बुढ़ाते नामचीन स्ट्राइकर और पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रॉनाल्डो कांगो के खिलाफ गुरुवार को फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 के ग्रुप मैच में अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए। योआन विजा के पहले हाफ में इंजुरी टाइम में गोल की बदौलत कांगो ने क्रिस्टियानो रॉनाल्डो की कप्तानी में उतरी पुर्तगाल जैसी दुनिया की दिग्गज टीम को एक-एक की बराबरी पर रोक अंक बांटने को मजबूर कर दिया। रॉनाल्डो का विश्व कप फुटबॉल में यह 23वां मैच था और इसके साथ उन्होंने विश्व कप फुटबॉल में सबसे ज्यादा मैच खेलने में चौथे नंबर पर काबिज इटली के पाउलो मालदीनी की बराबरी कर ली।
पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो को दूसरे हाफ में गोल करने के दो मुश्किल मौके मिले लेकिन निशाना चूकने के चलते वह अपनी टीम को बढ़त दिलाने में नाकाम रहे। जोआओ नेवेज ने पेड्रो नेटो के क्रॉस पर बॉक्स के भीतर उछल कर मैच के छठे मिनट में सिर से गोल कर पुर्तगाल को 1-0 से आगे कर दिया। पुर्तगाल की टीम पहले हाफ मे हावी रही। मैच के दसवें मिनट में योआन विजा का बॉक्स के ऊपर से लहराता शॉट गोल के ऊपर से बाहर निकल गया और कांगो के हाथ आया बराबरी पाने का मौका निकल गया। उन्होंने पहला हाफ खत्म होने से ठीक पहले इंजुरी टाइम में आर्थर मसुकू के क्रॉस पर सिर से गोल कर कांगो को एक एक की बराबरी दिला दी। कांगो की टीम महज दूसरी बार विश्व कप में शिरकत कर रही है। इससे पहले 1974 में पहली बार उसने विश्व कप में शिरकत की थी।
कांगो की टीम हाफ टाइम तक एक एक की बराबरी पाने के बाद पुर्तगाल के खिलाफ दूसरे हाफ में और जोश से खेली। पुर्तगाल के जोआओ केंसिलो ने दूसरे हाफ के शुरू में जोरदार किक लगा गेंद को गोल में डाला लेकिन रेफरी ने उन्हें ऑफ साइड दे दिया और वह अपनी टीम को बढ़त दिलाने से चूक गए। कांगो के सेंटर बैक स्टीव कापूड़ी ने पुर्तगाल के पेनल्टी बॉक्स पर सिर से गेंद को गोल में डालने की कोशिश की लेकिन चूक गए।
कांगो के कोच सेबेस्तियन डेजब्री ने इस जीत पर कहा कि हमारे खिलाड़ियों ने पूरी प्रतिबद्बता और निस्वार्थ खेल दिखाया। हमने अपनी योजना को अमली जामा पहना कर सेट पीस पर गोल किया। मुझे अपनी टीम के खिलाड़ियों पर गर्व है क्योंकि वे सकारात्मक अंदाज में कांगो की नुमाइंदगी करते हैं। कांगो के लिए इकलौता गोल करने वाले योआन विजा ने कहा कि मुझे अपनी टीम के प्रदर्शन पर गर्व है, क्योंकि हमने कड़ी मेहनत की है। पुर्तगाल जैसी मजबूत टीम के खिलाफ यह बहुत मुश्किल मैच था। अब सबसे जरूरी है कि हम आगे बढ़ते रहें।
इंग्लैंड का क्रोएशिया पर 4-2 से जीत से आगाज
तेज तर्रार स्ट्राइकर और कप्तान हैरी केन के पहले हाफ में दागे दो और आक्रामक मिडफील्डर जूड बेलिंघम और बदलू स्ट्राइकर मरकस रशफर्ड के दूसरे हाफ में दागे एक-एक गोल की बदौलत इंग्लैंड ने मजबूत प्रतिद्वंद्वी क्रोएशिया पर ग्रुप एल में अपना आगाज 4-2 की संघर्षपूर्ण जीत के साथ किया। पराजित क्रोएशिया ने मार्टिन बटूरिना और पीटर मूसा के एक-एक गोल से हाफ टाइम तक दो दो की बराबरी पा ली थी। पहले हाफ में चार गोल हुए और इसमें इंग्लैंड ने दो बार बढ़त ली लेकिन क्रोएशिया बटूरिना और मूसा के एक एक गोल से हाफ टाइम तक दो दो की बराबरी पाने में कामयाब रहा।
इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन अब विश्व कप के इतिहास में शूटआउट को छोड़ पेनल्टी किक पर सबसे ज्यादा गोल करने वाले फुटबॉलर बन गए हैं। इंग्लैंड के कोच टॉमस टचेल ने कहा, ‘हमारे लिए पहला हाफ कुछ मुश्किलों वाला रहा। पहले हाफ में लय पाने के लिए हमें जूझना पड़ा। पहले हाफ की बजाय दूसरे हाफ में हम कहीं बेहतर ढंग से गेंद को अपने कब्जे में कर पाए। पहले हाफ में हमारे खेल में पूरी प्रतिबद्धता नहीं दिखी। हमारे खिलाड़ी दूसरे हाफ में जोश से खेले।’
इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने अपनी टीम की जीत के बाद कहा,‘कोच टचेल ने हाफ टाइम में टीम के खिलाड़ियों से कहा कि हम हारते भी हैं तो अपने तरीके से हारेंगे और आपने फिर देखा कि हमारे खिलाड़ी दूसरे हाफ में किस तरह खेले। हमने दूसरे हाफ में पूरी ताकत झोंक दी। हमें आगे के हर मैच में इसी तरह का पूरा दमदार खेल दिखाना होगा। पूरी शिद्दत से खेलना ही हमारी ताकत है और हम आगे भी इस विश्व कप में इसी शिद्दत से खेलेंगे।’
कोलंबिया की उज्बेकिस्तान पर रोमांचक जीत
स्ट्राइकर लुइस डायज के अनुकरणीय खेल की बदौलत दक्षिण अमेरिकी टीम कोलंबिया ने अपनी मजबूत किलेबंदी के लिए ख्यात उज्बेकिस्तान को मैक्सिको सिटी में फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 में ग्रुप के में रोमांचक मैच में 3-1से हरा कर शानदार आगाज किया। लुइस डायज के बेहतरीन पास पर डैनियल मुनोज ने कोलंबिया का खाता खोला। लुइस डायज ने दूसरे हाफ में खुद पैरों की कलाकारी दिखा कर गजब का गोल कर कोलंबिया को 2-1 से आगे किया और जेमिटन कैम्पाज ने खेल खत्म ठीक पहले इंजुरी टाइम में गोल कर कोलंबिया को 3-1 से मैच जिता दिया। पराजित उज्बेकिस्तान की ओर से इकलौता गोल अबूजबेक फयाजुली ने दूसरे हाफ में दागा।
कोलंबिया के मिडफील्डर जॉन अरियाज ने मैक्सिको में अपने प्रशंसकों की हौसलाअफजाई के बीच मैच के 17वें मिनट में उज्बेकिस्तान के बॉक्स के बीच तेज शॉट जमाया लेकिन बहुत करीब से उनका निशाना लक्ष्य चूक गया। लुइस डायज ने मैच के 32 वें मिनट में बाएं पैर से तेज शॉट जमाया लेकिन उज्बेकिस्तान के गोलरक्षक उत्किर यूसुपोव ने इसे रोक कर कोलंबिया को बढ़त लेने से रोक दिया। कोलंबिया के लगातार हमलों के सामने यह साफ दिखाई दिया कि किसी भी वक्त उज्बेकिस्तान का किला बिखर जाएगा। डायज के अचूक पास पर हाफ टाइम से पांच मिनट पहले मुनोज ने पैर से गेंद को फ्लिक कर गोल में डालकर कोलंबिया का खाता खोला। एल्डर शुमरोदोव के बाएं से बढ़िया क्रॉस पर दोस्तोनबैक खामादोव की जोरदार वॉली जमाई पर गेंद गोलस्तंभ को टकरा बाहर और मैच के 60 वें मिनट में अबूजबेक फयाजुली ने लपक कर गोल में डालकर उज्बेकिस्तान को एक एक की बराबरी दिला दी। पहली बार शिरकत कर रही उज्बेकिस्तान की बराबरी की खुशी ज्यादा देर तक कायम नहीं रही। स्ट्राइकर लुइस डायज के पांच मिनट बाद बॉक्स के भीतर तेज नीचे शॉट पर गेंद उज्बेकिस्तान के गोलरक्षक यूसुपोव के हाथ को लग कर गोल में जा पहुंची और कोलंबिया ने 2-1 की बढ़त ले ली। जेमिटन कैम्पाज ने खेल खत्म होने से ठीक पहले गोल कर कोलंबिया को 3-1 से मैच जिता दिया।
घाना ने पनामा को दी शिकस्त
कालेब येरिंकई द्वारा खेल खत्म होने से ठीक पहले इंजुरी टाइम में दागे इकलौते गोल से घाना ने पनामा को बुधवार को टोरंटो के टोरंटो स्टेडियम में फीफा विश्व कप फुटबॉल 2026 में ग्रुप एल के अपने पहले मैच में 1-0 से हरा कर पूरे अंक पाए। पनामा को पहले हाफ में गोल करने का मौका मिला लेकिन मिडफील्डर आमिर मुरिलो के नीचे क्रास पर स्ट्राइकर सेसिलो वाटरमैन ने बॉक्स के ठीक उपर गेंद संभाली, लेकिन उनके तेज शॉट को घाना के बदलू गोलरक्षक बेंजामिन असारे ने बढ़िया पूर्वानुमान लगा गेंद को अपने उन्हें गोल करने से रोक दिया। इससे पहले पनामा के जिवोनी रमोज ने गोलरक्षक असारे के हाथ लगकर लौटती गेंद को गोलस्तंभ के उपर बाहर मार कर अपनी टीम को बढ़त दिलाने का मौका गंवा दिया। घाना की टीम दूसरे हाफ के शुरू में तब गोल खाती खाती बची जब पनामा के क्रिश्चियन मार्टिनेज बॉक्स के भीतर पहुंच कर हड़बड़ी में बाहर गेंद मार बैठे। टॉमस असांटे ने बाएं से खेल खत्म होने से ठीक पहले कालेब येरिंकई के लिए बाएं से गेंद बढ़ाई और उन्होंने बॉक्स के ठीक उपर से दनदनाता शॉट जमा गोल कर घाना को 1-0 से आगे कर अहम जीत दिला दी।


