– दिल्ली के सामने आरसीबी को हरा जीत की राह पर लौटने की चुनौती
– आरसीबी के विराट और दिल्ली के केएल राहुल पर रहेंगी निगाहें
नई दिल्ली, 17 अप्रैल, 2026: दुनिया और भारत के धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लगातार 19वें संस्करण में खेल रहे हैं और 272 मैचों और 264 पारियों में उनके नाम इसके इतिहास में सबसे ज्यादा आठ शतकों और 65 अर्धशतकों की बदौलत सबसे ज्यादा 8889 रन हैं। विराट कोहली 2026 आईपीएल में पांच मैचों में दो अर्धशतकों सहित सबसे ज्यादा 228 रन बना ऑरेंज कैप पर भी कब्जा जमाए हैं। विराट कोहली की बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत मौजूदा संस्करण में आरसीबी ने 5 में से जो चार मैच जीते हैं और इकलौता मैच हारा, उसमें उनके अर्धशतकों की बदौलत शुरू के चार मैचों में से तीन में 200 रन का आंकड़ा पार करना यह दर्शाता है कि शुरुआती चरण में टीम की बल्लेबाजी अब पूरी तरह रंगत पा चुकी है।
विराट कोहली ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ घुटने में चोट आने के बाद आईपीएल में 19 बरस में पहली बार इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतर कर लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 49 रन की पारी खेल पांच विकेट से जीत दिलाई कि वह अपनी आरसीबी टीम को लगातार दूसरी बार खिताब जिताने को बेताब हैं। विराट कोहली सहित अपने पूरे रंग में चल रही बल्लेबाजी की बदौलत मौजूदा चैंपियन आरसीबी अब मेहमान दिल्ली कैपिटल्स को शनिवार को अपने किले चिन्नास्वामी स्टेडियम में हरा कर लगातार तीसरी और छह मैचों में कुल पांचवीं जीत के साथ फिर शीर्ष पर पहुंचने उतरेगी। वहीं अक्षर पटेल की अगुआई में लगातार दो जीत के साथ शुरुआत करने के बाद अगले दो मैच हारने वाली दिल्ली कैपिटल्स के सामने आरसीबी को हरा लगातार जीत की राह पर वापस लौटने की चुनौती होगी।
दोनों टीमों के बीच पिछले पांच मैचों में तीन मैच भले ही आरसीबी ने और दो दिल्ली कैपिटल्स ने जीते हैं, लेकिन इन दोनों के बीच एक मैच एक टीम और दूसरा दूसरी टीम के जीतने का सिलसिला चल रहा है। इस लिहाज से इस बार जीतने की बारी दिल्ली कैपिटल्स की है। चिन्नास्वामी स्टेडियम, मूलतः बेंगलुरु के बाशिंदे लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे केएल राहुल और दिल्ली के मुंडे लेकिन बेंगलुरु को अपना दूसरा घर बना चुके आरसीबी के लिए खेलने वाले विराट कोहली के बल्ले से प्रदर्शन पर हर क्रिकेट प्रेमी की निगाहें रहेंगी।
दिल्ली कैपिटल्स को शुरू के दोनों मैचों में जीत उसके लिए आतिशी अर्धशतक जड़ने के बाद अगले दो मैचों में फुस्स रहे मेरठ के 22 वर्षीय समीर रिजवी (कुल 166 रन) के साथ ट्रिस्टन स्टब्स ने जोरदार भागीदारी कर दिलाई। दिल्ली कैपिटल्स के लिए पथुम निसंका (कुल 127 रन) के साथ केएल राहुल (कुल 111 रन) और ट्रिस्टन स्टब्स (कुल 109 रन) ने एक-एक अर्धशतक और डेविड मिलर (कुल 79 रन) ने टुकड़ों-टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया। उसकी बड़ी चिंता शीर्ष क्रम में तीन मैच खेलने वाले नीतीश राणा (कुल 20 रन) और कप्तान अक्षर पटेल का बल्ले से नाकाम रहना है।
अपनी मजबूत बल्लेबाजी की तरह ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड के फिट होकर टीम में वापसी करने और स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार, तेज गेंदबाज जैकब डफी के साथ अनुभवी बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पांड्या और लेग स्पिनर सुयश शर्मा के रूप में संतुलित गेंदबाजी इकाई की मौजूदगी में आरसीबी के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर खड़ा करने अथवा इसका पीछा करने में खासा पसीना बहाना होगा।
आरसीबी के लिए स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार ने शुरू के 5 मैचों में सात, बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पांड्या ने 7 विकेट, जैकब डफी ने 3 मैचों में 6 विकेट, रसिख सलाम शेख ने दो मैचों में पांच विकेट, सुयश शर्मा ने 4 मैचों में 4 विकेट, जोश हेजलवुड ने दो मैचों में तीन विकेट चटका यह दिखाया कि वे किसी भी टीम के खिलाफ मैच के किसी भी सत्र में विकेट चटकाने का दम रखते हैं।
आरसीबी के लिए शुरू के पांच मैचों में विराट कोहली (कुल 228 रन), कप्तान रजत पाटीदार (कुल 224 रन) और देवदत्त पडिक्कल ने दो-दो अर्धशतक तथा टिम डेविड (कुल 147 रन) ने जरूरत के वक्त तूफानी अर्धशतक जड़ बताया है कि आरसीबी के बल्लेबाज किसी भी गेंदबाजी आक्रमण का सामना करने के लिए तैयार हैं। बावजूद इसके आरसीबी के बल्लेबाजों को चतुर गेंदबाजी परिवर्तन, खास तौर पर अपनी धीमी गेंद से बल्लेबाजों को जाल में फंसाने वाले दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी (5 विकेट), मुकेश कुमार (चार विकेट), टी नटराजन (चार विकेट) जैसे तेज गेंदबाजों की चौकड़ी के साथ तीन-तीन विकेट चटकाने वाले बाएं हाथ के स्पिनर कप्तान अक्षर पटेल और कुलदीप यादव के साथ लेग स्पिनर विपराज निगम (1 विकेट) से चौकस रहने की जरूरत है।
कैच न टपकाए होते तो नतीजा कुछ और हो सकता था: अक्षर पटेल
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, ‘हमने चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ उसके घर चेन्नई में अच्छे आगाज के बाद पावरप्ले में जल्दी-जल्दी विकेट गंवा लय खो दी। इस मैच में क्षेत्ररक्षण बड़ा अंतर साबित हुआ। गुच्छों में विकेट गंवाने से हमारे लिए लय वापस पाना मुश्किल हो गया। हमारे बल्लेबाजों ने कुल मिलाकर अच्छी बल्लेबाजी की पर ढीला क्षेत्ररक्षण हमें भारी पड़ा। मैं अपने गेंदबाजों की तारीफ करना चाहूंगा कि एक बढ़िया पिच पर सीएसके के जमे हुए बल्लेबाजों के बावजूद उन्होंने उसे 222 रन पर रोक दिया। हमने यदि कुछ कैच न टपकाए होते तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था। जब हम बल्लेबाजी के लिए उतरे तब भी पिच का मिजाज नहीं बदला। बाद में गेंदबाजी करने में ओस के बावजूद सीएसके के गेंदबाजों ने खासी बढ़िया गेंदबाजी की।’
अभी हमें लंबा रास्ता तय करना है: रजत पाटीदार
आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, ‘हमारे गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की। हमारे बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पांड्या और लेग स्पिनर सुयश शर्मा ने बड़े जिगरे से गेंदबाजी की। भुवी जैसे अनुभवी गेंदबाज की मौजूदगी ने बतौर कप्तान मेरा काम और आसान कर दिया। हमारी आरसीबी की टीम ने अपने क्षेत्ररक्षण पर बहुत मेहनत की है। अभी हमें लंबा रास्ता तय करना है और हम इस समय केवल एक मैच की बाबत सोच रहे हैं।’
शनिवार का मैच: आरसीबी बनाम दिल्ली कैपिटल्स (बेंगलुरु, दोपहर बाद साढ़े तीन बजे से)।


