Trending News

अमेरिका-ईरान जंग खत्म करने पर बनी सहमति, 19 जून को समझौते पर होगा दस्तखत, होर्मुज फिर खुलेगा लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे नए आर्मी चीफ, 30 जून से पदभार संभालेंगे 100% एथेनॉल से चलेंगी गाड़ियां, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी जेवर एयरपोर्ट से यात्री उड़ानों का आगाज, लखनऊ से पहुंची पहली फ्लाइट का हुआ भव्य स्वागत टीएमसी के बागी सांसदों का नया ठिकाना, सीधे 20 सांसदों वाली पार्टी बनी NCPI अमेरिका-ईरान जंग खत्म करने पर बनी सहमति, 19 जून को समझौते पर होगा दस्तखत, होर्मुज फिर खुलेगा लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे नए आर्मी चीफ, 30 जून से पदभार संभालेंगे 100% एथेनॉल से चलेंगी गाड़ियां, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी जेवर एयरपोर्ट से यात्री उड़ानों का आगाज, लखनऊ से पहुंची पहली फ्लाइट का हुआ भव्य स्वागत टीएमसी के बागी सांसदों का नया ठिकाना, सीधे 20 सांसदों वाली पार्टी बनी NCPI

मोहित के शूटआउट में तीन बचावों से भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हरा पहली जीत दर्ज की

एच एच मोहित के शानदार प्रदर्शन और शूटआउट में तीन निर्णायक बचावों की बदौलत भारत ने एफआईएच प्रो हॉकी लीग 2025-26 के होबार्ट चरण में ऑस्ट्रेलिया को 3-1 से हराकर लगातार सात हार के बाद पहली जीत दर्ज की।

Published: 10:55am, 26 Feb 2026

गोलरक्षक एच एच मोहित के शूटआउट में तीन बेहतरीन बचावों की बदौलत भारत ने मेजबान ऑस्ट्रेलिया को निर्धारित समय में एक-एक की बराबरी पर रोकने के बाद पुरुष एफआईएच प्रो हॉकी लीग 2025-26 के होबार्ट चरण के चौथे व आखिरी रिटर्न मैच में बुधवार को 3-1 से हरा कर बोनस अंक के साथ लगातार सात हार के बाद पहली जीत दर्ज की।

भारत ने पिछड़ने के बाद निर्धारित समय में एक-एक की बराबरी पाई थी। भारत 0-2 की बढ़त लेने के बाद ऑस्ट्रेलिया से पहला मैच शूटआउट में 3-4 से और मंगलवार को स्पेन के खिलाफ 1-0 की बढ़त को आखिरी मिनट में गंवा कर एक-एक से बराबरी पर रुकने के बाद उससे शूटआउट में 3-4 से हार गया था। भारत ने राउरकेला चरण में चारों और होबार्ट चरण में शुरू के तीन मैच हारने के बाद आठ मैचों में पहली जीत दर्ज की।

ड्रैग फ्लिकर जेरमी हेवर्ड ने पेनल्टी कॉर्नर पर चौथे व आखिरी क्वॉर्टर के चौथे मिनट में गोल कर ऑस्ट्रेलिया का खाता खोला। शिलानंद लाकरा ने तीन मिनट बाद बॉबी पुवन्ना से मिले पास पर डी के भीतर पहुंच कर धैर्य दिखाते हुए ऑस्ट्रेलिया के गोलरक्षक को छका कर गोल कर भारत को एक-एक की बराबरी दिला दी। भारत ने एक-एक की बराबरी के बाद निर्धारित समय में गोल कर जीत दर्ज करने की पूरी कोशिश की लेकिन गोल न कर पाया और मैच शूटआउट में खिंच गया।

भारत के गोलरक्षक मोहित ने शूटआउट से पहले निर्धारित समय में भी ऑस्ट्रेलिया के कई हमले नाकाम किए। भारत को 11वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन अमनदीप लाकरा के ड्रैग फ्लिक को ऑस्ट्रेलिया के रशर ने रोक लिया। अगले ही मिनट अभिषेक बाएं से गेंद को लेकर डी में पहुंचने के बाद चूक गए।

अभिषेक के पास पर 16वें मिनट में मनिंदर के शॉट को ऑस्ट्रेलिया के गोलरक्षक ने रोका। 25वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारत के गोलरक्षक सूरज करकेरा ने बेहतरीन बचाव किया। भारत को तीसरे क्वॉर्टर के तीसरे मिनट में मैच का दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन अरिजीत हुंडल के फ्लिक को ऑस्ट्रेलिया के गोलरक्षक ने रोक दिया। अमित रोहिदास के पास पर अरिजीत हुंडल गोल करने से चूके। ऑस्ट्रेलिया को 42वें और 45वें मिनट में लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन इस पर जोएल रिंटाला के ड्रैग फ्लिक को भारत के गोलरक्षक मोहित ने रोक दिया।

शूटआउट में पहले प्रयास में ऑस्ट्रेलिया के टिम ब्रैंड के प्रयास को भारत के गोलरक्षक मोहित ने मुस्तैदी दिखा कर उन्हें गोल करने से रोक दिया। शिलानंद लाकरा ने पहले प्रयास में ऑस्ट्रेलिया के गोलरक्षक एशले थॉमस को छका कर गोल कर भारत को 1-0 कर दिया। लियाम एंडरसन के दूसरे प्रयास को भी भारत के गोलरक्षक मोहित ने रोक कर बेकार कर दिया। मनिंदर सिंह ने दूसरे प्रयास में शानदार स्पिन से ऑस्ट्रेलिया के गोलरक्षक एशले थॉमस को गच्चा देकर गोल कर भारत को 2-0 से आगे कर दिया।

ऑस्ट्रेलिया के कूपर बर्न्स के तीसरे प्रयास को भी भारत के गोलरक्षक मोहित ने रोक कर नाकाम कर दिया। भारत के अभिषेक तीसरे प्रयास पर गेंद को गोलस्तंभ के ऊपर से बाहर मार बैठे। विलॉट की गेंद को लेकर डी में मोहित को छकाने की कोशिश के दौरान दोनों में कहासुनी भी हुई और ऑस्ट्रेलिया को मिले पेनल्टी स्ट्रोक को जेरमी हेवर्ड ने गोल में बदल कर स्कोर 1-2 कर दिया। विष्णुकांत ने चौथे प्रयास पर ऑस्ट्रेलिया के गोलरक्षक एशले थॉमस को छका कर गोल कर भारत को 3-1 से शूटआउट में जीत दिला दी।

YuvaSahakar Desk