तेलंगाना पुलिस में 7,112 पदों पर निकली बंपर भर्ती, 12वीं पास कर सकेंगे आवेदन

इन पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (इंटरमीडिएट) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है

Published: 15:51pm, 30 Jul 2026

तेलंगाना राज्य स्तरीय पुलिस भर्ती बोर्ड (TGSLPRB) ने पुलिस विभाग में 7,112 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत एससीटी पुलिस कांस्टेबल (सिविल), एआर, स्पेशल प्रोटेक्शन फोर्स, फायर फाइटर, वार्डर (पुरुष एवं महिला) सहित विभिन्न वर्दीधारी सेवाओं के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

भर्ती की अधिसूचना 29 जुलाई 2026 को जारी की गई है। इच्छुक एवं पात्र उम्मीदवार भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

पदों का विवरण

भर्ती अभियान के तहत एससीटी पुलिस कांस्टेबल (सिविल) के 3,697 पद, एससीटी पुलिस कांस्टेबल (एआर) के 1,052 पद, एससीटी पुलिस कांस्टेबल (SAR CPL) के 24 पद, तेलंगाना स्पेशल प्रोटेक्शन फोर्स के 1,380 पद, फायर फाइटर के 751 पद, वार्डर (पुरुष) के 196 पद और वार्डर (महिला) के 12 पदों पर भर्ती की जाएगी। सभी पदों के लिए वेतनमान 24,280 रुपये से 72,850 रुपये प्रतिमाह निर्धारित किया गया है।

शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा

इन पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (इंटरमीडिएट) या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। उच्च शैक्षणिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी भी आवेदन के पात्र होंगे। वहीं, फायर फाइटर पद के लिए उम्मीदवार के पास वैध लाइट मोटर व्हीकल (LMV) ड्राइविंग लाइसेंस होना आवश्यक है।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 22 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।

ऐसे करें आवेदन

उम्मीदवार सबसे पहले TGSLPRB की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट पर जाएं और तेलगांना पुलिस भर्ती 2026 के आवेदन लिंक पर क्लिक करें। नए अभ्यर्थी पहले रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन आईडी प्राप्त करें। इसके बाद आवेदन फॉर्म में व्यक्तिगत एवं शैक्षणिक जानकारी भरें, आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें। सभी विवरण जांचने के बाद आवेदन शुल्क (यदि लागू हो) का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।

YuvaSahakar Desk