लखनऊ को जीत की राह पर लौटना है तो शीर्ष क्रम को दिखाना होगा दम
शमी में है आरसीबी के शीर्ष क्रम को सस्ते में आउट करने का दम
नई दिल्ली, 14 अप्रैल, 2026: सदाबहार विराट कोहली की अपने अंदाज में सूझबूझ भरी बल्लेबाजी, कप्तान रजत पाटीदार व देवदत्त पडिक्कल के दो-दो और टिम डेविड के एक तूफानी अर्धशतक की बदौलत आईपीएल 2026 में चार में तीन मैच जीतकर तीसरे स्थान पर चल रही मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) अब अपने ‘किले’ बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को हरा कर शीर्ष पर पहुँचने के मकसद से उतरेगी।
आरसीबी की बल्लेबाजी कितने रंग में है, इसका अंदाज इस बात से लगाया जा सकता है कि उसने राजस्थान रॉयल्स से उसके दूसरे घर गुवाहाटी में इकलौता मैच छह विकेट से हारने के बावजूद चारों मैच में 200 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं। आरसीबी ने लखनऊ सुपर जायंट्स से पिछले पांच मैचों में से तीन जीते हैं। सच तो यह है कि आरसीबी और लखनऊ के बीच एक टीम एक मैच जीतती है तो दूसरे मैच में दूसरी टीम। ऐसे में आरसीबी और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की अगुआई वाली लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच बुधवार को रोचक मुकाबले की आस की जा सकती है। बेशक अब तक मिचेल मार्श और निकोलस पूरन के साथ एडेन मार्करम जैसे उसके विदेशी बल्लेबाजों का बल्ला सोया नजर आ रहा, लेकिन यदि इन तीनों में कोई दो भी रंग में लौट आए तो फिर लखनऊ सुपर जायंट्स बेशक बड़ा स्कोर खड़ा करने के साथ इसे पार करने का भी दम रखती है।
लखनऊ सुपर जायंट्स को गुजरात टाइटंस के हाथों पिछले मैच में अपने घर में सात विकेट से हार के बाद यदि जीत की राह पर लौटना है, तो उसके शीर्ष क्रम में खासतौर पर मिचेल मार्श व एडेन मार्करम की सलामी जोड़ी, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाले कप्तान ऋषभ पंत, नौजवान आयुष बडोनी और बल्लेबाजी की नई सनसनी मुकुल चौधरी को आरसीबी के खिलाफ बल्ले से दमदार प्रदर्शन करना होगा।
लखनऊ सुपर जायंट्स के शीर्ष क्रम को आरसीबी के जैकब डफी (छह विकेट), सदाबहार स्विंग गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और रोमारियो शेफर्ड (तीन विकेट) जैसे तेज गेंदबाजों की त्रिमूर्ति के साथ बराबर नए प्रयोग करने वाले बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पांड्या (पांच विकेट) और बड़े दिल वाले लेग स्पिनर सुयश शर्मा (चार विकेट) से चौकस रहना होगा।
मुकुल चौधरी (कुल 88 रन) ने कोलकाता में अकेले अपने दम पर मात्र 27 गेंदों पर सात छक्कों व दो चौकों की मदद से 54 रन की पारी खेल कर लखनऊ सुपर जायंट्स को केकेआर के खिलाफ अंतिम गेंद पर छक्का जड़ कर जिस तरह तीन विकेट से जिताया, ऐसे में उन्हें व आयुष बडोनी (कुल 75 रन) के साथ कप्तान ऋषभ पंत (कुल 103 रन) की तरह एक-एक अर्धशतक जड़ चुके और सलामी बल्लेबाज एडेन मार्करम (108 रन) को अपनी टीम को आरसीबी के खिलाफ तेज शुरुआत दिलानी होगी। शुरू के चारों मैच में नाकाम रहे सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श (कुल 75 रन), अब्दुल समद (कुल 72 रन) और निकोलस पूरन (कुल 41 रन) का मात्र एक बार दहाई के अंक में पहुँचना लखनऊ सुपर जायंट्स की बड़ी चिंता है।
कप्तान रजत पाटीदार (कुल 195 रन) आरसीबी के लिए रन बनाने में सबसे आगे और विराट कोहली (179 रन) दूसरे, टिम डेविड (133 रन) तीसरे, फिल साल्ट (कुल 132 रन) चौथे व देवदत्त पडिक्कल (125 रन) पांचवें नंबर पर चल रहे हैं। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार को अब तक स्पिनरों के खिलाफ मजबूत माना जाता था लेकिन मौजूदा आईपीएल में जिस अंदाज में उन्होंने तेज गेंदबाजों को निशाना बना उनकी बखिया उधेड़ी है, उससे वह पिछले सीजन की बजाय मौजूदा सीजन में कहीं ज्यादा खतरनाक बल्लेबाज नजर आ रहे हैं।
लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खासतौर पर तेज गेंदबाज प्रिंस यादव (6 विकेट), मोहम्मद शमी (4 विकेट) व आवेश खान (तीन विकेट), मिस्ट्री स्पिनर दिग्वेश राठी (3 विकेट), बाएं हाथ के फिंगर स्पिनर मणिमारन सिद्धार्थ (2 विकेट) के साथ कामचलाऊ ऑफ स्पिनर एडेन मार्करम जरूर आरसीबी के शीर्ष क्रम का इम्तिहान ले सकते हैं। मोहम्मद शमी अपने मूवमेंट के साथ खासतौर पर हाल ही में विकेट अपनी धीमी गेंद से जरूर विराट और फिल साल्ट ही नहीं, आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार को सस्ते में आउट कर पवेलियन लौटाने का दम रखते हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या लखनऊ सुपर जायंट्स आरसीबी के खिलाफ अपने अब फिट हो चुके रफ्तार के सौदागर मयंक यादव या सचिन तेंदुलकर के साहबजादे अर्जुन तेंदुलकर को मैच में उतार कर उसे चौंकाने के मूड में है।
मुझे तेज गेंदबाजी भी खेलना पसंद है: रजत पाटीदार
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, “मुंबई इंडियंस को उसके घर में बड़े स्कोर वाले मैच में 18 रन से हराना शानदार अहसास है। मुंबई आकर दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में खेलना रोमांचित कर देता है। हमारी टीम में हर खिलाड़ी की भूमिका साफ है। साल्ट और विराट कोहली ने आक्रामक अंदाज में मुंबई इंडियंस के खिलाफ आगाज कर अर्धशतक जड़े और इसके बाद यह जीत टीम प्रयास से मिली। हर कोई कहता है कि मैं स्पिन को बढ़िया खेलता हूँ लेकिन मुझे तेज गेंदबाजी खेलना भी पसंद है। मेरा मानना है विराट कोहली का टखना अब ठीक है।”
हमारे पास बेशक मजबूत बल्लेबाजी: ऋषभ पंत
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, “हमने अपने घर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ पर्याप्त रन नहीं बनाए। गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने बढ़िया गेंदबाजी की। लखनऊ की पिच पर 170-180 रन अच्छा स्कोर था। बदकिस्मती से हमारे विकेट गिरते गए और गुजरात टाइटंस ने हम पर खासा दबाव बनाया। हमें गुजरात टाइटंस के खिलाफ जो मौके मिले हम उन्हें भुना नहीं पाए। हमारे पास बेशक खासी मजबूत बल्लेबाजी है। रही बात निकोलस पूरन की तो मैं बस यही कहूँगा कि अभी तो टूर्नामेंट बस शुरू हुआ है। सीनियर खिलाड़ियों सहित हम किसी पर भी दबाव नहीं डाल रहे। हमारे सीनियर खिलाड़ी जानते हैं उन्हें क्या करना है। हमारे खेमे में भरोसा कायम है।”
मैं बस विकेट चटकाने की बाबत सोच रहा था: सुयश शर्मा
मुंबई इंडियंस के खिलाफ आरसीबी के लिए दबाव में बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले लेग स्पिनर सुयश शर्मा ने कहा, “मैं बस विकेट चटकाने की बाबत सोच रहा था। जब आपके खिलाफ टीम बड़े लक्ष्य का पीछा कर रही हो तो आपकी गेंदबाजी की पिटाई हो सकती है लेकिन मैं यह भी जानता था कि गेंद घूमेगी। मैं जानता था कि मैं विकेटों को निशाना बना कर जितनी गेंदबाजी करूँगा उतना लाभ की स्थिति में रहूँगा। यदि हमने मुंबई के खिलाफ कम रन बनाए होते तो मैं रन रोकने वाली गेंदबाजी कर सकता था। हमने अच्छा खासा स्कोर खड़ा किया था और इसीलिए हमने विकेट चटकाने की कोशिश की। तिलक वर्मा और रेयान रिकल्टन को गेंदबाजी करने की मेरी योजना की बात है तो मैं बल्ले और पैड के बीच से गेंद निकालना चाहता था। हमने जब भी मुंबई के बल्लेबाजों को स्ट्रोक लगाने का मौका दिया तो उन्होंने भुनाया। मैं बस विकेट को निशाना बना गेंदबाजी करना चाहता था।”
बुधवार का मैच: आरसीबी बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स (बेंगुलुरू, शाम साढ़े सात बजे से)।


