नई दिल्ली। अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक की बदौलत भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड को वेलिंगटन में तीसरे टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में मंगलवार को 40 गेंदों के बाकी रहते छह विकेट से हरा कर बुरी तरह पस्त कर 3-0 की निर्णायक व विजयदाई बढ़त हासिल कर सीरीज भी जीत ली। अभिषेक ने अपने सलामी जोड़ीदार 15 बरस के वैभव सूर्यवंशी (45 रन, 19 गेंद, 4 छक्के, चार चौके ) के साथ मात्र 7.1 ओवर में 133 रन की भागीदारी की बदौलत अनेक रिकॉर्ड ध्वस्त कर दबंग अंदाज में न्यूजीलैंड को हरा वेलिंगटन में पस्त कर दिया। भारत अब जीत के सिलसिले को आगे बढ़ा कर ऑकलैंड में चौथे टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड को हरा कर पांच मैचों की सीरीज में उसका सूपड़ा साफ करने की ओर मजबूत कदम बढ़ाने उतरेगा।
न्यूजीलैंड द्वारा पहले बल्लेबाजी की दावत पाकर तीसरे टी20 अंतर्राष्ट्रीय में बनाए तीन विकेट पर 198 रन के स्कोर को भारत ने मात्र 13.2 ओवर में चार विकेट पर जिस तूफानी अंदाज में हासिल किया उससे मेजबान टीम सिर्फ हारी नहीं, उसका हौसला भी बुरी तरह टूट गया। भारत की न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले पांच टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों में पांचवीं जीत थी। अभिषेक शर्मा अब तक टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में चार शतक जड़ क्रिकेट इस सबसे छोटे फॉर्मेट में भारत के ही रोहित शर्मा (पांच शतक) और ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल (पांच शतक) के बाद दूसरे नंबर पर हैं। अपने तेज गेंदबाज लॉकी फर्गुसन के मांसपेशी में खिंचाव के चलते मौजूदा पांच टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज से बाहर होने से न्यूजीलैंड को बड़ा झटका लगा है। न्यूजीलैंड ने उनकी जगह मैथ्यू फिशर को सीरीज के चौथे टी20 अंतर्राष्ट्रीय के लिए टीम में शामिल किया है।
भारत अब न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-0 की बढ़त के साथ पांच टी20 अंतर्राष्ट्रीय मैचों की सीरीज पर कब्जा कर चुका है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या वह अब बाकी दो मैचों में अपनी एकादश में फेरबदल करेगा। अभिषेक और वैभव की तीसरे टी20 अंतर्राष्ट्रीय में आतिशी भागीदारी के बाद अब उनसे भारतीय टीम प्रबंधन कोई छेड़छाड़ करता नहीं दिखाई देता है। इशान किशन अब फिट भी हो जाते हैं तो बड़ा सवाल यह रहेगा कि बतौर बल्लेबाज किसे बाहर रखा जाएगा। भारत की एकादश में बतौर फिनिशर नमन धीर और तिलक वर्मा ने शुरू के दो मैचों में जिस शानदार अंदाज में बल्लेबाजी की उसके चलते उनके साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ की आशंका नहीं है।
खासतौर पर अभिषेक के तूफानी पारी ने क्रिकेट पंडितों को हैरान कर दिया। इसके साथ ही वह आईसीसी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर 1 पर पहुंच गए हैं। हालांकि अभिषेक (113 रन, 38 गेंद, 11 छक्के व नौ चौके) के इस तूफानी शतक के बावजूद उन पर चुटकी लेते हुए उनके उस्ताद युवराज सिंह ने उन्हें याद दिलाया कि वह अभी भी उनके 12 गेंदों पर टी20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में उनके सबसे तेज अर्द्ध शतक के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाए हैं। युवराज सिंह ने यह टिप्पणी संभवत: अभिषेक शर्मा को टी20 अंतर्राष्ट्रीय में बेहतर और बेहतर करने की ‘आग’ जिंदा रखने के लिए के लिए की गई है। कप्तान बाएं हाथ के स्पिनर मिचेल सेंटनर न्यूजीलैड के इकलौते और सबसे किफायती गेंदबाज रहे, जिन्होंने तीसरे टी20 अंतर्राष्ट्रीय में 5.60 रन प्रति ओवर की दर से रन दिए। भारत की पारी के शुरू में न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों की धुनाई के बावजूद खुद को देर से मोर्चे पर लगाने के लिए न्यूजीलैंड के कप्तान सेंटनर की जो आलोचना हुई उस पर उनका जवाब यह था कि अभिषेक और वैभव की बल्लेबाजी ही बेहद लाजवाब थी। ऐसे में इसके लिए आपको इन दोनों की तारीफ करनी होगी।
मौजूदा टी20 सीरीज में एक दिलचस्प बात यह है कि भारत के अभिषेक शर्मा (169 रन) एक शतक सहित और न्यूजीलैंड के लिए ग्लेन फिलिप्स (169 रन) दो अर्द्बशतक के साथ रन बनाने में शीर्ष पर हैं। न्यूजीलैंड के लिए बेवन जेकॉब्स (129 रन), डैरल मिचेल (123 रन) ने एक एक अर्द्ब शतक जड़ा है और उनके साथ फिन एलन (101 रन) ने ही इस सीरीज में कुल 100 से ज्यादा रन बनाए हैं। भारत के सामने सबसे बड़ा सवाल यह रहेगा क्या वह चार बरस बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर शुरू के तीन मैचों में मात्र एक विकेट चटकाने वाले वाले अनुभवी स्विंग गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को एकादश में बरकरार रखेगा। न्यूजीलैंड के इस दौरे में आगे वन डे सीरीज भी खेलना है। ऐसे में भारत यदि गेंदबाजों में किसी को बदलना ही चाहता है तो फिर वह भुवनेश्वर कुमार को टीम में बरकरार रख अर्शदीप की जगह पहले मैच में खासे कामयाब रहे रफ्तार के सौदागर को वापस अपनी एकादश में शामिल कर सकता है।
भारत यदि अपनी गेदबाजी में कोई बदलाव करता है तो वह तेज गेंदबाज में ही अदला बदली करेगा और बतौर तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर में नीतिश रेड्डी की जगह शिवम दुबे को उतार का आठवें नंबर तक बल्लेबाज रखने की अपनी रणनीति पर काबिज रह सकता है। ऐसे मे भारत शुरू के तीन मैचों में दो विकेट चटकाने वाले बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल को एकादश में बेशक बरकरार रखेगा। लेग स्पिनर वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव को शुक्रवार को भी एकादश में मौका मिलता नहीं दिखाई देता है।
चौथा टी20 अंतर्राष्ट्रीय : भारत बनाम न्यूजीलैंड (शुक्रवार, दोपहर साढ़े 12 बजे से भारतीय समयानुसार)।


