हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) 2026 की प्रोविजनल आंसर-की जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी अब आधिकारिक वेबसाइट bseh.org.in और htet.eapplynow.com के माध्यम से आंसर-की और अपनी रिस्पॉन्स शीट डाउनलोड कर सकते हैं। इससे उम्मीदवार परिणाम घोषित होने से पहले अपने संभावित अंकों का अनुमान लगा सकेंगे।
PGT लेवल-3 की आंसर–की जारी
हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (HTET) का आयोजन 4 और 5 जुलाई 2026 को प्राथमिक शिक्षक (PRT), प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) और स्नातकोत्तर शिक्षक (PGT) पदों के लिए किया गया था। फिलहाल बोर्ड ने केवल PGT (लेवल-3) की प्रोविजनल आंसर-की जारी की है। वहीं PRT (लेवल-1) और TGT (लेवल-2) की आंसर-की भी जल्द जारी किए जाने की संभावना है।
ऐसे डाउनलोड करें HTET Answer Key 2026
अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर HTET Answer Key 2026 के लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अपने परीक्षा स्तर का चयन करें और यदि आवश्यक हो तो लॉगिन विवरण दर्ज करें। लॉगिन के बाद उम्मीदवार आंसर-की और रिस्पॉन्स शीट डाउनलोड कर अपने उत्तरों का आधिकारिक उत्तरों से मिलान कर संभावित स्कोर का अनुमान लगा सकते हैं।
9 जुलाई तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
बोर्ड ने प्रोविजनल आंसर-की पर आपत्तियां दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। यदि किसी अभ्यर्थी को किसी उत्तर पर आपत्ति है, तो वह 6 जुलाई से 9 जुलाई 2026 तक आधिकारिक फीडबैक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकता है। प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। यदि जांच के दौरान उम्मीदवार की आपत्ति सही पाई जाती है, तो जमा की गई राशि HTET 2026 का परिणाम घोषित होने के बाद वापस कर दी जाएगी।
अंतिम उत्तर कुंजी के बाद आएगा रिजल्ट
बोर्ड सभी प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा करने के बाद अंतिम उत्तर कुंजी जारी करेगा। इसी अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर HTET 2026 का परिणाम घोषित किया जाएगा।


