मॉनसून की विदाई से पहले देश के कई हिस्सों में एक बार फिर बारिश का दौर तेज हो गया है। उत्तर प्रदेश और बिहार से लेकर उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर तक मौसम ने करवट ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को कई राज्यों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश से 25 से ज्यादा जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। पिछले दो दिनों में आंधी-बारिश से 63 लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है। गंगा समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। IMD ने कानपुर, प्रयागराज, अयोध्या, उन्नाव, कन्नौज, बस्ती और लखनऊ समेत 46 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। राज्य में अगले तीन दिनों तक बारिश जारी रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर रोक
उत्तराखंड में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण चारधाम यात्रा पर रोक लगा दी गई है। कैलाश मार्ग समेत करीब 86 सड़कें बंद हैं। चमोली, नैनीताल और पिथौरागढ़ में पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। उत्तरकाशी में ताजा बर्फबारी के बाद कुछ पर्यटकों और पर्वतारोहियों के फंसे होने की सूचना है। प्रशासन की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
दिल्ली-NCR में बदला मौसम
दिल्ली-NCR में भी सोमवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। तापमान में गिरावट के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है।
इसके साथ ही मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, विदर्भ समेत कई राज्यों में अगले 72 घंटे बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण नमी वाली हवाएं मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रही हैं। इससे बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए मॉनसून की विदाई सामान्य समय से आगे खिसक सकती है और बारिश का दौर अक्टूबर की शुरुआत तक जारी रहने की संभावना है।


