केंद्रीय सहकारी समितियों के पंजीयक कार्यालय (CRCS), सहकारिता मंत्रालय ने मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसायटीज (MSCSs)की वित्तीय जांच और निगरानी को मजबूत करने के लिए चार यंग प्रोफेशनल (फाइनेंस) पदों पर संविदा आधार पर आवेदन आमंत्रित किए हैं।
इन पेशेवरों की मुख्य जिम्मेदारी MSCS की ऑडिटेड वित्तीय विवरणियों और निरीक्षण रिपोर्टों की जांच करना होगी। वे यह भी देखेंगे कि संबंधित सहकारी समितियां लेखा मानकों और मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसायटीज एक्ट, 2002 के वैधानिक प्रावधानों का पालन कर रही हैं या नहीं।
अधिसूचना के अनुसार, ICAI, ICMAI और ICSI के सदस्य आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा फाइनेंस में MBA रखने वाले उम्मीदवार भी पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 70,000 रुपये प्रतिमाह का समेकित पारिश्रमिक मिलेगा। नियुक्ति प्रारंभिक रूप से एक वर्ष के लिए होगी, जिसे प्रदर्शन के आधार पर एक वर्ष और बढ़ाया जा सकता है। अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष है और कम से कम एक वर्ष का पोस्ट-क्वालिफिकेशन अनुभव जरूरी है।
यंग प्रोफेशनल्स वैधानिक ऑडिटरों द्वारा उठाई गई आपत्तियों और टिप्पणियों की समीक्षा करेंगे। वे निरीक्षण रिपोर्टों का वित्तीय विवरणियों से मिलान कर सहकारी समितियों की वित्तीय स्थिति और टिकाऊपन का आकलन भी करेंगे। इसके साथ वित्तीय अनियमितताओं, जोखिमों या कुप्रबंधन की पहचान कर सुधारात्मक उपाय सुझाना भी उनकी भूमिका का हिस्सा होगा। यह पहल CRCS कार्यालय में मल्टी-स्टेट सहकारी समितियों की वित्तीय जांच, जवाबदेही और पर्यवेक्षण व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


