Trending News

PM मोदी ने किया उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े गंगा एक्सप्रेस वे का उद्घाटन, मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबा है गंगा एक्सप्रेस वे, 6 घंटे में तय हो सकेगी मेरठ से प्रयागराज की दूरी पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी, 142 विधानसभा सीटों पर डाले जा रहे वोट, 3 बजे तक 78.66% मतदान मौसम: दिल्ली-NCR में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, छत्तीसगढ़ और झारखंड में आंधी, ओलावृष्टि की आशंका, बिहार, राजस्थान, यूपी, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट PM मोदी ने किया उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े गंगा एक्सप्रेस वे का उद्घाटन, मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर लंबा है गंगा एक्सप्रेस वे, 6 घंटे में तय हो सकेगी मेरठ से प्रयागराज की दूरी पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान जारी, 142 विधानसभा सीटों पर डाले जा रहे वोट, 3 बजे तक 78.66% मतदान मौसम: दिल्ली-NCR में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, छत्तीसगढ़ और झारखंड में आंधी, ओलावृष्टि की आशंका, बिहार, राजस्थान, यूपी, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट

RCB को हरा हिसाब चुकता करने उतरेगी गुजरात टाइटंस

आईपीएल 2026 में बृहस्पतिवार को गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के बीच अहमदाबाद में मुकाबला होगा। आरसीबी 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है और जीत की हैट्रिक लगाकर प्ले-ऑफ पक्का करना चाहती है, वहीं गुजरात टाइटंस पिछली हार का बदला लेने और अपनी स्थिति सुधारने के इरादे से उतरेगी।

Published: 17:03pm, 29 Apr 2026

नई दिल्ली, 29 अप्रैल, 2026: साई सुदर्शन के शतक से तीन विकेट पर 205 रन बनाने के बावजूद टपकाए कैचों के चलते पांच दिन पहले मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) से बेंगलुरू में पांच विकेट से मिली हार के बाद अब बृहस्पतिवार को गुजरात टाइटंस अपने घरेलू अहमदाबाद के मैदान पर आईपीएल 2026 में रिटर्न मैच में उसे हरा कर हिसाब चुकता करने के मकसद से उतरेगी।

साई सुदर्शन की 87 रन की बेहतरीन पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस चेन्नै में पिछले मैच में चेन्नै सुपर किंग्स (सीएसके) को आठ विकेट से हरा कर जीत की राह पर वापस लौट चुकी है। वहीं जोश हेजलवुड (4/12) और अनुभवी भुवनेश्वर कुमार (3/5) के मात्र 17 रन देकर दिल्ली कैपिटल्स के आपस में मिलकर चटकाए सात विकेट की बदौलत आरसीबी ने दिल्ली में नौ विकेट से जीत हासिल की। विराट कोहली की मौजूदगी में अपने मजबूत शीर्ष और मध्यक्रम तथा फिलहाल सबसे ज्यादा 14 विकेट चटका पर्पल कैप सिर सजाने वाले स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की मौजूदगी में धारदार गेंदबाजी के चलते आरसीबी का पलड़ा बेशक गुजरात टाइटंस के खिलाफ भारी है।

विराट कोहली भले ही अब भारत के लिए केवल एक फॉर्मेट ODI खेल रहे हैं लेकिन मैदान पर वह जिस शिद्दत से मौजूदा आईपीएल में खेल रहे हैं उसके मद्देनजर वह आज भी आरसीबी की बल्लेबाजी की रीढ़ हैं। दोनों टीमों के बीच पिछले पांच में से तीन मैच आरसीबी ने और मात्र दो गुजरात टाइटंस ने जीते हैं। आरसीबी के फिलहाल आठ मैचों में छह जीत और दो हार के साथ 12 अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर है। आरसीबी की कोशिश गुजरात टाइटंस को बृहस्पतिवार को अहमदाबाद में हराकर जीत की हैट्रिक लगा प्ले-ऑफ में स्थान पक्का करने की होगी। वहीं गुजरात टाइटंस आठ में चार जीत और चार हार के साथ पांचवें स्थान पर है।

आरसीबी के पास विराट कोहली, फिल साल्ट, देवदत्त पड्डीकल के साथ रजत पाटीदार के रूप में मजबूत शीर्ष और मध्यक्रम है। आरसीबी के लिए आठ मैचों में विराट कोहली (351 रन) और देवदत्त पड्डीकल (242 रन) ने तीन-तीन, कप्तान रजत पाटीदार (238 रन) और फिल साल्ट (202 रन) ने दो-दो अर्द्धशतक जड़े हैं जबकि टिम डेविड (180 रन) ने एक अर्द्धशतक जड़ा है। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जेसन होल्डर के टीम से जुड़ने और दक्षिण अफ्रीका के कसिगो रबाडा, मोहम्मद सिराज और अशोक शर्मा के रूप में गुजरात टाइटंस के रफ्तार के सौदागरों की चौकड़ी की मौजूदगी में आरसीबी के बल्लेबाजों की राह अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कतई आसान नहीं रहने वाली है।

गुजरात टाइटंस के दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज कसिगो रबाडा (8 मैच, 13 विकेट), प्रसिद्ध कृष्णा (सात मैच, 12 विकेट), अशोक शर्मा (6 मैच, 6 विकेट), लेग स्पिनर राशिद खान (8 मैच, 8 विकेट), बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार (2 मैच, 2 विकेट) और जेसन होल्डर ने दो मैच में एक विकेट चटकाया है। गुजरात की गेंदबाजी इकाई खासी मजबूत नजर आती है।

गुजरात टाइटंस के लिए कप्तान शुभमन गिल (330 रन) ने सात मैचों में तीन अर्द्धशतक, सभी आठ मैच खेलने वाले सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन (322 रन) ने एक शतक और दो अर्द्धशतक और जोस बटलर (270 रन) ने दो अर्द्धशतक जड़े हैं जबकि वाशिंगटन सुंदर (157 रन) ने एक अर्द्धशतक जड़ा। गुजरात टाइटंस की दिक्कत उसके मध्यक्रम में ग्लेन फिलिप्स (6 मैच, 67 रन) तथा राहुल तेवतिया (7 मैच, 49 रन) का रनों के लिए जूझना है।

आरसीबी के सदाबहार स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार (14 विकेट) के साथ बाएं हाथ के स्पिनर क्रुणाल पांड्या (8 मैच, 9 विकेट), फिट होकर टीम से जुड़ने पर रफ्तार के साथ धार दिखा रहे ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड (5 मैच, 8 विकेट) और लेग स्पिनर सुयश शर्मा (7 मैच, 6 विकेट) से गुजरात के शीर्ष क्रम को चौकस रहने की जरूरत होगी।

पारी का समापन एक समस्या रही है: शुभमन गिल

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ‘मैं चेन्नै सुपर किंग्स पर अपनी टीम की आठ विकेट से जीत से बहुत खुश हूँ। चेन्नै जैसी जगह पर सीएसके के खिलाफ इस तरह की जीत वाकई दिल खुश कर देने वाली है। आखिर के पांच ओवरों को छोड़कर हमारी टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। जहां तक टॉस का ताल्लुक है तो इस बात को लेकर असमंजस में था कि पहले गेंदबाजी की जाए या बल्लेबाजी, लेकिन हमने पावरप्ले में बेहतरीन गेंदबाजी की। मैं कहूंगा कि पारी का समापन अभी एक समस्या रही है। लेग स्पिनर राशिद से एक ही ओवर फिंकवाने की बाबत यह कहूंगा कि जब दुबे बल्लेबाजी करने उतरे तब मुझे लगा कि वाशिंगटन सुंदर से गेंदबाजी करानी चाहिए क्योंकि तब मैच हमारे हाथ में था। बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने बेहतरीन आखिरी ओवर फेंका। हमारी टीम का अच्छा प्रयास रहा। सुदर्शन बराबर रंग में हैं और बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं। बस क्रीज पर वक्त गुजारना अहम था।’

गेंदबाजी ही जिता सकती है खिताब: रजत पाटीदार

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा, ‘दिल्ली में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच जिस तरह चला उससे मैं भी हैरान हूँ। दिल्ली के खिलाफ हमारी जीत का श्रेय हमारे तेज गेंदबाजों हेजलवुड और भुवी की पावरप्ले में बढ़िया गेंदबाजी को जाता है। अच्छी बात यह रही कि हमने दिल्ली के खिलाफ शुरू में ही विकेट चटका कर मैच पर पकड़ बना ली थी। हमारी योजना यही थी कि हम यदि जल्दी दिल्ली कैपिटल्स के विकेट चटकाने में कामयाब रहे तो हम हेजलवुड और भुवी से शुरू में ही तीन-तीन ओवर कराएंगे। लेग स्पिनर सुयश शर्मा की गेंद भी बहुत घूमी और उनको स्टंप टू स्टंप गेंदबाजी करता देखना सुखद रहा। रूटीन को मानना बढ़िया है। हमें अभी लंबा रास्ता तय करना है। हम एक समय केवल एक मैच की बाबत सोच कर आगे बढ़ रहे हैं। हमारे लिए सकारात्मक बात यह है कि अलग-अलग खिलाड़ी अलग-अलग मैच में प्रदर्शन कर रहे हैं। टी-20 में सपाट पिचों पर आपके पास बढ़िया गेंदबाजी आक्रमण जरूरी है क्योंकि गेंदबाज ही आपको खिताब जिता सकते हैं।’

बृहस्पतिवार का मैच: आरसीबी बनाम गुजरात टाइटंस (अहमदाबाद, शाम साढ़े सात बजे से)।

YuvaSahakar Desk