– स्टार्क के जुड़ने और केएल राहुल के रंग में होने से दिल्ली के हौसले बुलंद
– सरफराज, शिवम, ब्रेविज का रनों के लिए जूझना है चेन्नै की चिंता
नई दिल्ली, 4 मई, 2026: दिल्ली कैपिटल्स लगातार तीन हार के बाद राजस्थान रॉयल्स को जयपुर में और चेन्नै सुपर किंग्स रिटर्न मैच में भी अपनी तरह पांच बार चैंपियन रही मुंबई इंडियंस को चेन्नै में हरा कर दुनिया की सबसे बड़ी टी20 क्रिकेट आईपीएल में जीत की राह पर वापस लौट चुकी हैं। दोनों ही टीमों के नौ-नौ मैचों में चार-चार जीत और पांच-पांच हार से समान रूप से आठ-आठ अंक हैं, लेकिन अपने बेहतर नेट रन रेट के चलते चेन्नै सुपर किंग्स की टीम दिल्ली कैपिटल्स से एक पायदान ऊपर छठे स्थान पर है।
दिल्ली कैपिटल्स अब चेन्नै सुपर किंग्स को यहां अपने अरुण जेटली स्टेडियम के घरेलू मैदान पर मंगलवार को रिटर्न मैच में हरा उससे चेन्नै में इस सीजन के पहले मैच में मिली 23 रन से हार का हिसाब चुका उसे पीछे छोड़ अपनी स्थिति मजबूत करने के मकसद से उतरेगी। अरुण जेटली स्टेडियम की पिच को पढ़ना बेहद मुश्किल है। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने अपनी टीम के राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 264 रन बना कर भी जीत न पाने पर यह ठीक ही कहा था कि मुझे नहीं मालूम क्या हुआ।
दिल्ली कैपिटल्स अरुण जेटली स्टेडियम में केएल राहुल के 152 रन की बदौलत दो विकेट पर 264 रन बनाने के पहाड़ जैसे स्कोर के बावजूद फिलहाल शीर्ष पर चल रही पंजाब किंग्स से छह विकेट से और इससे अगले मैच में आरसीबी के स्विंग के उस्ताद भुवनेश्वर कुमार (3/5) और जोश हेजलवुड (4/12) के गेंद से कहर के सामने मात्र 75 पर ढेर होने के बाद नौ विकेट से हार गई थी। बावजूद इसके अपने इस घरेलू मैदान पर मौजूदा सीजन में एक शतक और तीन अर्धशतकों की बदौलत रन बनाने में दूसरे स्थान पर चल रहे केएल राहुल (433 रन) और अब रफ्तार के साथ गेंद को बहुत चतुराई से मूव कराने में माहिर आठ मैचों के बाद टीम से जुड़े अपने ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क की कामयाब वापसी से दिल्ली कैपिटल्स बेशक चेन्नै सुपर किंग्स को भी हरा अपनी जीत के सिलसिले को आगे बढ़ाने की उम्मीद कर सकती है।
दिल्ली कैपिटल्स जयपुर में राजस्थान रॉयल्स पर जीत से पहले भले ही लगातार तीन मैच हारी लेकिन उसके लिए केएल राहुल के साथ दो-दो अर्धशतक जड़ने वाले ट्रस्टन स्टब्स (219 रन), समीर रिजवी (209 रन), नीतिश राणा (7 मैच, 202 रन) के साथ एक-एक अर्धशतक जड़ चुके पथुम निसंका (209 रन) का रंग में होना उसके लिए अच्छी खबर है।
दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाजों को चेन्नै सुपर किंग्स के मौजूदा सीजन के सबसे कामयाब शुरू के नौ मैचों में तेज गेंदबाज अंशुल काम्बोज (17 विकेट), जैमी ओवरटन (8 मैच, 10 विकेट), स्पिनर नूर अहमद (9 विकेट), अकील हुसैन (4 मैच, 6 विकेट) से जरूर चौकस रहना होगा। काम्बोज के साथ दूसरे छोर पर मुकेश चौधरी (3 मैच, 3 विकेट), गुरजपनीत (5 मैच, 3 विकेट), मैट हेनरी (3 मैच, 2 विकेट) ने अच्छा साथ निभाया। सीएसके के लिए शिवम दुबे (1 विकेट) रामशरण घोष (1 मैच, एक विकेट) ने ज्यादा ओवर नहीं फेंके हैं।
चेन्नै सुपर किंग्स की बल्लेबाजी उसके लिए शुरू के नौ मैचों में दो शतक जड़ने वाले संजू सैमसन (315 रन) व पिछले दो मैचों में दो अर्धशतक जड़ने वाले कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (245 रन) की सलामी जोड़ी पर जरूरत से ज्यादा निर्भरता और शिवम दुबे (150 रन), सरफराज खान (8 मैच, 161 रन), जैमी ओवरटन (8 मैच, 136 रन) का मध्यक्रम में रनों के लिए जूझना परेशानी का सबब बन सकता है। आयुष म्हात्रे (201) के छह मैचों में दो अर्धशतक जड़ बाहर होना और डेवाल्ड ब्रेविज (6 मैच, 64 रन) चेन्नै व मैथ्यू शॉर्ट (2 मैच, 36 रन) को बहुत अखर रहा है।
मिचेल स्टार्क के आठ मैचों के बाद टीम से जुड़ 40 रन दे तीन विकेट ले राजस्थान रॉयल्स को जयपुर में छह विकेट पर 225 रन पर रोकने के बाद केएल राहुल के तेज अर्धशतक की बदौलत इसे मात्र तीन विकेट खोकर पार कर सात विकेट से जीत से दिल्ली कैपिटल्स ने जिस तरह लगातार तीन हार का जो सिलसिला तोड़ा उससे उसके हौसले बुलंद हैं। वहीं तेज गेंदबाज अंशुल काम्बोज के मुंबई इंडियंस के खिलाफ चटकाए तीन विकेट से मुंबई इंडियंस को चेन्नै में सात विकेट पर 159 रन पर रोकने के बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और नवोदित कार्तिक शर्मा के अर्धशतकों की बदौलत आठ विकेट से हराने के बाद चेन्नै सुपर किंग्स (सीएसके) भी गुजरात टाइंटस से आठ विकेट से हार के बाद जीत की राह पर वापस लौट आई है।
सीएसके के अंशुल काम्बोज आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार की तरह अब सीएसके के नौ मैचों के बाद समान रूप से 17 विकेट के साथ मौजूदा सीजन में विकेट चटकाने में शीर्ष हैं। संजू सैमसन के शतक और तेज गेंदबाज अंशुल काम्बोज (3/35) और जेमी ओवरटन (4/18) के आपस में बांटे सात विकेट की बदौलत सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स पर इस सीजन के पहले मैच में 23 रन से जीत हासिल की थी।
योजना को अमली जामा पहना जीत हासिल की: अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, ‘आपको मैच में उतरकर हर दिन अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होता है। हमारे लड़के राजस्थान के खिलाफ जिस तरह खेले उससे बहुत खुश हूं। मैं अपनी टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी से भी खुश हूं। हमने अपनी योजना को अमली जामा पहना कर जीत हासिल की। आपके सामने वाली टीम यदि पावरप्ले में ही मैच का रुख पलट सकती है तो ऐसे में पावरप्ले में ही इतने सारे विकेट चटकाने से मैं बहुत खुश था। तीन महीने के बाद मैदान पर उतरकर जिस तरह मिचेल स्टार्क ने धारदार गेंदबाजी की यही उन्हें विलक्षण गेंदबाज बनाता है। मैं अपनी टीम की इस जीत को पिछले मैच के बाद दुर्घटना का शिकार अपने प्रशंसकों को समर्पित करना चाहता हूं।‘
प्रशांतवीर और कार्तिक बढ़िया प्रदर्शन कर रहे हैं: गायकवाड़ चेन्नै सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, ‘हमने मुंबई के खिलाफ बढ़िया आगाज किया लेकिन इसके बाद मुंबई ने लय पा ली। हमने पावरप्ले के बाद वापसी की और जीत के लिए 20-30 कम रन का पीछा किया। अच्छे आगाज के बाद हमारे लिए जरूरी था कि एक बल्लेबाज आखिर तक क्रीज पर टिका रहे। हमारे तेज गेंदबाज अंशुल काम्बोज की बात है वह बल्लेबाज की तरह सोचते हैं और जानते हैं कि चेन्नै की पिच पर कैसे गेंदबाजी करनी है। नूर को लय की जरूरत थी और इस तरह की पिच पर बतौर गेंदबाज उनकी भूमिका अहम थी। नूर ने पिच से तालमेल बिठा कर अच्छी गेंदबाजी की। हमने एकादश के सही संयोजन की बाबत सोचा। हमने यह सोचना था कि हम आठवें नंबर पर बल्लेबाज को उतारें या फिर अतिरिक्त गेंदबाज को लें। प्रशांतवीर ने अपनी भूमिका बढ़िया ढंग से निभाई। प्रशांतवीर और कार्तिक शर्मा जैसे हमारे दोनों नौजवान खिलाड़ी बढ़िया प्रदर्शन कर रहे हैं और हमने इसीलिए अकील को बाहर कर इन दोनों को एकादश में शामिल किया।‘
मंगलवार मैच का समय: दिल्ली कैपिटल्स बनाम चेन्नै सुपर किंग्स (अरुण जेटली स्टेडियम, शाम साढ़े सात बजे से)


