उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के तहत कार्यरत नेशनल टेस्ट हाउस (एनटीएच) ने सीनियर और जूनियर यंग प्रोफेशनल के कुल 36 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। यह भर्ती इंजीनियरिंग, केमिस्ट्री, माइक्रोबायोलॉजी, आईटी, एयरोस्पेस, ड्रोन और मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों के योग्य उम्मीदवारों के लिए सुनहरा अवसर है। आधिकारिक विज्ञापन 11 सितंबर 2026 को जारी हुआ था, जबकि 15 सितंबर को शुद्धिपत्र प्रकाशित किया गया। आवेदन की अंतिम तिथि 25 सितंबर 2026 निर्धारित है।
नेशनल टेस्ट हाउस केंद्र सरकार का प्रमुख परीक्षण एवं गुणवत्ता मूल्यांकन संस्थान है, जो विभिन्न कच्चे और तैयार उत्पादों की टेस्टिंग, कैलिब्रेशन और तकनीकी मानकों के अनुरूप उनकी जांच करता है। इसकी शाखाएं गाजियाबाद, कोलकाता, मुंबई, चेन्नई, जयपुर, गुवाहाटी, वाराणसी, बेंगलुरु और औरंगाबाद सहित कई शहरों में स्थित हैं।
भर्ती के तहत सीनियर यंग प्रोफेशनल के पदों के लिए अधिकतम आयु 38 वर्ष और जूनियर यंग प्रोफेशनल के लिए 35 वर्ष तय की गई है। सीनियर पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को 70 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलेगा, जबकि जूनियर पदों पर 40 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाएंगे। कार्यकाल एक वर्ष का होगा, जिसे प्रदर्शन के आधार पर अधिकतम चार वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। अवधि बढ़ने पर हर वर्ष पांच हजार रुपये की वृद्धि का भी प्रावधान है।
सीनियर स्तर पर टेक्निकल आरपीपीटी, माइक्रोबायोलॉजी, इलेक्ट्रिकल, सिविल और मैनेजमेंट के पद उपलब्ध हैं। मैनेजमेंट पदों के लिए एमबीए या पीजीडीएम तथा तीन वर्ष का अनुभव आवश्यक है। वहीं टेक्निकल पदों के लिए संबंधित विषय में बीई, बीटेक या एमएससी के साथ तीन वर्ष का अनुभव मांगा गया है।
जूनियर स्तर पर केमिकल, मैकेनिकल, सिविल, इलेक्ट्रिकल, माइक्रोबायोलॉजी, आरपीपीटी, आईटी, एयरोस्पेस और ड्रोन से जुड़े पद शामिल हैं। अधिकांश पदों के लिए संबंधित विषय में बीई, बीटेक, एमटेक, एमसीए या एमएससी के साथ कम से कम एक वर्ष का अनुभव अनिवार्य है।
इस भर्ती की आवेदन प्रक्रिया सामान्य ऑनलाइन फॉर्म से अलग है। उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन में दिए गए निर्धारित प्रारूप में आवेदन भरकर आवश्यक दस्तावेज और नवीनतम सीवी के साथ संबंधित एनटीएच शाखा के निर्धारित ईमेल पते पर भेजना होगा। आवेदन करने से पहले नवीनतम विज्ञापन और शुद्धिपत्र में दी गई पात्रता तथा ईमेल संबंधी जानकारी का मिलान करना आवश्यक है।


