नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने NEET PG 2026 के टेस्ट सिटी की जानकारी को लेकर महत्वपूर्ण स्पष्टीकरण जारी किया है। बोर्ड ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण कुछ अभ्यर्थियों को SMS के माध्यम से गलत टेस्ट सिटी की जानकारी भेज दी गई थी।
NBEMS के अनुसार प्रभावित उम्मीदवारों को अब सही आवंटित टेस्ट सिटी की जानकारी SMS और ईमेल के जरिए भेज दी गई है। इसके अलावा सभी उम्मीदवारों के Applicant Portal पर भी सही टेस्ट सिटी का विवरण उपलब्ध करा दिया गया है।
बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे टेस्ट सिटी से संबंधित जानकारी के लिए केवल Applicant Portal पर उपलब्ध विवरण को ही मान्य मानें। साथ ही परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक संचार पर ही भरोसा करने को कहा गया है।
फर्जी वेबसाइट और अफवाहों से रहें सावधान
NBEMS ने उम्मीदवारों को फर्जी वेबसाइटों और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली गलत सूचनाओं से सावधान रहने की सलाह दी है। बोर्ड ने कहा कि उम्मीदवार हमेशा NBEMS की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और किसी भी अपडेट के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइटों का इस्तेमाल करें।
11 अगस्त को जारी हुई थी टेस्ट-सिटी स्लिप
NEET PG 2026 की टेस्ट-सिटी इंटिमेशन स्लिप 11 अगस्त 2026 को जारी की गई थी। इस स्लिप के जरिए उम्मीदवारों को परीक्षा के लिए आवंटित शहर की जानकारी दी गई है। टेस्ट-सिटी इंटिमेशन स्लिप एडमिट कार्ड जारी होने से पहले उपलब्ध कराई जाती है और इसमें उम्मीदवार के आवंटित परीक्षा शहर की जानकारी होती है।
30 अगस्त को होगी NEET PG 2026 परीक्षा
NEET PG 2026 परीक्षा 30 अगस्त 2026 को देशभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के रूप में आयोजित की जाएगी। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि परीक्षा से पहले अपने Applicant Portal पर लॉगिन करके टेस्ट सिटी की सही जानकारी जरूर जांच लें।


