– विराट कोहली और रोहित शर्मा भारत की वन डे क्रिकेट टीम में
– मानव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे पहली बार भारत की टेस्ट व वन डे टीम में
– इशान और हार्दिक की भारत की वन डे टीम में वापसी
नई दिल्ली, 19 मई, 2026: सदाबहार अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को मेहमान अफगानिस्तान के खिलाफ जून में खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट के लिए घोषित भारत की 15 सदस्यीय क्रिकेट टीम में आराम दिया गया है। शुभमन गिल की भारत की टेस्ट टीम के कप्तान रहेंगे जबकि केएल राहुल को विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की जगह भारतीय टीम का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। भारतीय टीम का बीते बरस नवंबर में मेहमान दक्षिण अफ्रीका के हाथों घर मे टेस्ट सीरीज 0-2 के बाद यह पहला क्रिकेट टेस्ट होगा।
बुमराह और जडेजा के साथ बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल और तेज गेंदबाज आकाश दीप को भी अफगानिस्तान के खिलाफ चुनी गई भारतीय टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया है। राजस्थान के बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर मानव सुथार, पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ और विदर्भ के बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे को पहली बार भारतीय टेस्ट के लिए चुना गया है। भारत मेहमान अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र क्रिकेट टेस्ट मैच 6 से 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में खेलेगा। भारत मेहमान अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैच धर्मशाला (13 जून), लखनऊ (17 जून) और चेन्नै (20 जून) को खेलेगी।
दिल्ली के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे को मेहमान अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में पहली बार भारत की वन डे क्रिकेट टीम के लिए बुलावा आया है। सदाबहार धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भारत की वन डे क्रिकेट टीम में अपना स्थान बरकरार रखा है। इशान किशन और हार्दिक पांडया की भारत की वन डे क्रिकेट टीम में वापसी हुई है जबकि इस साल जनवरी में न्यूजीलैंड के हाथों वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज में शामिल रहे ऋषभ पंत, रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरैल, आयुष बडोनी, हर्षित राणा और मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर कर दिया गया है।
अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट मैच के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम है: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पड्डीकल, नीतिश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरैल।
अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम: शुभमन गिल(कप्तान), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), *रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल, इशान किशन, *हार्दिक पांडया, नीतिश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे।
*(फिट होने पर टीम में शामिल किया जाएगा)
भारत के मुख्य चयनकर्ता अजित आगरकर ने ऋषभ पंत को टेस्ट टीम के उपकप्तान पद से हटाए जाने और वन डे टीम से बाहर करने की बात कहा, ‘ऋषभ पंत की टेस्ट टीम में जगह को लेकर कोई चिंता नहीं है और इस फॉर्मेट के वह हमारे मुख्य बल्लेबाजों में से एक हैं। चोट के चलते बाहर होने से पहले तक ऋषभ पंत का भारतीय टेस्ट टीम के साथ इंग्लैंड दौरा खासा बढ़िया रहा है। मुझे पूरा विश्वास है कि ऋषभ पंत अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में बेशक और रन बनाना चाहेंगे। ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए निरंतर बढ़िया प्रदर्शन किया है। वन डे क्रिकेट में हम विकेटकीपर के रूप में हम दो अलग विकल्प चुने हैं। टेस्ट क्रिकेट में ऋषभ पंत हमारे एक मुख्य खिलाड़ी रहेंगे। टेस्ट क्रिकेट में उपकप्तान के रूप में अनुभवी केएल राहुल के रूप में हमें सर्वश्रेष्ठ विकल्प दिखा है । अब यदि फिर ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न हुई तो केएल राहुल अपने अनुभव के चलते बतौर उपकप्तान बढ़िया विकल्प साबित होंगे। साथ ही केएल राहुल का इंग्लैंड और वेस्ट इंडीज के खिलाफ दौरा अच्छा रहा था।
रोहित शर्मा और हार्दिक पांडया को फिट होने पर ही वन डे टीम में जगह मिलेगी क्योंकि मुंबई इंडियंस के आईपीएल 2026 में चोटिल हो गए थे। रोहित जांघ की मांसपेशी में खिंचाव के चलते आईपीएल में पांच और हार्दिक पांडया पीठ में जकड़न के चलते मुंबई इंडियंस के लिए चार मैच नहीं खेले। रवींद्र जडेजा को आईपीएल 2026 के आखिर में चोटिल हो गए जबकि हर्षित राणा और आकाशदीप ने चोट के चलते पूरे सीजन क्रिकेट नहीं खेली।
अजित आगरकर ने कहा, ‘मुझे भारतीय टीम के फिजियो ने बताया कि रोहित और हार्दिक अफगानिस्तान के खिलाफ 14 जून से शुरू हे वन डे अंतर्राष्ट्रीय मैचों के लिए फिट होने की ओर हैं। बुमराह के इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में होने वाली वन डे क्रिकेट सीरीज के लिए टीम इंडिया में वापसी की उम्मीद है। पंजाब के 25 बरस के लंबे कद के तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ हालांकि अभी तक मात्र 18 प्रथम श्रेणी के मैच खेले है लेकिन वह भारत ए के लिए खेल चुके हैं। गुरनूर ने आठ मैचों मे 11 विकेट चटका कर पंजाब को विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में अहम भूमिका निभाई थीऔर भारत ए के लिए ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ दो चार दिनी मैचों में आठ विकेट चटकाए थे।
मुख्य चयनकर्ता अजित आगरकर ने कहा,‘ गुरनूर ने पिछले डेढ़ सीजन में बहुत सभावनाए जताई है। वह खासे लंबे गेंदबाज हैं और उनके पास रफ्तार भी है। दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वन डे क्रिकेट विश्व कप के मद्देनजर हम बेशक कुछ ऐसे खिलाड़ियों को आजमाएंगे, जो तब उपयोगी साबित हो सकते यदि वे इसी तरह मेहनत जारी रखते हैं। दिल्ली के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने घरेलू सीजन में बहुत संभावनाएं दिखाई हैं। विजय हजारे में प्रिंस यादव ने अच्छा प्रदर्शन किया। साथ ही आईपीएल में प्रिंस खासे कामयाब रहे और हमने देखा है कि बीते एक बरस में एक गेंदबाज के रूप में वह काफी बेहतर हैं।


