देश के पहले सैनिक स्कूल कैप्टन मनोज पांडेय उत्तर प्रदेश सैनिक स्कूल तथा सैनिक स्कूल गोरखपुर में शैक्षिक सत्र 2027-28 के प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। कैप्टन मनोज पांडेय यूपी सैनिक स्कूल में कक्षा छह में केवल बालकों तथा कक्षा नौ में बालक और बालिकाओं के प्रवेश होंगे। सैनिक स्कूल गोरखपुर में भी समान नियमों के तहत प्रवेश दिए जाएंगे।
इच्छुक अभ्यर्थी सैनिक स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट www.upsainikschool.org पर 25 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क 1,000 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं 26 से 31 अक्टूबर तक लेट फीस के साथ 2,000 रुपये जमा कर आवेदन किया जा सकेगा।
प्रवेश परीक्षा 20 दिसंबर को आयोजित होगी। इसके लिए लखनऊ, आगरा, अयोध्या, बरेली, गाजियाबाद, गोरखपुर, झांसी, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी सहित 10 शहरों में परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। अभ्यर्थी आवेदन के दौरान अधिकतम तीन शहरों का विकल्प दे सकेंगे, जबकि अंतिम परीक्षा केंद्र का आवंटन स्कूल प्रशासन करेगा।
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू से पहले निर्धारित मानकों के अनुसार मेडिकल परीक्षा में सफल होना अनिवार्य होगा। अंतिम चयन सूची लिखित परीक्षा, इंटरव्यू और मेडिकल के संयुक्त प्रदर्शन के आधार पर तैयार की जाएगी।
स्कूल प्रशासन के अनुसार 24 दिसंबर को उत्तर कुंजी वेबसाइट पर जारी की जाएगी, जबकि 30 दिसंबर को लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित होगा। इंटरव्यू के लिए कॉल लेटर 7 जनवरी को अपलोड किए जाएंगे। मेडिकल और इंटरव्यू की प्रक्रिया 1 से 28 फरवरी तक चलेगी तथा अंतिम परिणाम 15 से 20 मार्च के बीच घोषित किए जाएंगे। आवेदन पत्र में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर अभ्यर्थी 3 से 5 नवंबर तक संशोधन विंडो के माध्यम से सुधार कर सकेंगे।
स्कूल की सामान्य वार्षिक फीस 50,000 रुपये निर्धारित की गई है, जबकि सेल्फ फाइनेंस श्रेणी के तहत वार्षिक फीस 1,00,000 रुपये होगी।


