आंध्र प्रदेश सरकार ने जॉब कैलेंडर 2026 जारी करते हुए राज्य के युवाओं के लिए 10,060 सरकारी नौकरियों की घोषणा की है। यह भर्ती 25 विभागों में की जाएगी और पूरी प्रक्रिया चार चरणों में आयोजित होगी। भर्ती का संचालन आंध्र प्रदेश लोक सेवा आयोग (APPSC), आंध्र प्रदेश स्टेट लेवल पुलिस रिक्रूटमेंट बोर्ड और जिला चयन समितियों के माध्यम से किया जाएगा।
वित्त विभाग ने 22 अगस्त 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया है। सरकार का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और तय समय-सीमा के अनुसार संचालित की जाएगी। राज्य के मंत्री नारा लोकेश ने कहा कि अब हर वर्ष उगादी के आसपास जॉब कैलेंडर जारी किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को सरकारी भर्तियों की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
जॉब कैलेंडर के अनुसार पहले चरण में 1,523 पदों की अधिसूचना 15 मई को जारी की जा चुकी है। दूसरे चरण में 3,231 पदों के लिए 15 सितंबर को नोटिफिकेशन जारी होगा, जबकि तीसरे और चौथे चरण में क्रमशः 2,311 और 2,995 पदों की अधिसूचनाएं 15 अक्टूबर को जारी की जाएंगी।
इस भर्ती अभियान में सबसे अधिक अवसर शिक्षा और पुलिस विभाग में होंगे। स्कूल शिक्षा विभाग में 3,004 शिक्षक पदों पर नियुक्तियां जिला चयन समिति के माध्यम से की जाएंगी। वहीं पुलिस विभाग में 2,623 पदों पर भर्ती होगी, जिसमें 418 सब-इंस्पेक्टर, 1,970 कांस्टेबल, 171 जेल वार्डर और 64 फॉरेंसिक साइंस लैब के पद शामिल हैं।
इसके अलावा उच्च शिक्षा विभाग में 1,500 असिस्टेंट प्रोफेसर पदों पर भर्ती की जाएगी। APPSC के माध्यम से 91 ग्रुप-1 और 750 ग्रुप-2 पदों सहित कई अन्य सरकारी पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे APPSC और संबंधित भर्ती एजेंसियों की आधिकारिक वेबसाइटों पर जारी होने वाली विस्तृत अधिसूचनाओं पर नजर रखें, जहां पात्रता, आवेदन तिथियां, रिक्तियों का विवरण और परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।


