नई दिल्ली, 30 जून, 2026: गोलरक्षक ओरलैंडो जिल और अपनी रक्षापंक्ति की मुस्तैदी की बदौलत पराग्वे ने जर्मनी को फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के अंतिम 32 मैच में 90 मिनट के निर्धारित और 30 मिनट के अतिरिक्त समय में एक-एक की बराबरी पर रोकने के बाद पेनल्टी शूटआउट में बोस्टन स्टेडियम में मंगलवार तड़के 4-3 से हराकर अंतिम 16 में प्रवेश कर लिया।
जर्मनी के मिडफील्डर लिरोय साने व फ्लोरियन विर्ट्ज़ के साथ स्ट्राइकर काई हावर्त्ज़ के लहरों की तरह हमलों को अपने चतुर कोच गुस्तावो अल्फारो के मार्गदर्शन में पराग्वे ने अपनी रक्षा के मजबूत कवच से रोककर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर दुनिया को चौंका दिया। खासतौर पर पराग्वे के गोलरक्षक ओरलैंडो जिल की तारीफ करनी होगी, जिन्होंने पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी के काई हावर्त्ज़ सहित दो पेनल्टी किक को रोका।
स्ट्राइकर जूलियो एनसिस्को ने पहला हाफ खत्म होने से तीन मिनट पहले मतियास गालारज़ा के क्रॉस पर सिर से गेंद को गोल में डाल खेल के रुख के उलट गोल कर पराग्वे को हाफ टाइम तक 1-0 से आगे कर दिया। काई हावर्त्ज़ ने दूसरे हाफ के नौवें मिनट में फ्लोरियन विर्ट्ज़ के बाएं छोर से आए क्रॉस को सिर से गोल में डालकर जर्मनी को एक-एक की बराबरी दिला दी।
निर्धारित समय और अतिरिक्त समय सहित कुल 120 मिनट में दोनों टीमों के एक-एक के बराबर रहने पर फैसले के लिए पेनल्टी शूटआउट का नियम लागू किया गया। पेनल्टी शूटआउट में पराग्वे ने जर्मनी को 4-3 से हरा दिया। पेनल्टी शूटआउट में गोलरक्षक ओरलैंडो जिल जर्मनी की दो पेनल्टी किक को रोककर उसकी जीत के हीरो बन गए।
पेनल्टी शूटआउट में पराग्वे के लिए पेनल्टी किक पर मॉरिशियो, गुस्तावो गोमेज़, मतियास गालारज़ा, जोस कैनेली ने गोल किए। काई हावर्त्ज़ द्वारा ली पहली पेनल्टी किक सहित पराग्वे के गोलरक्षक ओरलैंडो जिल ने जर्मनी की दो पेनल्टी किक को रोका। जर्मनी के लिए इसके बाद जोशुआ किमिच, जमाल मुसियाला और नदीम अमीरी ही पेनल्टी किक को गोल में बदल पाए।
निर्धारित समय में एक-एक की बराबरी के बाद मैच के अतिरिक्त समय में भी स्कोर यही रहने पर जर्मनी के कोच जूलियन नागेल्समैन ने मैच शूटआउट में न खिंचे, इसलिए अपनी पूरी ताकत हमलों पर लगा दी। अतिरिक्त समय में जॉनाथन ताह ने गेंद को गोल में डाला भी लेकिन जर्मनी के मिडफील्डर वाल्डामर एंटन के पराग्वे के गोलरक्षक जिल के खिलाफ फाउल पर इसे अमान्य कर दिया गया।
पूर्व चैंपियन जर्मनी को हराना गर्व की बात : जिल
मैन ऑफ द मैच पराग्वे के गोलरक्षक ओरलैंडो जिल ने कहा, ‘जर्मनी पर अपनी पराग्वे टीम की जीत से रोमांचित हूँ। यह बेहद मुश्किल मैच था। हमने मैच में पहला गोल किया और फिर जर्मनी ने एक-एक की बराबरी पाई। इसके बाद हम उसके हमलों को नाकाम कर अपने किले की मजबूत चौकसी में सफल रहे। बेशक हमने हर खिलाड़ी और जर्मनी के पेनल्टी किक लेने वाले खिलाड़ी की बाबत जानकारी जुटाई थी। ईश्वर की कृपा से मैंने काई हावर्त्ज़ सहित जर्मनी की दो पेनल्टी किक रोकीं। पूर्व चैंपियन जर्मनी को हराकर बाहर करना हमारे लिए गर्व की बात है। अपनी टीम की यह जीत सभी पराग्वेवासियों को समर्पित करता हूँ।’
टीम में किसी भी मुश्किल से पार पाने की ताकत: गोमेज़
पराग्वे के गुस्तावो गोमेज़ ने कहा, ‘अपनी पराग्वे टीम की जर्मनी पर जीत को बयां नहीं कर सकता हूँ। मुझे अपनी पूरी टीम पर गर्व है। हमारी यह टीम मंगलवार को जीत की हकदार थी। मैं अपनी टीम की एकता से बहुत प्रभावित हूँ। हमारी टीम में किसी भी मुश्किल से पार पाने की ताकत है। जर्मनी को मालूम था कि उन्हें हमें हराने के लिए बहुत मेहनत करनी होगी।’


