अपनी कप्तानी में 2016 में वेस्ट इंडीज क्रिकेट टीम को इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ यहां ईडन गार्डन्स में फाइनल जिताकर खिताब दिलाने वाले और अब टीम के मुख्य कोच डैरेन सैमी चाहते हैं कि उनकी टीम दक्षिण अफ्रीका से नौ विकेट की हार को भुलाकर आगे बढ़े।
सैमी ने कहा, “मैं अब भी मानता हूं कि हम खिताब जीत सकते हैं। हमें मालूम है कि अगर हमें ट्रॉफी जीतनी है तो किसी न किसी मोड़ पर भारत को हराना ही होगा। अब हम भारत से ‘क्वॉर्टर फाइनल’ में ही भिड़ रहे हैं। हमें यह भी पता है कि भारतीय टीम के साथ यहां करीब 80 हजार दर्शकों का समर्थन होगा। हमारा पूरा फोकस भारत के खिलाफ अपनी योजना को अमली जामा पहनाने पर है। मेरे सभी खिलाड़ी इस अहम मुकाबले के लिए तैयार हैं। मैं अपनी एकादश के बारे में खुलासा नहीं करूंगा, लेकिन हम पूरी तैयारी के साथ उतरेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “भारत के खिलाफ हमारा ध्यान किसी एक-दो खिलाड़ियों पर नहीं, बल्कि पूरे 11 खिलाड़ियों पर है। जहां तक मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की बात है, वह दुनिया के नंबर एक टी20 गेंदबाज हैं। हमारी तरह भारत के पास भी कई मैच विनर खिलाड़ी हैं। यह मुकाबला बेहद रोमांचक रहेगा। हमारा लक्ष्य अपनी रणनीति को सही तरीके से लागू कर जीत हासिल करना है।
मौजूदा संस्करण में शेमरॉन हेटमायर की सफलता का कारण उनकी सकारात्मक मानसिकता है। वह पूरी तरह फोकस और सहज हैं, अपने खेल का आनंद ले रहे हैं और टीम के साथी भी उन्हें पूरा समर्थन दे रहे हैं। हम भी किसी एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं हैं। हमारे पास अलग-अलग अंदाज में मैच जिताने वाले खिलाड़ी हैं।”
सैमी ने कहा, “मैं इस बात से सहमत नहीं हूं कि हमारे गेंदबाज सफल नहीं रहे हैं। हमारे गेंदबाजों ने अब तक इस टूर्नामेंट में लगभग 48 विकेट लिए हैं। मैं यह भी नहीं मानता कि वे जरूरत से ज्यादा महंगे साबित हुए हैं। इस ‘क्वॉर्टर फाइनल’ में हमारा ध्यान अपनी रणनीति को सही तरीके से लागू करने पर है।
मैच में दबाव जरूर होगा, लेकिन हमने इसके लिए अच्छी तैयारी की है। मैं चाहता हूं कि मेरे शब्द सही साबित हों और हम यह मैच जीतें। मैंने अपना अनुभव खिलाड़ियों के साथ साझा किया है। यह एक अलग तरह का मुकाबला है, लेकिन हम अपनी प्रक्रिया का पालन करते हुए आगे बढ़ेंगे। भारत के खिलाफ यह हमारे लिए नॉकआउट जैसा मैच है और हम इसके लिए पूरी तरह तैयार हैं।
मैं नहीं चाहूंगा कि हम 83 रन पर सात विकेट गंवा दें और फिर जेसन होल्डर और रोमारियो शेफर्ड को हमें संभालना पड़े, जैसा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुआ था। हर खिलाड़ी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
टॉस हमारे हाथ में नहीं है, वह 50-50 का मामला है। जो भी परिस्थिति सामने आएगी, हम उसका सही आकलन कर पूरी एकाग्रता से खेलेंगे। ईडन गार्डन्स की पिच पर शुरुआती ओवरों में सीमर्स और बल्लेबाजों, दोनों को हालात को समझकर खेलना होगा। हमने हर भारतीय खिलाड़ी के लिए अलग रणनीति तैयार की है।


