नई दिल्ली, 21 अप्रैल, 2026: भारत की विस्फोटक ओपनर शैफाली वर्मा मेजबान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में डरबन में 38 गेंदों में 57 रन बनाकर आईसीसी टी20 महिला इंटरनेशनल बल्लेबाजी रैंकिंग में दो पायदान चढ़कर छठे स्थान पर पहुँच गई हैं।
शैफाली ने अपनी अर्धशतकीय पारी में दो छक्के और चार चौके लगाए, लेकिन इसके बावजूद भारतीय महिला क्रिकेट टीम आठ विकेट से हार गई। मेजबान दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम भारत से शुरू के दोनों मैच जीत पांच टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की क्रिकेट सीरीज में 2-0 से आगे है। दक्षिण अफ्रीका ने भारत की महिला टीम से सीरीज का पहला टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच छह विकेट से जीता था। भारत की उपकप्तान स्मृति मंधाना को नुकसान हुआ है और वह एक स्थान गिरकर चौथे स्थान पर पहुँच गई हैं। स्मृति से ऊपर वेस्ट इंडीज की कप्तान हेली मैथ्यूज तीसरे स्थान पर हैं।
भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में 33 गेंदों में 47 रन बनाकर दो पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 11वें स्थान पर पहुँच गई हैं।
दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोल्वार्ड्ट दो मैचों के बाद मौजूदा पांच टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में पहले मैच में 51 और दूसरे में 54 रन सहित कुल 105 रन बनाकर रन बनाने में सबसे आगे चल रही हैं और वह आईसीसी टी20 महिला बल्लेबाजी रैंकिंग में पांचवें स्थान पर बनी हुई हैं।
एनेरी ड्रेकसन दूसरे मैच में अविजित 44 रन बनाकर 18 पायदान ऊपर चढ़कर 33वें स्थान, जबकि सुने लुस पिछले हफ्ते 46 गेंदों में 57 रन बना 35वें स्थान पर पहुँच गई हैं। दक्षिण अफ्रीका की ऑलराउंडर क्लो ट्रायोन ने पहले मैच में अविजित 18 रन बनाने के बाद दूसरे मैच में 22 रन देकर तीन विकेट चटकाए और आईसीसी टी20 में ऑलराउंडरों की रैंकिंग में संयुक्त रूप से 11वें स्थान पर पहुँच गई हैं।
दक्षिण अफ्रीका की बाएं हाथ की स्पिनर आईसीसी टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में संयुक्त रूप से छठे स्थान और अयाबोंगा खाका आठ पायदान ऊपर चढ़कर 25वें और टुमी सेखुखुने 23 पायदान ऊपर चढ़कर 55वें स्थान पर पहुँच गई हैं।


