Trending News

PM मोदी ने किया उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े गंगा एक्सप्रेस वे का उद्घाटन, मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबा है गंगा एक्सप्रेस वे, 6 घंटे में तय हो सकेगी मेरठ से प्रयागराज की दूरी पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी, 142 विधानसभा सीटों पर डाले जा रहे वोट, 3 बजे तक 78.66% मतदान मौसम: दिल्ली-NCR में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, छत्तीसगढ़ और झारखंड में आंधी, ओलावृष्टि की आशंका, बिहार, राजस्थान, यूपी, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट PM मोदी ने किया उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े गंगा एक्सप्रेस वे का उद्घाटन, मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबा है गंगा एक्सप्रेस वे, 6 घंटे में तय हो सकेगी मेरठ से प्रयागराज की दूरी पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी, 142 विधानसभा सीटों पर डाले जा रहे वोट, 3 बजे तक 78.66% मतदान मौसम: दिल्ली-NCR में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, छत्तीसगढ़ और झारखंड में आंधी, ओलावृष्टि की आशंका, बिहार, राजस्थान, यूपी, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट

भारत की निगाहें द. अफ्रीका को पांचवें व अंतिम T-20 में हरा सीरीज 3-1 से जीतने पर

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पाँच मैचों की T20 अंतर्राष्ट्रीय श्रृंखला का निर्णायक और अंतिम मैच शुक्रवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। सूर्यकुमार यादव फॉर्म में लौटने की कोशिश करेंगे, जबकि अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती भारत की गेंदबाजी की धुरी रहेंगे।

Published: 16:49pm, 18 Dec 2025

भारत की निगाहें लखनऊ में बुधवार को चौथा मैच कोहरे के चलते एक भी गेंद फेंके बिना अधूरा बेनतीजा खत्म होने के बाद अब दक्षिण अफ्रीका को शुक्रवार को अहमदाबाद में पांचवें और आखिरी टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भी हराकर सीरीज 3-1 से जीतने पर लगी हैं। भारत के हौसले अपने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा के साथ मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव के गेंद से कमाल की बदौलत दक्षिण अफ्रीका से धर्मशाला में तीसरा मैच सात विकेट से जीतकर 2-1 की बढ़त लेने से बुलंद हैं।

भारत ने मौजूदा पांच टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज का पहला मैच 101 रन से और धर्मशाला में तीसरा मैच सात विकेट से जीता, जबकि इसके बीच दक्षिण अफ्रीका ने दूसरा मैच 51 रन से अपने नाम किया। भारत ने 2023 से अब तक पिछली 13 में से 12 टी20 अंतर्राष्ट्रीय सीरीज जीती हैं, जबकि एक ड्रॉ रही है। दक्षिण अफ्रीका की कोशिश भारत से शुक्रवार को पांचवां और अंतिम टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच जीतकर सीरीज को 2-2 की बराबरी पर समाप्त कराने की होगी।

अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में धुंध और कोहरे की कोई आशंका नहीं है और ऐसे में शुक्रवार को मुकाबला बेहद दिलचस्प रहने की उम्मीद है। भारत के लिए अच्छी खबर यह है कि निजी कारणों से धर्मशाला से घर लौटने वाले उसके तुरुप के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अहमदाबाद के घरेलू मैदान पर उसकी गेंदबाजी की अगुआई करने को तैयार हैं। उपकप्तान शुभमन गिल के पैर के अंगूठे की चोट बहुत गंभीर नहीं है, लेकिन भारत फरवरी 2026 में होने वाले आईसीसी टी20 क्रिकेट विश्व कप को ध्यान में रखते हुए किसी तरह का जोखिम उठाने से बचने के लिए उन्हें सीरीज के अंतिम टी20 मैच में आराम देना ही बेहतर समझ रहा है।

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पिछली 21 पारियों में भारत के लिए 239 रन बनाए हैं। हालांकि मौजूदा सीरीज के शुरू के तीन मैचों में वह कुल 29 रन ही बना सके हैं। सूर्यकुमार यादव पांचवें और अंतिम टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में बड़ी पारी खेलकर रंग में लौटने की कोशिश करेंगे और उनके तथा दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज मार्को यानसन के बीच दिलचस्प संघर्ष देखने को मिल सकता है।

उपकप्तान शुभमन गिल के आखिरी टी20 से बाहर रहने की स्थिति में अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन मौजूदा सीरीज में पहली बार भारत की पारी का आगाज कर सकते हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव के बल्ले का खामोश रहना भारत के लिए अब भी बड़ी चिंता है। वहीं भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह जिस तरह दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज रीजा हेंड्रिक्स और क्विंटन डी कॉक के खिलाफ भारत के तुरुप के इक्के साबित हुए हैं, वह टीम के लिए राहत की बात है।

अर्शदीप सिंह ने डी कॉक को 56 गेंदों में पांच बार आउट किया है। भारत के लिए बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने मौजूदा टी20 सीरीज के शुरू के तीन मैचों में एक अर्धशतक सहित सबसे अधिक 114 रन बनाए हैं। वहीं मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने मौजूदा सीरीज के शुरू के तीनों मैचों में दो-दो विकेट लेकर कुल छह विकेट चटकाए हैं, जबकि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह चार विकेट लेकर भारत के लिए तुरुप के इक्के साबित हुए हैं।

मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने यह साबित किया है कि वह अपनी अलग शैली की गेंदबाजी के कारण किसी भी पिच पर विकेट चटकाने की क्षमता रखते हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत वरुण चक्रवर्ती के साथ बाएं हाथ के लेग स्पिनर कुलदीप यादव को उतारता है या फिर शाहबाज अहमद को पांचवें और अंतिम टी20 मैच के लिए अपनी एकादश में मौका देता है।

दक्षिण अफ्रीका इस टी20 सीरीज में अब तक अपनी सही एकादश की तलाश में जूझता नजर आया है और ऐसे में उसकी अंतिम एकादश क्या होगी, इसकी भविष्यवाणी करना मुश्किल है। हालांकि अहमदाबाद में टॉस जीतकर टीम पहले बल्लेबाजी करना ही पसंद करेगी। भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर दक्षिण अफ्रीका के रनों के लिए जूझ रहे सलामी बल्लेबाज रीजा हेंड्रिक्स को सस्ते में आउट कर पवेलियन लौटाने की जिम्मेदारी होगी। हेंड्रिक्स ने सीरीज के शुरू के तीन मैचों में कुल 18 रन बनाए हैं और वह भारत के खिलाफ अब तक 15 पारियों में सिर्फ एक अर्धशतक ही जड़ सके हैं।

दक्षिण अफ्रीका यदि भारत के अर्शदीप सिंह और अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के पहले स्पैल को सफलतापूर्वक झेल लेता है तो उसकी जीत की संभावना बढ़ सकती है। भारत के लिए राहत की बात यह है कि न्यू चंडीगढ़ में सीरीज के दूसरे टी20 में राह भटकने के बाद बुमराह ने धर्मशाला में तीसरे टी20 मैच में दो विकेट चटकाकर अपनी लय वापस पा ली है। भारत अब अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे की तेज गेंदबाजी चौकड़ी तथा वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव की स्पिन के बूते दक्षिण अफ्रीका को एक बार फिर सस्ते में समेटने के इरादे से मैदान में उतरेगा।

अहमदाबाद : भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, पांचवां और अंतिम टी20 अंतर्राष्ट्रीय (शाम 7 बजे से)।

YuvaSahakar Desk