॉयल्स की मौजूदा सीजन के अभियान में कामयाबी का सबब उसके लिए शतक जड़ने वाले इकलौते वैभव सूर्यवंशी और तीन अर्धशतक जड़ने वाले यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी के साथ तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी कर पांच अर्धशतक जड़ने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल (458 रन) हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए हालांकि कप्तान रियान पराग (272 रन) व डोनावोन फरेरा (267 रन) ने भी दो-दो अर्धशतक जड़े हैं लेकिन बल्लेबाजी इकाई के रूप में प्रदर्शन न कर पाना उसकी बड़ी कमजोरी साबित हुआ है। खासतौर पर कप्तान रियान पराग का ई-सिगरेट विवाद में फँसने के बाद इसके लिए माफी मांगना और टुकड़ों-टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन करना राजस्थान रॉयल्स की लीग चरण की सबसे कमजोर कड़ी साबित हुआ है।

सनराइजर्स हैदराबाद की गेंदबाजी का दारोमदार उसके शुरू के 14 मैचों के सबसे कामयाब तेज गेंदबाज इशान मलिंगा (19 विकेट), साकिब हुसैन (10 मैच, 15 विकेट), प्रफुल्ल हिंगे (6 मैच, 11 विकेट), पैट कमिंस (7 मैच, 8 विकेट) जैसे तेज गेंदबाजों की चौकड़ी है और इन सभी के साथ बाएं हाथ के स्पिनर शिवांग शर्मा (12 मैच, 8 विकेट) व हर्ष दुबे (8 मैच, 8 विकेट) पर रहेगा। राजस्थान रॉयल्स के वैभव व यशस्वी की सलामी जोड़ी को हैदराबाद के ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज पैट कमिंस व श्रीलंका के इशान मलिंगा से शुरू और आखिर के पावरप्ले में चौकस रहना होगा।

मौजूदा आईपीएल के दूसरे हिस्से में नियमित कप्तान तेज गेंदबाज पैट कमिंस के जुड़ने से गेंदबाजी में जरूरी संतुलन मिल गया है। एक शतक व चार अर्धशतक जड़ने वाले अभिषेक शर्मा और दो अर्धशतक जड़ने वाले ट्रेविस हेड की सलामी जोड़ी के साथ छह-छह अर्धशतक जड़ने वाले इशान किशन (569 रन) और बेहतरीन फिनिशर हेनरिक क्लासेन (606 रन) मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने में शामिल उसके तीन बल्लेबाज हैं। एक अर्धशतक जड़ने वाले नीतीश रेड्डी (13 मैच, 264 रन) हैदराबाद के लिए सही वक्त पर अच्छी पारी खेल उसके संकटमोचक साबित हुए हैं।

राजस्थान रॉयल्स के लिए शुरू के 14 मैचों में धार के साथ रफ्तार दिखाने के बावजूद उसके रफ्तार के सौदागर जोफ्रा आर्चर (21 विकेट) सबसे कामयाब गेंदबाज रहे हैं लेकिन उन्हें खासतौर पर पावरप्ले में दूसरे छोर से दबाव बनाने के लिए दमदार साथी तेज गेंदबाज की कमी अखर रही है। हालांकि ब्रजेश शर्मा (13 मैच, 11 विकेट), नैंड्रे बर्गर (11 विकेट), संदीप शर्मा (6 मैच, 5 विकेट) की कमी उसे इस सीजन में बराबर अखर रही है। बतौर लेग स्पिनर रवि बिश्नोई (11 विकेट), यशराज पांजा (6 मैच, 8 विकेट) और रवींद्र जडेजा (12 मैच, 8 विकेट) भी राजस्थान रॉयल्स के लिए सही समय पर विकेट चटकाने के लिए जूझते नजर आए हैं और यही उसे एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ भारी पड़ सकता है।

हमारे खिलाड़ी न्यू चंडीगढ़ की पिच से वाकिफ हैं : कमिंस

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने मौजूदा चैंपियन आरसीबी पर अंतिम लीग मैच में दमदार जीत पर कहा, ‘हमारा आरसीबी के खिलाफ 255 रन तक पहुँचना खासा प्रभावी था। मेरा मानना है कि हमारे बल्लेबाजों ने बहुत बढ़िया बल्लेबाजी की। आरसीबी ने हमारे बड़े स्कोर तक पहुँचने की कोशिश जरूर की लेकिन हम उसके खिलाफ अलग रणनीति बना बड़े अंतर से जीतने में कामयाब रहे। हमारे गेंदबाजों ने वाकई धारदार गेंदबाजी की है। मैंने अपनी सनराइजर्स हैदराबाद टीम के साथी गेंदबाजों से बहुत कुछ सीखा। इशान मलिंगा हमारे रंग में चल रहे गेंदबाज हैं और उनकी गेंदबाजी में खासी विविधता है। साथ ही हमारे पास साकिब हुसैन जैसा बढ़िया तेज गेंदबाज भी है और हर कप्तान ऐसे ही धारदार गेंदबाजी आक्रमण की आस करता है। हमें एलिमिनेटर में न्यू चंडीगढ़ में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ना है और हमारे खिलाड़ी इसकी पिच से वाकिफ हैं।’

हमें अभी बहुत चीजें और बेहतर करने की जरूरत : पराग

नाकाम कप्तानी के बाद वापसी कर रहे राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने कहा, ‘मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत में काफी चीजें योजना के मुताबिक होने से खुश हूँ। बावजूद इसके हमें अभी बहुत सी चीजें और बेहतर करने की जरूरत हैं। मैं चाहता हूँ कि क्रीज पर जमे हमारे बल्लेबाज थोड़ा और लंबा खेलें क्योंकि हमें रनों की जरूरत है। हमें क्रीज पर एक साथ दो ऐसे बल्लेबाज नहीं चाहिए जो कि हर गेंद पर एक रन बनाएँ। मैंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ इसीलिए पहले बल्लेबाजी के लिए भेजा क्योंकि हमें तब तेजी से 20 रन की जरूरत थी, जो उन्होंने बनाए भी। मैंने मौजूदा आईपीएल में कई जोखिम भरे फैसले लिए और मेरी अपनी राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी का अंदाज यही है। मैंने सोचा कि आर्चर ही हार्दिक पांड्या को आउट कर सकते हैं और उन्होंने ऐसा करके भी दिखाया। मैं अक्सर मुश्किल घड़ी में अपने मन की सुनकर फैसले लेता हूँ। भले ही मैंने तेज गेंदबाज ब्रजेश शर्मा और स्पिनर पांजा की बहुत तारीफ नहीं की लेकिन पांजा का नेट बॉलर से टीम के मुख्य गेंदबाज के रूप में सफर और ब्रजेश ने गजब की गेंदबाजी की है। मैं बेशक फिट नहीं था और मुंबई और अगले मैच में नहीं खेला था। मैं अब सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बुधवार को एलिमिनेटर में जरूर खेलूँगा। जोफ्रा आर्चर और रवींद्र जडेजा हमारी राजस्थान टीम के मजबूत योद्धा हैं। हमें पहले ही प्ले-ऑफ के लिए क्वालीफाई कर लेना चाहिए था, खैर हम SRH को एलिमिनेटर में हराकर क्वालीफायर 2 खेलने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे।’

न्यू चंडीगढ़: राजस्थान रॉयल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद (शाम साढ़े सात बजे से)।

YuvaSahakar Desk