अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली ने नर्सिंग ऑफिसर रिक्रूटमेंट कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (NORCET)-11, 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इसके साथ ही 24 जुलाई 2026 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी 13 अगस्त 2026 को शाम 5 बजे तक आधिकारिक पोर्टल aiimsexams.ac.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। AIIMS ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया दो चरणों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर पूरी की जाएगी। कुल रिक्तियों की संख्या अलग से जारी की जाएगी।
नोटिफिकेशन के अनुसार प्रारंभिक कंप्यूटर आधारित परीक्षा 12 सितंबर 2026 को आयोजित होगी, जबकि मुख्य परीक्षा 30 सितंबर 2026 को होगी। आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। हालांकि आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार के पास बी.एससी. (ऑनर्स) नर्सिंग, बी.एससी. नर्सिंग या पोस्ट बेसिक बी.एससी. नर्सिंग की डिग्री होना आवश्यक है। इसके साथ ही अभ्यर्थी का स्टेट नर्सिंग काउंसिल या इंडियन नर्सिंग काउंसिल में नर्स एवं मिडवाइफ के रूप में पंजीकरण होना अनिवार्य है। वहीं जीएनएम डिप्लोमा धारक भी आवेदन कर सकते हैं, यदि वे पंजीकृत नर्स हों और कम से कम 50 बेड वाले अस्पताल में दो वर्ष का कार्य अनुभव रखते हों।
आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और यूआर वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 3,000 रुपये निर्धारित किया गया है। एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों को 2,400 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा, जबकि दिव्यांग उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है। AIIMS ने यह भी बताया है कि परीक्षा में शामिल होने वाले एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को परिणाम घोषित होने के बाद नियमानुसार आवेदन शुल्क वापस किया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति नर्सिंग ऑफिसर (ग्रुप-बी) के पद पर पे मैट्रिक्स लेवल-7 के तहत की जाएगी। यह पुराने वेतनमान 9,300 रुपये से 34,800 रुपये और 4,600 रुपये ग्रेड पे के समकक्ष है। इसके अलावा चयनित उम्मीदवारों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और अन्य सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा।
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले कंप्यूटर आधारित प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद सफल उम्मीदवार मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा और अंत में मेडिकल परीक्षण के बाद अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को AIIMS की आधिकारिक परीक्षा वेबसाइट aiimsexams.ac.in. पर जाकर NORCET-11 रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद नया पंजीकरण कर लॉगिन करना होगा, आवेदन पत्र में मांगी गई सभी जानकारी भरनी होगी, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे और ऑनलाइन शुल्क जमा कर आवेदन पत्र सबमिट करना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखना आवश्यक होगा।


