12वीं के बाद चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना आज के समय में छात्रों के लिए सबसे लोकप्रिय और सम्मानजनक करियर विकल्पों में से एक है। भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था, जीएसटी, स्टार्टअप्स, कॉर्पोरेट सेक्टर और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के विस्तार के कारण वित्त और लेखांकन क्षेत्र में विशेषज्ञों की मांग लगातार बढ़ रही है। यही कारण है कि बड़ी संख्या में विद्यार्थी यह जानना चाहते हैं कि सीए कैसे बनें और इस क्षेत्र में सफल करियर कैसे बनाया जाए।
चार्टर्ड अकाउंटेंट वह पेशेवर होता है जो किसी संस्था या व्यक्ति के वित्तीय लेखे-जोखे का प्रबंधन करता है। CA का कार्य अकाउंटिंग, टैक्सेशन, ऑडिटिंग, वित्तीय सलाह, कंपनी कानून और वित्तीय प्रबंधन से जुड़ा होता है। वर्तमान समय में हर कंपनी, बैंक, उद्योग और व्यापारिक संस्था को योग्य सीए की आवश्यकता होती है। यही कारण है कि सीए प्रोफेशन को उच्च वेतन, सम्मान और स्थिर करियर के लिए जाना जाता है।
सीए बनने की प्रक्रिया और ICAI की भूमिका
भारत में सीए कोर्स का संचालन The Institute of Chartered Accountants of India (ICAI) द्वारा किया जाता है। ICAI के नियमों के अनुसार किसी भी स्ट्रीम कॉमर्स, साइंस या आर्ट्स से 12वीं पास छात्र सीए कोर्स के लिए आवेदन कर सकता है। हालांकि कॉमर्स के छात्रों को अकाउंट्स और इकोनॉमिक्स का आधार होने के कारण कुछ लाभ मिल सकता है लेकिन सीए बनने की प्रक्रिया तीन मुख्य चरणों में पूरी होती है- सीए फाउंडेशन, सीए इंटरमीडियट और सीए फाइनल।
पहला चरण: सीए फाउंडेशन
सबसे पहले 12वीं के बाद छात्रों को ICAI की आधिकारिक वेबसाइट पर सीए फांडेशन कोर्स के लिए रजिस्ट्रेशन करना होता है। रजिस्ट्रेशन के बाद लगभग 4 से 6 महीने की तैयारी का समय मिलता है। सीए फाउंडेशन परीक्षा में चार विषय होते हैं- Accounts, Business Laws, Quantitative Aptitude और Business Economics। प्रत्येक विषय 100 अंकों का होता है। परीक्षा पास करने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 40% अंक तथा कुल मिलाकर 50% अंक प्राप्त करना अनिवार्य होता है। यह चरण छात्र की नींव मजबूत करता है।
दूसरा चरण: सीए इंटरमीडिएट
फाउडेशन परीक्षा पास करने के बाद छात्र सीए इंटरमीडिएट कोर्स में प्रवेश लेते हैं। इंटरमीडिएट स्तर में कुल 6 विषय होते हैं, जिन्हें दो ग्रुप में विभाजित किया गया है।
-
पहले ग्रुप में: Advanced Accounting, Corporate and Other Laws तथा Taxation शामिल हैं।
-
दूसरे ग्रुप में: Cost and Management Accounting, Auditing and Ethics तथा Financial Management and Strategic Management विषय पढ़ाए जाते हैं।
इस स्तर पर छात्रों को काफी गहन अध्ययन और नियमित अभ्यास की आवश्यकता होती है क्योंकि यहाँ से प्रोफेशनलिज्म की शुरुआत होती है।
सीए इंटरमीडिएट पास करने के बाद छात्रों को 2 वर्ष की अनिवार्य आर्टिकलशिप ट्रेनिंग करनी होती है। यह प्रैक्टिकल ट्रेनिंग किसी अनुभवी चार्टर्ड अकाउंटेंट के अधीन की जाती है। आर्टिकलशिप के दौरान छात्रों को वास्तविक कार्यों जैसे ऑडिट, टैक्स रिटर्न, अकाउंटिंग और कंपनी अनुपालन का अनुभव प्राप्त होता है। यही प्रशिक्षण एक छात्र को व्यावहारिक रूप से मजबूत बनाता है और उसे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है।
तीसरा चरण: सीए फाइनल
इसके बाद छात्र सीए फाइनल परीक्षा के लिए आवेदन करते हैं। सीए फाइनल में भी 6 विषय होते हैं, जिनमें Financial Reporting, Advanced Financial Management, Advanced Auditing, Direct Tax Laws, Indirect Tax Laws और Integrated Business Solutions जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। फाइनल परीक्षा पास करने के बाद छात्र ICAI में सदस्य के रूप में पंजीकरण करवाता है और आधिकारिक रूप से चार्टर्ड अकाउंटेंट बन जाता है।
चार्टर्ड अकाउंटेंट कोर्स की कुल अवधि लगभग 4.5 से 5 वर्ष होती है। यदि किसी स्तर पर अधिक प्रयास लगते हैं, तो यह अवधि बढ़ सकती है। कोर्स की कुल फीस लगभग 3 से 3.5 लाख रूपये तक हो सकती है, जिसमें रजिस्ट्रेशन, परीक्षा और प्रशिक्षण शुल्क शामिल होते हैं। अन्य प्रोफेशनल कोर्सेज के मुकाबले यह काफी किफायती है।
भविष्य की मांग और अवसर
आज भारत में योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट की काफी कमी महसूस की जा रही है। ICAI के अनुसार वर्तमान में भारत में लगभग 4 लाख चार्टर्ड अकाउंटेंट सदस्य हैं, जबकि 2047 तक देश को लगभग 30 लाख चार्टर्ड अकाउंटेंट की आवश्यकता हो सकती है। जीएसटी, स्टार्टअप्स, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (GCC), टैक्सेशन और कॉर्पोरेट अनुपालन के बढ़ते कार्यों के कारण सीए की मांग तेजी से बढ़ रही है।
भारत के अलावा विदेशों में भी भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट की मांग बढ़ रही है। विशेष रूप से यूनाईटेड स्टेट्स, यूनाईटेड किंगडम, कनाडा, आस्ट्रेलिया, यूनाटेड अरब अमीरात और सिंगापुर जैसे देशों में भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट को अच्छे अवसर और उच्च वेतन मिल रहा है।
यदि छात्र सही मार्गदर्शन, अनुशासन और नियमित अभ्यास के साथ तैयारी करें, तो चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना कठिन नहीं है। यह प्रोफेशन न केवल आर्थिक रूप से मजबूत बनाता है, बल्कि समाज में सम्मान और स्थिर भविष्य भी प्रदान करता है।


