नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने विंटर इंटर्नशिप प्रोग्राम 2026-27 और टर्म इंटर्नशिप प्रोग्राम 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, सड़क सुरक्षा, फाइनेंस, लॉ, मीडिया और अन्य प्रमुख क्षेत्रों के छात्र 20 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इस इंटर्नशिप का उद्देश्य युवाओं को अनुभवी पेशेवरों के साथ काम करते हुए वास्तविक परियोजनाओं का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है।
NHAI के अनुसार चयनित इंटर्न को प्रशिक्षण के साथ 20,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। वर्तमान में देशभर में 125 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है, जिससे छात्रों को बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में सीखने का अवसर मिलेगा।
इस इंटर्नशिप के लिए किसी लिखित परीक्षा या इंटरव्यू का आयोजन नहीं किया जाएगा। उम्मीदवारों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग के जरिए होगा। चयनित अभ्यर्थियों को ईमेल और एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी।
आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से NHAI के आधिकारिक इंटर्नशिप पोर्टल internshipsatnhai.digitalindiacorporation.in पर किए जा सकते हैं। उम्मीदवारों को पहले पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर अपनी प्रोफाइल बनानी होगी, इसके बाद संबंधित इंटर्नशिप के लिए आवेदन जमा करना होगा। चयन प्रक्रिया से जुड़े सभी अपडेट पोर्टल पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
पात्रता की बात करें तो मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों में सिविल, इलेक्ट्रिकल, कंप्यूटर साइंस, ईसीई, मैकेनिकल और एनवायरमेंटल इंजीनियरिंग में बीई या बीटेक कर रहे छात्र आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा एमई, एमटेक, एमबीए, डेटा साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, लॉ, मास कम्युनिकेशन, एचआर और ऑर्गेनाइजेशन बिहेवियर जैसे फुल-टाइम अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी भी पात्र हैं।
आवेदन करने वाले छात्रों के लिए डिग्री कोर्स में कम से कम 60 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। हालांकि, जो उम्मीदवार अपनी डिग्री पूरी कर चुके हैं, वे इस इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए आवेदन नहीं कर सकते।


