नई दिल्ली, 19 मई, 2025: सलामी बल्लेबाज फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी और कैमरून ग्रीन के देर से ही सही रंग में लौटने से गुजरात टाइटंस के खिलाफ पिछले मैच में जड़े अर्धशतकों से उसके खिलाफ बड़े स्कोर वाले मैच में अपने घर में मिली 29 रन से जीत से उत्साहित कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) पहले ही प्ले-ऑफ की होड़ से बाहर हो चुकी मेहमान मुंबई इंडियंस को भी 2026 आईपीएल में बुधवार को कोलकाता में रिटर्न मैच में हरा उससे इस सीजन के पहले मैच में मिली छह विकेट से हार का हिसाब चुकता करने उतरेगी।
केकेआर, एलन, रघुवंशी और ग्रीन के साथ अपने कप्तान अजिंक्य रहाणे से मुंबई इंडियंस के खिलाफ भी बड़ी पारी की आस करेगा। केकेआर के फिलहाल 12 मैचों में पांच जीत और पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच कोलकाता में बारिश के चलते बेनतीजा अधूरा खत्म होने और छह हार के साथ 11 अंक हैं और वह आठवें स्थान पर है। केकेआर मौजूदा सीजन का आखिरी लीग मैच कोलकाता में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेलेगी। ऐसे में केकेआर के लिए प्ले-ऑफ की मामूली उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए मुंबई इंडियंस के साथ मौजूदा संस्करण का दिल्ली कैपिटल्स से कोलकाता में 70वां व आखिरी लीग मैच भी जीतना जरूरी है।
मुंबई इंडियंस ने केकेआर को मौजूदा सीजन के पहले ही मैच में वानखेड़े स्टेडियम में छह विकेट से हराया था। मुंबई इंडियंस ने केकेआर से पिछले पांच में दोनों आखिरी मैचों सहित तीन मैच जीते हैं और ऐसे में बुधवार को वह अपना दबदबा जारी रखने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी। तिलक वर्मा के सूझबूझ भरे अर्धशतक और शार्दुल ठाकुर की धारदार गेंदबाजी से मुंबई इंडियंस ने पंजाब किंग्स को अपने पिछले मैच में नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या और उपकप्तान के अलग-अलग कारणों से उपलब्ध न रहने के बावजूद एक गेंद के बाकी रहते छह विकेट से हराया था और इससे उसके हौसले बुलंद हैं।
केकेआर के पास जरा सी भी ढील की गुंजाइश नहीं है। 12 मैचों में आठ हार और महज चार जीत के साथ मुंबई इंडियंस कुल आठ अंकों के साथ नौवें स्थान पर है। मुंबई इंडियंस के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज तिलक वर्मा, रेयन रिकल्टन के साथ रोहित शर्मा देर से ही सही लेकिन अब रंग में आ चुके हैं और वह अपनी टीम को जिताने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।
केकेआर के लिए शुरू के 12 मैचों में नौजवान बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी (422 रन) ने सबसे ज्यादा पांच अर्धशतक और कैमरून ग्रीन (316 रन), रिंकू सिंह (286 रन) ने दो-दो, कप्तान रहाणे (261 रन) ने एक अर्धशतक जड़ा जबकि फिन एलन (9 मैच, 321 रन) एक शतक और एक अर्धशतक बनाकर रन बनाने में दूसरे स्थान पर हैं।
रमनदीप (8 मैच, 82 रन), टिम सीफर्ट (3 मैच, 19 रन) का रनों के लिए जूझना जरूर चिंता का सबब है। केकेआर के शीर्षक्रम को मुंबई इंडियंस के मिस्ट्री स्पिनर अल्लाह मोहम्मद गजनफर (9 मैच, 13 विकेट), तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर (8 मैच, 10 विकेट) से खासतौर पर चौकस रहने की जरूरत है। अपने तुरुप के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का शुरू के 12 मैचों में विकेट के लिए जूझना और मात्र तीन विकेट चटकाना मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी चिंता है। मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज दीपक चाहर (6 मैच, 5 विकेट) व हार्दिक पंड्या (8 मैच, 4 विकेट) का विकेट चटकाने के लिए जूझना जरूर मुंबई इंडियंस की बड़ी चिंता है।
मुंबई इंडियंस के लिए शुरू के 12 मैचों में तिलक वर्मा (336 रन) और रेयन रिकल्टन (10 मैच, 430 रन) ने एक-एक शतक व दो-दो अर्धशतक, नमन धीर (312 रन) और रोहित शर्मा (7 मैच, 268 रन) ने दो-दो अर्धशतक, सूर्य कुमार यादव (11 मैच, 195 रन) ने एक अर्धशतक और क्विंटन डी कॉक (3 मैच, 132 रन) ने एक शतक जड़ा है। फिलहाल चोट के चलते बाहर नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या (8 मैच, 146 रन) के रनों के लिए जूझने से मुंबई इंडियंस का बल्लेबाजी संतुलन ही गड़बड़ाता दिख रहा है।
केकेआर के लिए शुरू के 12 मैचों में इस सीजन में बदले गेंदबाजी एक्शन से गेंदबाजी करने वाले सबसे कामयाब नौजवान तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी (16 विकेट) ने रफ्तार के साथ धार भी दिखाई है। केकेआर के मिस्ट्री स्पिनर सुनील नारायण (11 मैच, 13 विकेट), बाएं हाथ के स्पिनर अनुकूल राय (12 मैच, 8 विकेट) ने बेहतर दिशा व नियंत्रण से गेंदबाजी की है।
गेंदबाजों ने योजना को अमली जामा पहनाया: बुमराह
सदाबहार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने नियमित कप्तान हार्दिक पंड्या व उपकप्तान सूर्य कुमार यादव की गैरमौजूदगी में अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को पंजाब किंग्स पर उसके दूसरे घरेलू मैदान धर्मशाला में एक गेंद के बाकी रहते छह विकेट से जीत दिलाई। जसप्रीत बुमराह ने कहा, ‘हमारी मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स, दोनों ने कुछ अच्छी क्रिकेट खेली। पंजाब किंग्स के बढ़िया आगाज के बाद हमने मैच में अच्छी वापसी की। आखिर में गेंदबाजी करना और मुश्किल हो गया था क्योंकि पिच कुछ सूख गई थी। पिछले मैच में धर्मशाला की पिच पर कुछ ज्यादा तेजी दिखी थी। जब हम गेंदबाजी कर रहे थे तो गेंद कुछ रुक कर आने के साथ कुछ नीची भी रह रही थी। अपनी लेंथ पकड़ कर गेंदबाजी करने की जरूरत थी। आप यदि धर्मशाला में बहुत शॉर्ट अथवा बहुत फुल गेंदबाजी करते हैं तो गेंद खासी उछाल लेती है। मैं अपने गेंदबाजों की तारीफ करूँगा कि उन्होंने योजना को अमली जामा पहनाया और धैर्य भी बनाए रखा। तिलक वर्मा की पारी और शार्दुल ठाकुर की गेंदबाजी मैच का निर्णायक मोड़ साबित हुई। तिलक पारी के अंत में धैर्य बनाए रख कर मुंबई को जिताकर ही मैदान से लौटे। हमारी पंजाब पर जीत में हर किसी ने योगदान किया। जहां तक मुंबई इंडियंस की कप्तानी की बात है तो मैं बस यह कहूँगा कि इस जिम्मेदारी का मैंने लाभ उठाया।’
जीत का श्रेय इन सभी गेंदबाजों को भी: रहाणे
केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, ‘मैं अपने कोलकाता के मैदान पर प्ले-ऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी गुजरात टाइटंस पर 29 रन से जीत से खुश हूँ। फिन एलन ने गजब की पारी खेली। हमारी तैयारियां हमेशा ही शानदार थीं। हम आपस में एक समय बस एक मैच की बाबत सोच रहे थे। हमारे बल्लेबाजों ने अपनी ताकत पर भरोसा किया। कुल मिलाकर हमारे गेंदबाजों ने भी एक इकाई के रूप में बढ़िया गेंदबाजी की। बात बस अपने गेंदबाजों पर भरोसा करने की थी। जब भी आप घरेलू क्रिकेट में बढ़िया प्रदर्शन करते हैं तो आप उससे मिले आत्मविश्वास को साथ ले आगे बढ़ते हैं। दुबे विदर्भ लीग में बढ़िया गेंदबाजी कर रहे थे। जीत का श्रेय इन सभी गेंदबाजों को भी जाता है। बात बस भरोसे और आत्मविश्वास की है। सुनील नारायण ने बढ़िया गेंदबाजी कर मेरा काम आसान कर दिया।’


