Trending News

अमेरिका-ईरान जंग खत्म करने पर बनी सहमति, 19 जून को समझौते पर होगा दस्तखत, होर्मुज फिर खुलेगा लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे नए आर्मी चीफ, 30 जून से पदभार संभालेंगे 100% एथेनॉल से चलेंगी गाड़ियां, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी जेवर एयरपोर्ट से यात्री उड़ानों का आगाज, लखनऊ से पहुंची पहली फ्लाइट का हुआ भव्य स्वागत टीएमसी के बागी सांसदों का नया ठिकाना, सीधे 20 सांसदों वाली पार्टी बनी NCPI अमेरिका-ईरान जंग खत्म करने पर बनी सहमति, 19 जून को समझौते पर होगा दस्तखत, होर्मुज फिर खुलेगा लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे नए आर्मी चीफ, 30 जून से पदभार संभालेंगे 100% एथेनॉल से चलेंगी गाड़ियां, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी जेवर एयरपोर्ट से यात्री उड़ानों का आगाज, लखनऊ से पहुंची पहली फ्लाइट का हुआ भव्य स्वागत टीएमसी के बागी सांसदों का नया ठिकाना, सीधे 20 सांसदों वाली पार्टी बनी NCPI

RCB और GT जीत की राह पर वापस लौटने के लिए होंगी आमने-सामने

आईपीएल 2026 के महत्वपूर्ण मुकाबले में शुक्रवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में भिड़ेंगे। रजत पाटीदार की आरसीबी अंक तालिका में तीसरे और शुभमन गिल की गुजरात छठे स्थान पर है। विराट कोहली और शुभमन गिल के बल्ले के बीच होने वाली इस जंग में दोनों टीमें अपनी पिछली हार को भुलाकर जीत की लय वापस पाने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

Published: 17:28pm, 23 Apr 2026

नई दिल्ली, 23 अप्रैल, 2026: अनुकरणीय खेल दिखा रहे रजत पाटीदार की अगुआई वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) और शुभमन गिल की कप्तानी में उतरने वाली गुजरात टाइटंस अपने-अपने पिछले मैच में मिली हार को भुलाकर आईपीएल 2026 में शुक्रवार को बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में फिर जीत की राह पर वापस लौटने के लिए आमने-सामने होंगी। आरसीबी फिलहाल छह मैचों में चार जीत और दो हार के साथ आठ अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। वही गुजरात टाइटंस छह मैचों में तीन जीत और तीन हार के साथ छठे स्थान पर है।

भारत के सर्वकालीन महान बल्लेबाजों में से एक आरसीबी के किंग विराट कोहली और नए युवराज गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में बेहद रोचक संघर्ष की उम्मीद है। दोनों टीमों के बीच पिछले पांच में से तीन मैच आरसीबी ने और दो गुजरात टाइटंस ने जीते हैं। आरसीबी की रीढ़ शुरू के छह मैचों में दो अर्द्धशतक जड़ चुके विराट कोहली (247 रन) और पांच मैचों में तीन अर्द्धशतक जड़ चुके शुभमन गिल (265 रन) की कोशिश बल्ले के दमदार प्रदर्शन कर गुजरात टाइटंस को फिर से जीत की राह पर लौटाने की होगी। आरसीबी के स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार में शुभमन गिल और जोस बटलर पर जरूरत से ज्यादा निर्भर गुजरात टाइटंस के शीर्ष क्रम को बिखेर उस पर शुरू में ही दबाव बनाने का दम है।

लंबे समय तक आरसीबी से खेल चुके लेकिन अब गुजरात टाइटंस के लिए खेल रहे मोहम्मद सिराज बेंगलुरू में अपनी टीम के तुरुप के इक्के साबित हो सकते हैं। 2024 में बेंगलुरू में मोहम्मद सिराज (2/29) ने गेंद से कमाल दिखा आरसीबी को गुजरात टाइटंस पर चार विकेट से जीत दिलाई थी। 2025 में गुजरात टाइटंस से जुड़ने पर सिराज (3/19) ने बेंगलुरू में गेंद से फिर कमाल दिखाकर आरसीबी के खिलाफ 8 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।

आरसीबी अपने घर में सनराइजर्स हैदराबाद पर छह विकेट से जीत से आगाज करने के बाद राजस्थान रॉयल्स से गुवाहाटी में करीबी मैच में छह विकेट से हार गई। आरसीबी ने इसके बाद लगातार दो मैच जीते लेकिन अपने छठे मैच में अंतिम पूर्व गेंद पर दिल्ली कैपिटल्स से छह विकेट से हार गई।

दिलचस्प बात यह है कि आरसीबी ने शुरू के चार में से तीन मैच उसने 200 से ज्यादा रन बनाने अथवा इसका पीछा कर जीते। वहीं लगातार दो हार से आगाज करने के बाद लगातार तीन मैच जीतने वाली गुजरात टाइटंस अपने घर अहमदाबाद में इस सीजन के छठे मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपनी मजबूत बल्लेबाजी के ताश के पत्तों की तरह मात्र 100 रन पर ढेर होने से जिस तरह मैच 99 रन से हारी, उस पर टीम के बल्लेबाजी कोच मैथ्यू हेडन ने अपनी टीम के बल्लेबाजों को खूब लताड़ लगाई थी। गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने ठीक ही कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि उनकी टीम जीत की लय वापस पाएगी।

शानदार बल्लेबाजी कर रहे विराट कोहली के साथ दो-दो अर्द्धशतक जड़ चुके कप्तान रजत पाटीदार (230 रन), फिल साल्ट (202 रन), देवदत्त पडीक्कल (153 रन), एक-एक अर्द्धशतक जड़ने वाले टिम डेविड (173 रन) के साथ आरसीबी का शीर्ष और मध्यक्रम रंग में है। आरसीबी की चिंता मध्यक्रम में विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा का छह मैचों में 23 रन के स्कोर के साथ छह मैचों में मात्र 52 रन बना पाना है।

गुजरात टाइटंस के लिए शुरू के छह मैचों में तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा (12 विकेट) विकेट चटकाने में शीर्ष पर चल रहे हैं, वहीं दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज कसिगो रबाडा (10 विकेट), मोहम्मद सिराज (छह विकेट) के साथ कप्तान अक्षर पटेल (छह विकेट) व लेग स्पिनर राशिद खान (छह विकेट) ने एक गेंदबाजी इकाई के रूप में धारदार गेंदबाजी कर दिखाया है कि उसमें विराट कोहली, फिल साल्ट, रजत पाटीदार और टिम डेविड जैसे मजबूत बल्लेबाजों से सज्जित आरसीबी के शीर्ष और मध्य क्रम को ध्वस्त करने का दम है।

गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी अपने कप्तान शुभमन गिल के साथ छह मैचों में दो अर्द्धशतक जड़ने वाले जोस बटलर (206 रन), एक-एक अर्द्धशतक जड़ने वाले वाशिंगटन सुंदर (137 रन) और साई सुदर्शन (135 रन) पर निर्भर है। ग्लेन फिलिप्स (67 रन) और राहुल तेवतिया (49 रन) का निचले क्रम में खासतौर पर आखिर के मारधाड़ वाले रनों के लिए जूझना गुजरात टाइटंस को अखर रहा है।

आरसीबी के लिए शुरू के छह मैचों में स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार (10 विकेट) जबकि तीन-तीन मैच खेलने वाले जैकब डफी (छह विकेट), रसिक सलाम शेख (5 विकेट) व फिट होकर वापसी करने वाले जोश हेजलवुड (3 विकेट) व अभिनंदन सिंह (तीन विकेट) ने जिस तरह शुरू के और आखिर के मारधाड़ वाले ओवरों में प्रतिद्वंद्वी टीम पर लगाम लगाई है, उसके चलते गुजरात टाइटंस के बल्लेबाजों को शुरू से आखिर तक जोश के साथ होश भी दिखाने की जरूरत है। आरसीबी के लिए बाएं हाथ के अनुभवी स्पिनर क्रुणाल पांड्या (आठ विकेट) व लेग स्पिनर सुयश शर्मा (5 मैच 4 विकेट) ने चतुराई से गेंदबाजी कर दिखाया कि उन्हें बीच के ओवरों में बल्लेबाजों पर लगाम लगाना खूब आता है।

गलतियों का मंथन कर उन्हें सुधारेंगे : रजत पाटीदार

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, ‘दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हमारा मैच बेहद करीबी रहा पर मेरा मानना है कि हमने 15-20 रन कम बनाए। हमने जिस तरह खासतौर पर विराट भाई और फिल साल्ट ने हमें शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद हम विकेट गंवाकर बैकफुट पर आ गए। चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच पर गेंद कुछ रुक कर आ रही थी लेकिन हमारे लिए सकारात्मक बात यह रही कि हारने के बावजूद मैच को आखिरी ओवर तक खींचा। मैं गेंदबाज से बस यही बात कर रहा था कि आप जो भी करें, उसमें स्पष्टता होनी चाहिए। आईपीएल लंबा टूर्नामेंट है पर हम अपनी गलतियों का मंथन कर उन्हें सुधारेंगे।’

उम्मीद है कि हम जीत की लय वापस पाएंगे: गिल

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ‘हमने बीच के ओवरों में मुंबई में बहुत रन बनाने दिए। अहमदाबाद जैसी पिच पर 160-170 रन का स्कोर एक अच्छा स्कोर था। हम थोड़ा लड़खड़ाए, अब हमें कुछ मैच बाहर खेलने हैं और इसलिए उम्मीद है कि हम जीत की लय वापस पाएंगे। मेरा मानना है कि अहमदाबाद में पिच कुछ धीमी थी। मुझे नहीं लगता कि हमारे गेंदबाजों ने सही जगह गेंदबाजी की। कुछ गेंद बल्ले पर बढ़िया ढंग से आ रही थीं, कुछ नहीं। हमारे गेंदबाजों ने बराबर सही लेंग्थ पर गेंदबाजी नहीं की। पिच पर ओस थी और हमारी बल्लेबाजी बेहतर हो सकती थी।’

शुक्रवार का मैच : आरसीबी बनाम गुजरात टाइटंस (बेंगलुरू, शाम साढ़े सात बजे से)।

YuvaSahakar Desk