इफको (IFFCO) ने आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज, अयोध्या के साथ संतुलित उर्वरक उपयोग को बढ़ावा देने और पारंपरिक रासायनिक उर्वरकों के विकल्पों को प्रोत्साहित करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह समझौता विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह की पहल पर हुआ। इसका उद्देश्य एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन के माध्यम से रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करना है। इसमें नैनो उर्वरक, जैव उर्वरक और सूक्ष्म पोषक तत्वों को शामिल किया गया है।
एमओयू पर इफको, लखनऊ के उप महाप्रबंधक (विपणन) डॉ. एस.के. सिंह और विश्वविद्यालय के प्रसार निदेशक डॉ. आर.बी. सिंह ने हस्ताक्षर किए।
पहले चरण में प्रत्येक फसल सीजन के दौरान चयनित 10 कृषि विज्ञान केंद्रों (केवीके) और 100 किसानों के खेतों पर प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही किसानों को वैकल्पिक उर्वरकों के लाभ, उनके उपयोग की विधियों और प्रभावी प्रयोग के संबंध में नियमित प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारी डॉ. जसवंत सिंह, डॉ. रुद्र प्रताप सिंह, डॉ. सुशांत श्रीवास्तव और डॉ. भूपेंद्र सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इस पहल का उद्देश्य कृषि अनुसंधान और सहकारी क्षेत्र के बीच सहयोग को मजबूत करना तथा टिकाऊ एवं पर्यावरण के अनुकूल कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देना है। साथ ही किसानों को उर्वरकों के आधुनिक विकल्पों के प्रति जागरूक करना भी इसका लक्ष्य है।


