सहकारिता मंत्रालय के अंतर्गत को-ऑपरेटिव इलेक्शन अथॉरिटी (CEA) ने सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (STCL) के निदेशक मंडल (Board of Directors) के चुनाव परिणामों को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही बोर्ड के नए सदस्यों की औपचारिक घोषणा का रास्ता साफ हो गया है।
CEA द्वारा जारी आदेश के अनुसार, KRIBHCO के निदेशक बिपिनभाई नारणभाई पटेल और NAFED के निदेशक राम प्रकाश चौधरी सामान्य श्रेणी से निर्विरोध निदेशक चुने गए हैं। यह मंजूरी मल्टी-स्टेट कोऑपरेटिव सोसाइटीज रूल्स के नियम 19M के तहत रिटर्निंग ऑफिसर की सिफारिशों के आधार पर दी गई है।
इससे पहले 18 जून 2026 को NAFED के बोर्ड ने राम प्रकाश चौधरी को STCL बोर्ड के लिए अपना प्रतिनिधि नामित किया था। वहीं 23 जून 2026 को KRIBHCO के बोर्ड ने बिपिनभाई नारणभाई पटेल को अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया था।
CEA ने रिटर्निंग ऑफिसर को चुनाव परिणामों की औपचारिक घोषणा करने और निर्वाचित निदेशकों के नाम सहकार टैक्सी की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, बोर्ड के अध्यक्ष (चेयरमैन) के चुनाव या नियुक्ति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड की स्थापना सहकारिता मंत्रालय की “सहकार से समृद्धि” पहल के तहत की गई है। इसका उद्देश्य ड्राइवरों के स्वामित्व वाला एक सहकारी राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म तैयार करना है, जो निजी टैक्सी एग्रीगेटर कंपनियों का विकल्प बन सके।
इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से टैक्सी चालकों को अधिक कमाई का अवसर मिलेगा, क्योंकि उन्हें ऊंचे कमीशन का भुगतान नहीं करना पड़ेगा। साथ ही डिजिटल तकनीक की मदद से यात्रियों को पारदर्शी, किफायती और बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
सहकार टैक्सी के प्रमोटर सदस्यों में NAFED, KRIBHCO, IFFCO, GCMMF (अमूल), NCEL, NCOL सहित कई प्रमुख राष्ट्रीय सहकारी संस्थाएं शामिल हैं। इसे सहकारिता मंत्रालय की प्रमुख और महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है।


