नौजवान स्ट्राइकर विनिशियस जूनियर के पहले हाफ के दो और मैथ्यूज कुन्हा के एक बेहतरीन मैदानी गोल की बदौलत ब्राजील ने स्कॉटलैंड को 3-0 से हरा दिया। ब्राजील ने लगातार दूसरी जीत और एक ड्रॉ के साथ ग्रुप सी में तीन मैचों में सात अंक हासिल किया। अपने बेहतर गोल अंतर के साथ शीर्ष पर रह कर ब्राजील ने फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 में अंतिम 32 में स्थान बना लिया।
विनिशियस जूनियर अब जारजिन्हो (1970), रोमारियो (1994) और रॉनाल्डो और रिवाल्डो (दोनों 2002) के नक्शेकदम कदम पर चलते हुए विश्व कप में ब्राजील के ग्रुप चरण में तीनों मैचों में गोल करने वाले पांचवें फुटबॉलर बन गए। विनिशियस जूनियर मौजूदा संस्करण में शुरू के तीनों मैच में कुल चार गोल कर ब्राजील के लिए गोल दागने में सबसे आगे हैं। ब्राजील के लिए इस जीत के साथ एक और खुशखबरी यह रही कि उसके सबसे तेज तर्रार और कामयाब स्ट्राइकर नेमार करीब तीन बरस बाद अपना पहला अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने उतरे। ब्राजील अब अंतिम 32 में 29 जून को हयुस्टन में ग्रुप एफ के उपविजेता से भिड़ेगा।
ब्राजील के हाथों हार के बाद स्कॉटलैंड ग्रुप सी में तीसरे स्थान पर है। उसके अंतिम 32 में पहुंचने की मामूली उम्मीद ही बाकी है। स्कॉटलैंड को मैच के आखिर में गोल करने के मौके मिले लेकिन उसके लुइस फर्गुसन की फ्री किक और स्कॉट मैकटामीने के शॉट को ब्राजील के गोलरक्षक एलिसन बेकर ने गजब की मुस्तैदी दिखाते हुए रोक कर बेकार कर दिया।
ब्राजील के कप्तान मारकुइनोज ने अपनी टीम की दूसरी जीत के साथ अंतिम 32 में स्थान बनाने पर कहा कि हमने अपना पहला मकसद हासिल कर लिया है। इस विश्व कप में ग्रुप सी खासा मुश्किल था। अंतिम 32 से अब असल मुकाबले शुरू होंगे। ग्रुप में शीर्ष पर रहने के कोई मायने नहीं हैं, यदि आप इससे आगे के मुकाबलों के लिए तैयार नहीं हैं।
मोरक्को ने हैती को 4-2 से हराया
अपने गोलरक्षक यासीन बोनो के आत्मघाती गोल से दसवें मिनट में पिछड़ने के बाद अशरफ हकीमी, इस्माइल साइबरी, सूफियान रहीमी और यासीन जिसिमी के एक एक गोल से मोरक्को ने हैती को 4-2 से हरा दिया। तीन मैचों में लगातार दूसरी जीत और एक ड्रॉ के साथ सात अंक ले ब्राजील से गोल अंतर में पिछड़ कर मोरक्को ग्रुप सी में दूसरे स्थान पर रहा और अंतिम 32 में स्थान बनाया।
ज्यां केविन डुर्वन के पेनल्टी बॉक्स के भीतर क्रॉस दे गेंद को लेनी जोसेफ की ओर बढ़ाया और उनके बैक पास को बचाने के फेर में मोरक्को के गोलरक्षक यासीन बोनो मेच के दसवें मिनट में अपने ही गोल में डालने से हैती को 1-0 की बढ़त मिल गई। इस आत्मघाती गोल ने मोरक्को को नींद से जगा दिया। हैती के गोलरक्षक जॉनी प्लेसाइड के कई बेहतरीन बचाव के बाद अशरफ हकीमी ने मैच के 39वें मिनट में बिलाल अल खानोज के शॉट पर जॉनी के हाथ को लगकर लौटती गेंद को गोल में डाल कर मोरक्को को एक एक की बराबरी दिला दी। इसीडोर ने हाफ टाइम से दो मिनट पहले लंबी दूरी से जमाए दनदनाते शॉट पर गोल कर हैती को 2-1 से आगे कर दिया।
इस्माइल साइबरी ने हाफ टाइम से पहले इंजुरी टाइम में गोल कर मोरक्को को दो-दो की बराबरी दिला दी। सूफियान रहीमी ने मैच के 78वें कॉर्नर किक पर गोल कर मोरक्को को 3-2 से आगे कर दिया। नौजवान स्ट्राइकर जिसिमी यासीन ने मैच खत्म होने से एक मिनट पहले गोल कर मोरक्को को 4-2 से मैच जिता दिया। मोरक्को अंतिम 32 में ग्रुप एफ के विजेता से भिड़ेगा।
मैक्सिको ने चेकिया को 3-0 से हरा किया बाहर
मातियो चावेज, जूलियन कुइनोनिज और अल्विरो फिडाल्गो के दूसरे हाफ के एक-एक गोल की बदौलत सह मेजबान मैक्सिको ने चेकिया को 3-0 से हरा विश्व कप से बाहर कर दिया। मैक्सिको ने ग्रुप ए में लगातार तीसरी जीत हासिल कर कुल नौ अंकों के साथ शीर्ष पर रहा और अंतिम 32 में पहुंच गया। 1970 के बाद यह पहला मौका जब मैक्सिको ने विश्व कप में अपने तीनों ग्रुप मैच जीते हैं।
मातियो चावेज ने दूसरे हाफ के दसवें मिनट में अपनी रफ्तार से चेकिया की रक्षापंक्ति की दीवार को भेद बॉक्स के भीतर पहुंच बहुत इत्मिनान से गेंद को गोल में डाल कर मैक्सिको का खाता खोला। जूलियन कुइनोनिज ने छठे मिनट में बॉक्स में बेहद करीब से चतुराई से गेंद को गोल में डाल कर मैक्सिको की बढ़त 2-0 कर दी। अल्विरो फिडाल्गो ने खेल खत्म होने से पहले इंजुरी टाइम मेंगोल कर मैक्सिको को 3-0 से मैच जिता दिया।
द.कोरिया को हरा द.अफ्रीका अंतिम 32 में
विंगर थपेलो मसेको के दूसरे हाफ के इकलौते गोल से दक्षिण अफ्रीका ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हरा दिया। एक जीत, एक ड्रॉ और एक हार के साथ चार अंकों के साथ दक्षिण अफ्रीका ग्रुप ए में दूसरे स्थान पर रहा और अंतिम 32 में स्थान बना लिया। दक्षिण कोरिया की टीम मैच में ज्यादातर समय तक हावी रही और बेहतर खेली लेकिन मसेको ने मौके को भुना गोल कर दक्षिण अफ्रीका को मैच जिता कर ही दम लिया। तेसपांग मोरमी ने खेल के रुख के उलट बाएं छोर से गेंद संभाली और दक्षिण कोरिया के डिफेंडर को छका पेनल्टी बॉक्स में गेंद मसेको की ओर बढ़ाई और उन्होंने मैच के 63वें मिनट में गोल कर दक्षिण अफ्रीका को 1-0 से आगे कर दिया। दक्षिण अफ्रीका से इसे आखिर तक बरकरार रख मैच जीत लिया। दक्षिण अफ्रीका अब अपना अगला मैच ग्रुप बी के उपविजेता कनाडा से 38 जून को लॉस एंजेल्स में खेलेगी।
स्विटजरलैंड ने कनाडा को हराया
युआन वर्गाज और योहान मनजंबी के दूसरे हाफ के एक-एक गोल की बदौलत स्विटजरलैंड ने मेजबान कनाडा को 2-1 से हरा कर तीन मैचों में दो जीत और एक ड्रॉ के साथ सात अंक हासिल किए। ग्रुप बी में शीर्ष पर रह कर उसने अंतिम 32 में स्थान पा लिया। उधर, कनाडा हार के बावजूद तीन मैचों में एक जीत, एक ड्रॉ, एक हार के साथ कुल चार अंकों सहित बोस्निया हर्जेगोविना को पीछे छोड़ ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहा। उसने भी अंतिम 32 में स्थान बना लिया। कनाडा के लिए इकलौता गोल प्रोमिस डेविड ने दूसरे हाफ में दागा।
स्विटजरलैंड के योहान मनजंबी ने पहले हाफ में गोल करने से चूके ही मेजबान कनाडा के साइल लारिन और अली अहमद के कमजोर शॉट को स्विटजरलैंड ने रोक कर बेकार कर दिया। वर्गाज ने दूसरे हाफ के पहले ही मिनट में मनजंबी के क्रॉस पर गोल कर स्विटजरलैंड को 1-0 से आगे कर दिया। 20 बरस के मनजंबी ने नीचा तेज शॉट जमा मैच के 57वें मिनट में गोल कर स्विटजरलैंड को 2-0 से आगे कर दिया। कनाडा के बदलू खिलाड़ी प्रोमिस डेविड ने मैच के 76में मिनट में गोल कर स्कोर 1-2 कर दिया।
बोस्निया हर्जेगोविना ग्रुप बी में तीसरे स्थान पर
करीम अलजबीकोविच और महमिच के एक एक गोल की बदौलत बोस्निया हर्जेगोविना ने सिएटल में कतर को 3-1 से हरा कर ग्रुप बी में तीसरे स्थान पर रह कर अंतिम 32 में पहुंचने की मामूली आस बरकरार रखी। बोस्निया हर्जेगोविना को कतर के गोलरक्षक महमूद अबुंडा के एक आत्मघाती गोल से एक गोल उपहार में मिला। पराजित कतर के लिए इकलौता गोल अल हायडोज ने पहले हाफ में दागा।