मेडिकल की पढ़ाई पूरी कर चुके युवाओं के लिए बिहार के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में नौकरी पाने का अच्छा अवसर है। बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (BCECEB) ने स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत सीनियर रेजिडेंट ट्यूटर के कुल 575 पदों पर भर्ती निकाली है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 23 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने करीब 1.15 लाख रुपये वेतन दिया जाएगा।
10 मेडिकल विभागों में होगी भर्ती
इस भर्ती के माध्यम से राज्य के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में अलग-अलग विभागों के रिक्त पद भरे जाएंगे। रेडियोथेरेपी विभाग में 72, रेडियोलॉजी में 68, ट्यूबरकुलोसिस एंड चेस्ट डिजीज में 68, साइकियाट्री में 58, फिजियोलॉजी में 57, एनाटॉमी में 56, डर्मेटोलॉजी में 56, फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन में 55, प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन में 52 और जेरियाट्रिक्स विभाग में 33 पद निर्धारित किए गए हैं। इस तरह कुल 575 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
2 नवंबर से शुरू होंगे आवेदन
BCECEB की ओर से जारी भर्ती कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 से शुरू होगी। उम्मीदवार 23 नवंबर 2026 को रात 10 बजे तक आवेदन फॉर्म जमा कर सकेंगे। वहीं, आवेदन शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 23 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे तक निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र में सुधार के लिए 24 नवंबर 2026 को रात 11:59 बजे तक का समय दिया गया है।
37 वर्ष है अधिकतम आयु सीमा
इस भर्ती में सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु सीमा 37 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को बिहार सरकार के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले अपनी श्रेणी के अनुसार आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता की जानकारी भर्ती के आधिकारिक प्रॉस्पेक्टस में जांच लेनी चाहिए।
हर महीने मिलेगा 1.15 लाख रुपये वेतन
सीनियर रेजिडेंट और ट्यूटर के पदों पर चयनित उम्मीदवारों को हर महीने करीब 1,15,000 रुपये वेतन दिया जाएगा। इन पदों पर नियुक्ति की अवधि तीन साल निर्धारित की गई है। मेडिकल क्षेत्र में अनुभव प्राप्त करने और सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में काम करने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर है।
कैसे करें आवेदन?
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को BCECEB की आधिकारिक वेबसाइट bceceboard.bihar.gov.in पर जाना होगा। होमपेज पर सीनियर रेजिडेंट और ट्यूटर भर्ती से संबंधित लिंक पर क्लिक करके न्यू रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद प्राप्त रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरना होगा। इसमें व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी दर्ज करने के साथ जरूरी दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने होंगे। फॉर्म का प्रीव्यू जांचने के बाद 2,250 रुपये आवेदन शुल्क और लागू प्रोसेसिंग चार्ज जमा करके आवेदन सबमिट करना होगा। अंत में कन्फर्मेशन पेज और शुल्क की रसीद डाउनलोड करके सुरक्षित रख लें।


