पश्चिम एशिया में जारी भीषण युद्ध के बीच ईरान की सत्ता में बड़ा बदलाव हुआ है। 28 फरवरी 2026 को इजरायल और अमेरिका के हमलों में अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन के बाद ईरान ने उनके बेटे मोजतबा खामनेई को देश का नया और तीसरा सुप्रीम लीडर चुन लिया है। 56 वर्षीय मोजतबा खामनेई को ईरान की असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने मौजूदा युद्ध संकट के बीच देश में राजनीतिक और सैन्य स्थिरता बनाए रखने के लिए इस पद पर नियुक्त किया है।
10 दिनों में जंग ने ली हजारों जान
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध ने कुछ ही दिनों में कई देशों को अपनी चपेट में ले लिया है। पिछले 10 दिनों में लगातार हमलों और जवाबी कार्रवाई में हजारों लोग मारे गए हैं और कई हजार घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा असर ईरान और लेबनान में देखा गया है, जबकि खाड़ी और आसपास के कई देशों में भी मौत और घायलों की खबरें सामने आई हैं।
ईरान में सबसे ज्यादा नुकसान
युद्ध में अब तक ईरान को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। यहां 1332 लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग घायल बताए जा रहे हैं। लगातार हमलों और सैन्य कार्रवाई के कारण हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं।
अमेरिका और इजरायल में भी हताहत
अमेरिका के 8 सैनिकों की मौत हुई है, जबकि 18 लोग घायल हुए हैं। वहीं इजरायल में 13 लोगों की मौत हो चुकी है और 2000 से ज्यादा लोग घायल बताए गए हैं।
अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी से जारी इस युद्ध में दोनों देशों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। शुरुआती दिनों में ईरान के हमलों से अमेरिकी रक्षा व्यवस्था को बड़ा झटका लगा। जंग के पहले चार दिनों में ही ईरान ने अमेरिका की करीब 2 अरब डॉलर (लगभग 16 हजार करोड़ रुपये) की रक्षा प्रणालियों को नुकसान पहुंचाया या उन्हें नष्ट कर दिया। इनमें अत्याधुनिक THAAD रक्षा प्रणाली, महंगे रडार सिस्टम और सैन्य संचार उपकरण शामिल बताए जा रहे हैं।
लेबनान में भारी तबाही
लेबनान में हालात बेहद गंभीर हैं। यहां 394 लोगों की मौत हो चुकी है और 1000 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। लगातार हमलों के कारण स्थिति और बिगड़ती जा रही है।
खाड़ी देशों में भी जंग का असर
युद्ध का असर कई खाड़ी देशों में भी देखने को मिल रहा है।
- कुवैत – 6 मौत, दर्जनों घायल
- बहरीन – 1 मौत, 40 घायल
- कतर – 16 घायल
- संयुक्त अरब अमीरात – 4 मौत, 112 घायल
- ओमान – 1 मौत, 5 घायल
- सऊदी अरब – 2 मौत, 12 घायल
इराक और जॉर्डन में भी नुकसान
इराक में 6 लोगों की मौत हुई है और कई लोग घायल हुए हैं। वहीं जॉर्डन में 14 लोगों के घायल होने की खबर है। साइप्रस में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


