स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा की अपनी विस्फोटक सलामी जोड़ी के दम पर भारत अपनी जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए अब बांग्लादेश को भी दुबई में महिला एशिया कप टी20 क्रिकेट सेमीफाइनल में बृहस्पतिवार को हराने उतरेगा। दुबई की उमस में एशिया कप में रन बनाने के लिए बैटर को जूझना पड़ा है और भारत अकेली ऐसी टीम है जो कि अपनी उपकप्तान स्मृति मंधाना के इकलौते शतक से हांगकांग के खिलाफ 190 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही है।
दुबई की पिच स्पिनरों के लिए खासी मददगार दिखाई देती है और इस सेमीफाइनल के नतीजे में स्पिनर निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं। भारत की दिक्कत यह है कि चोट के चलते बाहर जेमिमा रॉड्रिग्ज की जगह तीसरे नंबर पर खेल रही प्रतीका रावल रनों के लिए मौजूदा टूर्नामेंट में जूझती नजर आई है। प्रतीका तीन पारियों में मात्र 36 रन ही बना पाई हैं। अब प्रतीका के लिए बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल जैसे अहम नाकआउट मैच में बल्ले ये कमाल दिखाने की बारी है।
भारत ने इंग्लैंड में टी 20 विश्व कप में बराबर बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करने के बाद एशिया कप में तीन मैचों में अपनी टीम में एक भी बदलाव नहीं किया है। वहीं बांग्लादेश ने अपनी 14 खिलाड़ियों का इस टूर्नामेंट में इस्तेमाल किया है। बांग्लादेश की स्विंग गेंदबाज मारूफा अख्तर ने अपनी स्विंग गेंदबाजी से एशिया कप में बैटर को खासा परेशान किया है और वह इस संस्करण में श्रीलंका की कप्तान चामरी अट्टापट्टू सहित सबसे ज्यादा विकेट चटका चुकी हैं। स्मृति मंधाना और शैफाली वर्मा की भारत की कामयाब सलामी जोड़ी के साथ प्रतीका रावल को मारूफा अख्तर के खिलाफ बल्ले से कमाल दिखाने की जरूरत है।
बांग्लादेश की महिला क्रिकेट टीम ने कोविड से पहले भारत को तीन बरस पहले एशिया कप में ही हराया था। अपनी गेंदबाजों के दम पर बांग्लादेश ने भारत को तीन बरस पहले सस्ते में रोक दिया था। भारत ने बांग्लादेश से तीन बरस पहले हारने से पूर्व उससे अपने पिछले आठ मैच जीते हैं। बांग्लादेश ने भारत को ही पहली बार हरा कर महिला एशिया कप क्रिकेट जीता था। भारत इसीलिए बांग्लादेश की टीम अब हल्के से नहीं ले सकता है। बांग्लादेश ने पिछले दो विश्व कपों में दमदार प्रर्दशन किया है।बांग्लादेश की टीम ने भारत के खिलाफ 2018 और 2023 के पिछले दो विश्व कप में खासा बढ़िया खेल दिखाया था। बांग्लादेश की टीम अपनी गेंदबाजी के सहारे से भारत को एशिया कप टी 20 सेमीफाइनल में पटकनी देने का सपना देख रही है। भारत की बल्लेबाजी अपने शीर्ष क्रम के दमदार प्रदर्शन के बावजूद इस टूर्नामेंट में कई बार बिखरी है। भारत ने थाईलैंड के खिलाफ 46 रन के भीतर आठ विकेट गंवा दिए थे। भारत का मध्यक्रम उसके लिए परेशानी का सबब बना हुआ है और इसी कारण वह टी 20 विश्व कप के नाकआउट में नाकाम हो गई थी। बांग्लादेश की टीम भारत की इसी खामी को भुनाने की कोशिश करेगी।
दुबई में इस टूर्नामेंट में अब तक हुए 12 मैचों में पहली बल्लेबाजी करने वाली टीम आठ बार जीती है। दुबई की गर्मी और उमस दोनों टीमों को खासा परेशान की सकती है। भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना दुबई में एशिया कप के दौरान ही दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में तीनों फॉर्मेट में कुल मिलाकर सबसे ज्यादा रन और शतक जड़ने वाली बैटर बन चुकी हैं और अब उन्हें टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बैटर बनने के लिए महज 69 रन की दरकार है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए अच्छी बात यह है कि उसकी स्पिनर इस बार महिला टी 20 एशिया कप में खासी कामयाब रही हें और उन्होंने कुल 21 विकेट चटकाए हैं। भारत के लिए बाएं हाथ की स्पिनर श्रीचारिणी ने टी 20 विश्व कप और एशिया कप में कु़ल मिला कर आठ मैचों में 21 विकेट चटकाए हैं।
बृहस्पतिवार : भारत वि बांग्लादेश (सेमीफाइनल, दुबई, भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से)।


