– इस बार महिला हॉकी इंडिया लीग को मिलेगा नया चैंपियन
– एसजी पाइपर्स के सामने बंगाल टाइगर्स की वंदना को रोकने की चुनौती
तेज तर्रार स्ट्राइकर नवनीत कौर की अगुआई वाली एसजी पाइपर्स और अनुभवी स्ट्राइकर वंदना कटारिया की कप्तानी में उतरने वाली श्राची बंगाल टाइगर्स के बीच महिला हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 के फाइनल में शनिवार को बेहद रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है। एसजी पाइपर्स और श्राची बंगाल टाइगर्स करीब एक सी शैली से खेलने वाली बराबरी की दो टीमों के बीच मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले जाने वाले फाइनल में जीते चाहे जो कोई, इस बार इस महिला एचआईएल को नया चैंपियन मिलेगा।
एसजी पाइपर्स की ताकत उसकी कप्तान और तेज तर्रार स्ट्राइकर उसके लिए सबसे ज्यादा चार गोल करने वाली कप्तान नवनीत कौर है। वहीं बंगाल टाइगर्स अपनी कप्तान स्ट्राइकर वंदना कटारिया और पेनल्टी कॉर्नर पर पांच गोल करने वाली ड्रैग फ्लिकर ऑगस्टिना ग्रोजीलनी पर भरोसा कर फाइनल में खेलने उतरेगी। एसजी पाइपर्स के सामने बंगाल टाइगर्स की कप्तान वंदना कटारिया को मैदानी गोल करने से रोकने के साथ उसे पेनल्टी कॉर्नर बनाने से रोकने की चुनौती होगी।
लीग में आंकड़े एसजी पाइपर्स के हक में रहे। एसजी पाइपर्स लीग में 11 गोल के साथ रांची रॉयल्स (13 गोल) के बाद सबसे ज्यादा गोल दागने में दूसरे स्थान पर रही। एसजी पाइपर्स की कप्तान नवनीत कौर ने उसके लिए लीग में सबसे ज्यादा चार गोल किए जबकि उसके लिए लोला रिरा ने तीन और सुनिलिता टोपो ने दो गोल किए हैं जबकि ज्योति सिंह और मारिया टेरेसा वियांची ने भी गोल किया। एसजी पाइपर्स ने लीग चरण में नौ गोल खाए।
लीग चरण में श्राची बंगाल टाइगर्स ने अब तक केवल सात गोल किए हैं और इनमें से पांच उसकी ड्रैग फ्लिकर ऑगस्टिना ग्रोजीलनी ने पेनल्टी कॉर्नर पर किए। अनुभवी स्ट्राइकर वंदना कटारिया की अगुआई वाली बंगाल टाइगर्स के पास फाइनल के लिए जरूरी अनुभव है। वहीं एसजी पाइपर्स के लिए सबसे ज्यादा चार गोल उसकी कप्तान स्ट्राइकर नवनीत कौर ने दागे हैं।
एसजी पाइपर्स ने कुल 11 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर रहकर फाइनल में स्थान पाया। बंगाल टाइगर्स की टीम ने दो जीत निर्धारित समय में और दो जीत शूटआउट में हासिल कर दस अंकों के साथ नौ अंक पाने वाली रांची रॉयल्स को तीसरे स्थान पर धकेलकर फाइनल में स्थान बनाया। बंगाल टाइगर्स ने लीग में पहले मैच में एसजी पाइपर्स को निर्धारित समय में तीन-तीन की बराबरी के बाद शूटआउट में 4-3 से और दूसरे में निर्धारित समय में गोलरहित बराबरी के बाद सडन डेथ शूटआउट में 7-6 से हराया।
फोकस अब चैंपियन बनने पर : वंदना कटारिया
अपनी टीम के फाइनल तक के सफर पर बंगाल टाइगर्स की कप्तान वंदना कटारिया ने कहा, “हमारे कोच का शुरू से ही संदेश साफ था। हमारे कोच दीपक ठाकुर ने साफ किया था कि वह हमें खिताब के लिए खेलते देखना चाहते हैं। हमारी खिलाड़ी पूरी महिला एचआईएल में ही खिताब जीतने की सोच से ही खेले। वह पिछले सीजन पुरुष टीम को खिताब जिता चुके हैं और अब हमारी महिला टीम को खिताब जिताना चाहते हैं। मैच दर मैच हमारा खेल बेहतर हुआ है और अब जरूरत लगातार अच्छा खेल जारी रखने की है। हम पूरे सीजन इसी सोच के साथ खेले हैं। हमारी टीम के बीच गजब का एका है और हम एक दूसरे के खेल को समझते हैं। हमारा फोकस अब चैंपियन बनने पर है।”
हम ट्रॉफी जीतने को बेताब : नवनीत कौर
वहीं एसजी पाइपर्स के फाइनल के सफर पर उसकी कप्तान नवनीत कौर ने कहा, “हमारा मौजूदा महिला एचआईएल के फाइनल तक का सफर शानदार रहा है। हमारी टीम का फाइनल में पहुंचना इस बात की गवाही देता है कि हमारी खिलाड़ी ने पूरी मेहनत की है। पिछले सीजन में आखिरी स्थान पर रहने के बाद इस बार अंक तालिका में शीर्ष पर रहकर फाइनल में स्थान बनाना शानदार अहसास है। हमारी टीम ने बेखौफ और आक्रामक हॉकी खेली है और हमारा मकसद खिताब के साथ समापन करना है। हमारी टीम विश्वास से भरी है और ट्रॉफी जीतने को बेताब है।”
रांची रॉयल्स को महिला हॉकी इंडिया लीग में तीसरा स्थान
वहीं लुशिना वान डेर हाइड और हाना कोटेर के दो-दो तथा संगीता कुमारी के एक गोल की बदौलत रांची रॉयल्स की महिला हॉकी टीम ने रांची में पहले ही फाइनल में स्थान चुकी एसजी पाइपर्स को 5-2 से हराकर तीसरा स्थान पाया। तीसरे स्थान पर रहने वाली रांची रॉयल्स को 50 लाख रुपये मिले। पराजित एसजी पाइपर्स के लिए दोनों गोल नवनीत कौर ने दागे।
लुशिना ने दूसरे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक से गोल कर रांची रॉयल्स का खाता खोला। नवनीत कौर ने दसवें मिनट में बढ़िया मैदानी गोल कर एसजी पाइपर्स को एक-एक की बराबरी दिला दी। संगीता कुमारी ने दूसरा क्वॉर्टर खत्म होने से छह मिनट पहले गोल कर रांची रॉयल्स को 2-1 कर दिया।
लुशिना ने चौथे व आखिरी क्वॉर्टर के दूसरे मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर पर अपना दूसरा गोल कर रांची रॉयल्स की बढ़त 3-1 कर दी। हाना ने मैच के 55वें मिनट में गोल कर रांची रॉयल्स को 4-1 से आगे कर दिया। एसजी पाइपर्स की नवनीत कौर ने तीन मिनट बाद मैच का अपना दूसरा गोल कर स्कोर 2-4 कर दिया। हाना ने मैच के आखिरी मिनट में अपना दूसरा गोल कर रांची रॉयल्स को मैच 5-2 से जिता दिया।
विजेता और उपविजेता टीमें बनेंगी करोड़पति
चैंपियन बनने वाली टीम को डेढ़ करोड़ रुपये और उपविजेता को एक करोड़ रुपये मिलेंगे। हीरो प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट को 20 लाख रुपये जबकि टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ गोलरक्षक, उदीय खिलाड़ी व टॉप स्कोरर को पांच-पांच लाख रुपये मिलेंगे। साथ ही पूरे टूर्नामेंट में सबसे अच्छी खेल भावना बनाए रखने वाली टीम को फेयर प्ले ट्रॉफी दी जाएगी। पाइपर्स की टीम अपना बृहस्पतिवार को आखिरी मैच रांची रॉयल्स से हारने के बावजूद अंक तालिका में शीर्ष पर रहकर फाइनल में पहुंची है।
हेंड्रिक्स और धामी के गोल से कलिंगा लांसर्स की बंगाल टाइगर्स पर 2-1 से रोमांचक जीत
ड्रैग फ्लिकर अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स और बॉबी सिंह धामी द्वारा आखिरी क्वॉर्टर में दागे एक-एक गोल की बदौलत वेदांता कलिंगा लांसर्स बृहस्पतिवार को श्राची बंगाल टाइगर्स को चेन्नई में पुरुष हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2026 में 2-1 से हरा कर दूसरे स्थान पर पहुंच गई। बंगाल टाइगर्स के लिए इकलौता गोल खेल खत्म होने से चार मिनट पहले अफ्फान यूसुफ ने दागा। शुरू के तीन क्वॉर्टर में दोनों ही टीमें गोल करने के लिए तरसती रहीं।
कलिंगा लांसर्स ने आक्रामक अंदाज में आगाज किया और उसके स्ट्राइकर बराबर डी में घुसने में कामयाब रहने के बावजूद बंगाल टाइगर्स के गोलरक्षक डेविड कर को छकाने में नाकाम रहे। बंगाल टाइगर्स ने दूसरे क्वॉर्टर में दबाव बनाया और कलिंगा लांसर्स के गोल पर चार जोरदार हमले बोलने के बावजूद गोल करने में कामयाब नहीं हो सके।
बंगाल टाइगर्स के गोलक्षक चौथे क्वॉर्टर के शुरू में भी जोरदार बचाव कर कलिंगा लांसर्स को गोल करने से रोके रखा। अलेक्जेंडर हेंड्रिक्स ने मैच के 52वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर अंततः वेदांता कलिंगा लांसर्स का खाता खोला। अफ्फान यूसुफ ने चार मिनट बाद एनरिक गोंजालेज के लंबे पास पर गेंद को डी के भीतर संभाल कर गोल कर बंगाल टाइगर्स को 1-1 की बराबरी दिला दी। बॉबी सिंह धामी ने अगले ही मिनट पेनल्टी कॉर्नर पर लौटती गेंद को गोल में डाल कर कलिंगा लांसर्स को 2-1 से आगे कर दिया। कलिंगा लांसर्स ने अपनी बढ़त बरकरार रखते हुए यह मैच जीतकर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।


