माइकल मेरिनो ने खेल खत्म होने से मात्र चार मिनट पहले बदलू खिलाड़ी के रूप उतरने के दो मिनट बाद ही बेहतरीन गोल कर स्पेन को बेल्जियम पर फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के क्वॉर्टर फाइनल में 2-1 से जीत दिला दी। अप्रत्याशित से रूप से सबसे कामयाब मिडफील्डर पैड्री की बजाय शुरुआती एकादश में स्थान पाने वाले फैबियन रुइज ने पहले हाफ में गोल कर स्पेन का खाता खोला। स्ट्राइकर चार्ल्स डी केटालियरे ने स्पेन की सबसे मजबूत दीवार गोलरक्षक उनई साइमन को हाफ टाइम से चार मिनट पहले भेदते हुए गोल कर बेल्जियम को एक-एक की बराबरी दी। स्पेन के गोलरक्षक उनई साइमन ने छह मैचों में इस विश्व कप में यह पहला गोल खाया। बेल्जियम को अपने अनुभवी गोलरक्षक तिबाउ कुरटोइज का पैर में चोट के चलते मैच के 71वें मिनट में मैदान से हटना और उनकी जगह नौजवान गोलरक्षक सीनी लैमंस को उतारना भारी पड़ा।
स्पेन अब पिछले उपविजेता फ्रांस से 14 जुलाई को डलास स्टेडियम में सेमीफाइनल में भिड़ेगा। 2010 में पहली बार विश्व कप फुटबॉल खिताब जीतने के बाद स्पेन की टीम 2014 में ग्रुप चरण और 2018 व 2022 के विश्व कप अंतिम 16 में हार कर बाहर हो गई थी। स्पेन की कोशिश अब फ्रांस को हरा दूसरी बार फाइनल में स्थान बनाने की होगी। स्पेन ने कोलंबिया से डैनियल मुनोज के गोल से हारने के बाद से अर्जेंटीना की टीम के 2019 से 2022 से 36 मैचों में अजेय रहने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। स्पेन और अर्जेंटीना अब इटली (37 मैचों में अजेय) से सबसे ज्यादा लगातार मैचों में अजेय रहने से पीछे है।
18 बरस के नौजवान स्ट्राइकर लमाइन यमाल ने मैच के 30 वें मिनट में गेंद बेल्जियम के गोल के बाहर पेड्रो पोरो की बढ़ाई और उन्होंने बॉक्स के पहुंच गेंद डानी ओल्मो को दे दी। ओल्मो के शॉट को बेल्जियम के गोलरक्षक तिबाउ कुरटोइज ने अपने दस्तानों से रोकने की गेंद लेकिन लौटती गेंद को वहीं बॉक्स में खड़े फैबियन रुइज ने संभाल कर तेज शॉट लगा गोल में डाल कर स्पेन का खाता खोला। केविन डी ब्रुयन के पास पर गेंद तिमाथी कैस्टजन ने संभाली और उनके बेहतरीन क्रॉस पर चार्ल्स केलालियरे ने हाफ टाइम से चार मिनट पहले स्पेन के गोलरक्षक उनई साइमन और डिफेंडर पाउ कुब्राजी को छका सिर से गोल कर बेल्जियम को एक-एक की बराबरी दिला दी। उनई साइमन ने इस विश्व कप में यह पहला गोल खाया। स्पेन के गोलरक्षक उनई साइमन इससे पहले 1990 इटली के गोलरक्षक वाल्टर जेंगा के 517 मिनट तक विश्व कप में कोई गोल न खाने के रिकॉर्ड को मौजूदा संस्करण में पहले ही तोड़ चुके हैं।
स्पेन के डिफेंडर पाउ कुब्राजी के बॉक्स के भीतर तेज शॉट को कुरटोइज की जगह मैच के 71वें मिनट में बेल्जियम के बदलू गोलरक्षक के रूप में उतरने वाले सीनी लैमंस ठीक से रोक नहीं पाए और मैच के 88 वें मिनट में वहीं बॉक्स में खड़े बतौर बदलू स्ट्राइकर उतरे माइकल मेरिनो ने संभाल तेज शॉट जमा गोल कर स्पेन को 2-1 से आगे कर दिया। मेरिनो का यह गोल स्पेन के लिए विजयदाई और निर्णायक साबित हुआ।
हम फ्रांस को हरा सकते हैं : फ्युंटे
स्पेन के कोच लुइस डे ला फ्युंटे ने कहा,‘ स्पेन जैसी बराबर बेहतर करने को प्रतिबद्ध टीम को प्रशिक्षित करना सम्मान की बात है। यह सोचना सही कि हम फ्रांस को हरा सकते ह।हम इसके लिए शिद्दत से कोशिश करेंगे। हमारी टीम ऐसी इकलौती है जो कि फ्रांस को दो बार हरा चुकी है। सेमीफाइनल में एक महान टीम दूसरी महान टीम से भिड़ेगी।’
अगले दो मैच जीत विश्व कप जीत पाएंगे : मेरिनो
माइकल मेरिनो ने स्पेन के लिए बतौर बदलू खिलाड़ी पहले उसे अंतिम 16 में पुर्तगाल के खिलाफ और फिर बेल्जियम के खिलाफ क्वॉर्टर में गोल कर जीत दिलाई। स्पेन के स्ट्राइकर माइकल मेरिनो ने कहा, ‘मैं अपनी टीम की बेल्जियम पर जीत से रोमांचित हूं। हम विश्व कप जीतने से बस दो कदम (मैच) दूर है। यह एक सपने के सच होने जैसा होगा। हमें उम्मीद है हम अपने अगले दो मैच जीत विश्व कप जीत पाएंगे। हर कोई इन मैचों को देख रहा है। मैं उम्मीद करता हूं कि मैं फ्रांस के खिलाफ भी गोल करने में कामयाब रहूंगा।’
हम फ्रांस से नहीं डरते : यमाल
स्पेन के 18 बरस के नौजवान सुपरस्टार लमाइन यमाल ने अपनी टीम की बेल्जियम पर फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के क्वॉर्टर फाइनल में 2-1 की जीत के बाद कहा कि वह अपनी टीम की इस बेहतरीन जीत पर बहुत खुश हैं। यमाल ने भले ही बेल्जियम के खिलाफ मैच में कोई गोल नहीं किया लेकिन लॉस एंजेल्स स्टेडियम में खेले गए इस क्वॉर्टर फाइनल में स्पेन के लिए शानदार खेल दिखाया। मैन ऑफ द’ मैच रहे यमाल ने कहा,‘ हम फिर विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। हम मैच खेलने और जीतने के लिए विश्व कप में आए थे। फिलहाल आराम करने और फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल की बाबत सोचने का वक्त हैं। अब दो ही संभावनाएं हैं या तो फ्रांस की टीम तीसरी बार विश्व कप फाइनल खेलेगी और उन्हें तीसरी बार हराएंगे। मुझे नहीं मालूम क्या होगा लेकिन हम फ्रांस से नहीं डरते।‘
भले ही यमाल ने अब स्पेन के लिए उसके इस विश्व कप के सेमीफाइनल तक के सफर में मात्र एक गोल किया लेकिन उनका फोकस केवल और केवल टीम के रूप में बढ़िया प्रदर्शन पर है। यमाल ने कहा,‘मैं बेशक गोल करना चाहता हूं कयोंकि इससे टीम को मदद मिलती है लेकिन मैदान इस सब की बाबत सोच कर नहीं उतरता। हम विश्व कप जीतते हैं तो तब कोई यह याद नहीं रखेगा कि मैंने कितने गोल दागे, कितने चूके। मैं यदि मैन ऑफ द मैच अवार्ड जीतता हूं तो यह और बढ़िया बात हष, लेकिन मेरी तमन्ना बस यही रहती है कि हमारी स्पेन की टीम जीते। मैं जानता हूं कि मेरे फर्राटे बहुत प्रतिद्वंद्वी टीम की रक्षापंक्ति को अपना ‘किला’ छोड़ कर बाहर आने को मजबूत करते हैं और इससे मेरे साथियों को गोल करने का मौका मिलता है। अहम बात यह है कि हम जीतने आए और इसमें मैं किसी भी तरह टीम को मदद करता हूं तो अच्छा है।‘