प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने केरल के तीन सहकारी बैंकों में करीब 92 करोड़ रुपये की कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में बुधवार को लगभग 20 ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई एर्नाकुलम, मलप्पुरम, कोझिकोड और त्रिशूर जिलों में की गई।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईडी के कोच्चि क्षेत्रीय कार्यालय ने राज्य पुलिस के समन्वय से अंगमाली अर्बन सर्विस कोऑपरेटिव बैंक, थेन्नाला सर्विस कोऑपरेटिव बैंक और कुट्टानेल्लूर सर्विस कोऑपरेटिव बैंक से जुड़े परिसरों की तलाशी ली।
सबसे बड़ा मामला अंगमाली अर्बन सर्विस कोऑपरेटिव बैंक का है, जहां करीब 55 करोड़ रुपये की कथित अनियमितताओं की जांच चल रही है। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों, अधूरे आवेदनों और गैर-सदस्यों के नाम पर ऋण स्वीकृत किए गए। केरल पुलिस ने पहले इस मामले में बैंक की प्रबंध समिति के 14 पूर्व एवं वर्तमान सदस्यों और छह कर्मचारियों के खिलाफ मामले दर्ज किए थे।
मलप्पुरम के थेन्नाला सर्विस कोऑपरेटिव बैंक में करीब 10 करोड़ रुपये की कथित गड़बड़ी सामने आई है। इसमें फर्जी ऋण स्वीकृति, धन के दुरुपयोग और अधिक ब्याज का प्रलोभन देकर जमाकर्ताओं को आकर्षित करने के आरोप हैं। वहीं, त्रिशूर के कुट्टानेल्लूर सर्विस कोऑपरेटिव बैंक में लगभग 27 करोड़ रुपये की कथित अनियमितताओं की जांच हो रही है। आरोपों में संपत्ति मालिकों की सहमति के बिना गिरवी संपत्तियों का हस्तांतरण भी शामिल है। ईडी की कार्रवाई का उद्देश्य धन के लेनदेन का पता लगाना, संबंधित संपत्तियों की पहचान करना और दस्तावेजी एवं डिजिटल साक्ष्य जुटाना है। फिलहाल सभी आरोप जांच और कानूनी प्रक्रिया के अधीन हैं


