JSSC इंटरमीडिएट भर्ती 2026: 326 पदों पर आवेदन शुरू

भर्ती परीक्षा दो चरणों प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा में आयोजित होगी

Published: 11:23am, 26 Jun 2026

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (JISCCE) 2026 के तहत 326 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 19 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 20 अगस्त मध्यरात्रि तक निर्धारित की गई है। वहीं, 21 से 23 अगस्त तक नाम, जन्मतिथि, ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर को छोड़कर अन्य विवरणों में संशोधन किया जा सकेगा।

इस भर्ती के माध्यम से स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के 137, बहुद्देश्यीय कार्यकर्ता के 62, मत्स्य तकनीकी सहायक के 41, कीट संग्रहकर्ता के 32, कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक के 27 तथा वेटरिनरी सहायक/चिकित्सा सहायक के 27 पदों सहित कुल 326 रिक्तियां भरी जाएंगी।

भर्ती परीक्षा दो चरणों प्रारंभिक और मुख्य परीक्षा में आयोजित होगी। हालांकि यदि आवेदन 50 हजार से कम प्राप्त होते हैं तो आयोग प्रारंभिक परीक्षा नहीं कराने का निर्णय ले सकता है। परीक्षा कंप्यूटर आधारित (CBT) होगी। प्रारंभिक परीक्षा में 120 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, प्रत्येक सही उत्तर पर 3 अंक मिलेंगे, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग होगी।

आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र सावधानीपूर्वक भरने और अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है।

YuvaSahakar Desk