महाराष्ट्र सरकार ने पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमाफी योजना 2026 के तहत पात्र किसानों की तीसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में राज्य के 3,51,192 किसानों को शामिल किया गया है। सरकार के इस कदम से किसानों को आर्थिक राहत मिलने के साथ सहकारी बैंकिंग क्षेत्र को भी लाभ होने की उम्मीद है।
राज्य के सहकारिता मंत्री बाबासाहेब पाटिल ने पात्र किसानों से अपील की है कि वे अपने बकाया कृषि ऋण की जानकारी सत्यापित करें और योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए नजदीकी आपले सेवा केंद्र पर आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करें।
दो लाख रुपये तक का कृषि ऋण होगा माफ
योजना के तहत 1 अप्रैल 2019 से 31 मार्च 2025 के बीच वितरित ऐसे फसल ऋण कर्जमाफी के पात्र होंगे, जो 30 सितंबर 2025 तक बकाया थे और जिनका भुगतान 31 मार्च 2026 तक नहीं किया गया था। पात्र किसानों को अधिकतम दो लाख रुपये तक की कर्जमाफी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त पुनर्गठित और दोबारा पुनर्गठित कृषि ऋण भी योजना के दायरे में शामिल किए गए हैं।
31.17 लाख ऋण खातों का विवरण पोर्टल पर अपलोड
सहकारिता मंत्री के अनुसार, बैंकों ने अब तक 31.17 लाख बकाया ऋण खातों का विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया है। वहीं, आधार प्रमाणीकरण के लिए 24.67 लाख लाभार्थियों की सूची प्रकाशित की जा चुकी है। आधार प्रमाणीकरण और आवश्यक सत्यापन पूरा होने के बाद स्वीकृत कर्जमाफी की राशि सीधे किसानों के संबंधित ऋण खातों में जमा की जाएगी। इस पहल से किसानों पर कर्ज का बोझ कम होने और सहकारी बैंकों की कृषि ऋण वसूली व्यवस्था को मजबूती मिलने की संभावना है।


