विस्फोटक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के आतिशी अर्द्धशतक और सदाबहार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की चोट के बाद कामयाब वापसी के साथ बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह द्वारा चटकाए तीन विकेट की बदौलत भारत ने ‘मेजबान’ अफगानिस्तान से तीन टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की क्रिकेट सीरीज का पहला मैच रविवार को सात विकेट से जीत 1-0 की बढ़त ले ली है। दिलचस्प बात यह है कि मौजूदा टी20 मैचों की सीरीज का मेजबान अफगानिस्तान है लेकिन तीनों मैच नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे हैं।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत की निगाहें अब अफगानिस्तान से मंगलवार को दूसरा टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच भी जीत कर सीरीज अपने नाम करने पर लगी हैं। वहीं अफगानिस्तान की कोशिश जीत के साथ सीरीज को तीसरे और आखिरी टी20 मैच तक खींचने की होगी। भारत की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह कतई आसान नहीं रहने वाला है। अफगानिस्तान की टीम भारत से उसके घर में इस साल इकलौता क्रिकेट टेस्ट और तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज पहले ही हार चुकी है। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम की निगाहें दरअसल अब आईची-नगोया(जापान) में इस महीने के आखिरी में होने वाले टी 20क्रिकेट टीम का स्वर्ण पदक जीतने पर लगी और उसके लिए अफगानिस्तान के खिलाफ मौजूदा टी 20 सीरीज खुद को तैयार कररे के लि, बेशक एक बढ़िया मंच है।
भारत हालांकि चोट के बाद वापसी करने वाले तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नीतिश रेड्डी और शिवम दुबे से बल्ले के साथ गेंद से भी बढ़िया प्रदर्शन की आस करेगा। भारत अपने पिछले पांच में से चार टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच जीत चुका है जबकि अफगानिस्तान ने पांच में तीन टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच जीत हैं। भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ उसके घर में उससे पिछली टी 20 मैचों की सीरीज में सीरीज के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे ओपनर वैभव सूर्यवंशी को रविवार को एकादश से बाहर रख कर अनुभवी संजू सैमसन को शामिल किया था। संजू सैमसन (10) पहले टी20 में नाकाम रहे। बड़ा सवाल क्या संजू की जगह भारत की एकादश में दूसरे टी20 में वैभव सूर्यवंशी की वापसी होगी।
राशिद खान जैसे बेहतरीन लेग स्पिनर की मौजूदगी में अफगानिस्तान को स्पिन की मुफीद पिचें रास आती हैं। अफगानिस्तान का सीरीज के पहले टी 20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में 156 रन का स्कोर भारत की मजबूत बल्लेबाजी के सामने नाकाफी साबित हुआ था। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम की छोटी बाउंड्र्री वाली पिच पर अफगानिस्तान के सामने एक बार फिर बड़ी चुनौती भारत की मजबूत बल्लेबाजी को रोकने की होगी। अफगानिस्तान को यदि भारत के खिलाफ मंगलवार को दूसरा टी 20 जीत कर सीरीज में बराबरी पानी है तो फिर उसके बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर खड़ा करना होगा। अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और नीतिश रेड्डी जैसे तेज गेंदबाजों और वरुण चक्रवर्ती, अक्षर पटेल और कामचलाउ अभिषेक शर्मा जैसी स्पिन त्रिमूर्ति की मौजूदगी में अफगानिस्तान के लिए बड़ा स्कोर बनाना या फिर इसे पार करना वाकई बड़ी चुनौती साबित होने वाला है।
अफगानिस्तान के लिए मौजूदा टी 20 सीरीज में मंगलवार को जीत के साथ अपनी चुनौती बनाए रखने के लिए जरूरी है कि उसके सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज बड़ी पाारी खेली। गुरबाज जब पहले मैच में बिना खाता खोले ही भारत के तुरुप के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की दूसरी गेंद पर आउट हो गए तो उसके लिए मैच में तेज आगाज करना मुश्किल हो गया था। चोट के बाद वापसी करते हुए बुमराह ने पारी के अंतिम पूर्व और अपने आखिरी ओवर में मात्र पांच रन दिए थे। बुमराह के साथ अर्शदीप सिंह भी यदि गेंद से रंग में रहे तो फिर बेशक मंगलवार को अफगानिस्तान से दूसरा टी 20 अंतर्राष्ट्रीय भी जीत सीरीज अपने नाम कर लेगा। अफगानिस्तान के पास बहुत विकल्प नहीं दिखाई देते हैं। अफगानिस्तान की टीम में तेज गेंदबाज नवीन उल हक ने चोट के बाद जरूर इस टी 20 सीरीज के पहले मैच से टीम में वापसी की है लेकिन उसकी असल समस्या भरोसेमंद बल्लेबाजों की कमी है। भारत को दो बल्लेबाजी ऑलराउंडर नीतिश रेड्डी और शिवम दुबे ने मिलकर तीन ओवर में 51 रन दे डाले थे और इनमें भी खासतौर पर शिवम दुबे का अपने एक ही ओवर में 21 रन देना उसे जरूर अखरता था। भारत अपने इन दोनों ऑलराउंडरों से बेहतर गेंदबाजी की आस करेगा।
हमारे गेंदबाजों ने बेहतरीन गेंदबाजी की : श्रेयस
भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने सीरीज के पहले टी 20 में अपनी टीम की अफगानिस्तान पर आसान जीत के बाद कहा, ‘हमारी टीम की जुगलबंदी बहुत बढ़िया रही। बुमराह ने अपने व मैच के पहले ही ओवर में विकेट चटका कर साथी गेंदबाजों के लिए जो लय बनाई उसका अर्शदीप सिंह के साथ स्पिनर अक्षर पटेल और लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने मिलकर पूरा लाभ उठाया। कुल मिलाकर हमारे गेंदबाजों ने इकाई के रूप में बेहतरीन गेंदबाजी की। शिवम दुबे ने अफगानिस्तान की पारी में पारी का 20 वां आखिरी ओवर फेंका और सच में उन्हें इसमें महंगा साबित होने के लिए दोषी ठहराना वाजिब नहीं है। मैं उम्मीद करता हूं कि वह इस पर विचार करेंगे कि उनके लिए कहां गेंदबाजी करना सही होगा। जहां तक मैन ऑफ द मैच अभिषेक की बात है तो उन्होंने एक बेहतरीन पारी खेली। हमारे लिए अच्छी बात यह है कि इशान किशन भी रंग में हैं और बहुत सहज हो अपने अंदाज में खेल रहे हैं।’
पहले ओवर में कैच लपकने से मेरा आत्मविश्वास बढ़ गया: अभिषेक
मैन ऑफ द मैच भारत के ओपनर अभिषेक शर्मा ने कहा,‘पहले ही ओवर में जस्सी (बुमराह) भाई के मैच के पहले ही ओवर में गुरबाज का कैच लपकने से मैच में आत्मविश्वास बढ़ गया। जब हम नेटस मे भी बुमराह भाई के सामने बल्लेबाजी करते हैं तो ऐसा महसूस होता है कि मानों आप टेस्ट मैच के शुरू के ओवर में बल्लेबाजी कर रहे हें।मुझे अभी भी याद है कि दो बस पहले हमने फैसला किया था हम हर टीम पर दबाव बना हावी होकर खेलेंगे। बीते एक बरस से हमारी यह रणनीति कारगर रही है। एक या दो सीरीज में हमारी बल्लेबाजी से आप उसका आकलन नहीं कर सकते हैं। बतौर सलामी बल्लेबाज आपकी कोशिश अपनी टीम को मजबूत शुरुआती दिलाने की होती है।
गुरबाज मजबूती से वापसी करेंगे : जादरान
अफगानिस्तान के कप्तान इब्राहिम जादरान ने कहा, ‘हमने बीच के ओवरों में बढ़िया बल्लेबाजी करने के बावजूद बढ़िया स्कोर खड़ा नहीं कर पाए। भारतीय गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों ने बढ़िया खेल दिखाया। इशान किशन का मुझे रनआउट करना मैच का निर्णायक मोड़ था। क्षेत्ररक्षण के लिहाज से भारत एक खासी मुस्तैद टीम है। रविवार का दिन गुरबाज का नहीं था लेकिन वह मजबूती से वापसी करेंगे।
मंगलवार का मैच: भारत वि अफगानिस्तान, दूसरा टी20 अंतर्राष्ट्रीय (शाम साढ़े सात बजे से)


