रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने आइसोलेटेड कैटेगरी (CEN-09/26) के तहत विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए शॉर्ट नोटिस जारी किया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 4 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।
इस भर्ती के तहत कुल 195 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार 12वीं पास से लेकर पोस्ट ग्रेजुएशन तक निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पद के अनुसार 30, 32, 33, 35 और 40 वर्ष हो सकती है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। आयु की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी।
चयन प्रक्रिया
उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के माध्यम से किया जाएगा। इसमें निर्धारित कटऑफ अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए बुलाया जाएगा। इसमें पद के अनुसार स्टेनोग्राफी स्किल टेस्ट, SST, परफॉर्मेंस टेस्ट, टीचिंग स्किल टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षा शामिल हो सकती है। सभी चरण पूरे होने के बाद अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।
चयनित उम्मीदवारों को पद के अनुसार पे लेवल-2 से लेकर पे लेवल-7 तक वेतन दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 250 रुपये शुल्क देना होगा। आवेदन शुल्क डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से जमा किया जा सकता है।
सीबीटी-1 परीक्षा में शामिल होने के बाद सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 400 रुपये वापस किए जाएंगे, जबकि एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को पूरी 250 रुपये की फीस रिफंड की जाएगी।
कैसे करें आवेदन
इस भर्ती के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से रेलवे के आधिकारिक पोर्टल rrbapply.gov.in पर किया जा सकेगा। अन्य किसी माध्यम से आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।


