Trending News

BBSSL और तेलंगाना सीड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के बीच रणनीतिक समझौता, सहकारी बीज आपूर्ति श्रृंखला को मिलेगा बढ़ावा UAE ने भारतीय पायलट स्मित मछार और फ्लाईदुबई के क्रू को बहादुरी के लिए किया सम्मानित भारत का SCO समिट में पाक मंत्री को न्योता रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटरों से कंफर्म या RAC टिकट लेने वाले यात्रियों को भी 45 पैसे प्रति यात्री में 10 लाख रुपए तक का बीमा कवर कुंभी चीनी मिल में देश का पहला बायोप्लास्टिक प्लांट चालू, गन्ने से बनेगी सड़ने वाली प्लास्टिक BBSSL और तेलंगाना सीड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के बीच रणनीतिक समझौता, सहकारी बीज आपूर्ति श्रृंखला को मिलेगा बढ़ावा UAE ने भारतीय पायलट स्मित मछार और फ्लाईदुबई के क्रू को बहादुरी के लिए किया सम्मानित भारत का SCO समिट में पाक मंत्री को न्योता रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटरों से कंफर्म या RAC टिकट लेने वाले यात्रियों को भी 45 पैसे प्रति यात्री में 10 लाख रुपए तक का बीमा कवर कुंभी चीनी मिल में देश का पहला बायोप्लास्टिक प्लांट चालू, गन्ने से बनेगी सड़ने वाली प्लास्टिक

Champions Trophy Hockey: मंदीप सिंह की हैट्रिक से भारत का बांग्लादेश पर 13-0 की बड़ी जीत से आगाज

मंदीप सिंह ने खुद तीन बेहतरीन मैदानी गोल करने के साथ कप्तान फुलबैक हरमनप्रीत सिंह के लंबे शॉट पर गेंद को संभाल दो गोल दागने के साथ भारत को बराबर पेनल्टी कॉर्नर भी दिलाए। विजेता भारत के लिए साथ ही कप्तान हरमनप्रीत सिंह, दिलप्रीत सिंह व हार्दिक सिंह ने दो दो तथा अभिषेक नैन, शिलानंद लाकरा, नीलकांत शर्मा व जुगराज सिंह ने एक एक गोल किया।

नई दिल्ली। अपनी घरेलू टर्फ पर सबसे अनुभवी स्ट्राइकर मंदीप सिंह की बेहतरीन हैट्रिक और उनकी साथी स्ट्राइकर अभिषेक नैन और दिलप्रीत सिंह के साथ परस्पर तालमेल वाले खेल से मौजूदा व पांच बार के चैंपियन भारत ने एशियन पुरुष हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब, 2026 में अपने खिताब बरकरार रखने के अभियान का आगाज बांग्लादेश पर मंगलवार रात लीग मैच में जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में 13-0 से बड़ी जीत के साथ किया। पाकिस्तान के सुरक्षा कारणों का बहाना बना टूर्नामेंट से हटने पर उसकी जगह आखिरी वक्त पर बांग्लादेश को इसमें खेलने का मौका मिला। भारत अपने दूसरे मैच में बृहस्पतिवार को पिछले उपविजेता चीन से भिड़ेगा।

मंदीप सिंह ने खुद तीन बेहतरीन मैदानी गोल करने के साथ कप्तान फुलबैक हरमनप्रीत सिंह के लंबे शॉट पर गेंद को संभाल दो गोल दागने के साथ भारत को बराबर पेनल्टी कॉर्नर भी दिलाए। विजेता भारत के लिए साथ ही कप्तान हरमनप्रीत सिंह, दिलप्रीत सिंह व हार्दिक सिंह ने दो दो तथा अभिषेक नैन, शिलानंद लाकरा, नीलकांत शर्मा व जुगराज सिंह ने एक एक गोल किया। भारत की इस बड़ी  जीत में जालंधर की सुरजीत हॉकी अकेडमी में हॉकी का ककहरा सीखने पर अंतर्राष्ट्रीय हॉकी में एक अलग मुकाम हासिल करने वाले पंजाब के मंदीप सिंह, कप्तान हरमनप्रीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, जुगराज सिंह व हार्दिक सिंह सहित पांच खिलाड़ियों ने कुल दस गोल कर बड़ा योगदान किया। अन्य मैचों में मलेशिया ने पसीना बहाने के बाद चीन को 5-4 से हराया, जबकि जापान ने दक्षिण कोरिया पर 3-2 से जीत दर्ज की।

अनुभवी स्ट्राइकर मंदीप सिंह ने आक्रामक अंदाज में आगाज किया और दूसरे मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर दिलाया और कप्तान ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह ने इस पर अचूक ड्रैग फ्लिक से गोल कर भारत का खाता खोला। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के दाएं से बांग्लादेश के हाफ में तेज स्लैप शॉट पर अगले ही मिनट मंदीप सिंह ने जोरदार रिवर्स हिट से गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के मैच के दसवें मिनट में लंबे स्कूप पर ठीक डी के उपर गेंद को अभिषेक नैन ने संभालने के बाद हॉकी की कलाकारी दिखा बांग्लादेश के दो रक्षकों को गच्चा दे गेंद मंदीप सिंह की ओर बढ़ाई और उन्होंने जोरदार वॉली जमा मैच का अपना दूसरा गोल कर भारत को 3-0 से आगे कर दिया।

शिलानंद लाकरा ने डी के भीतर  मिली गेंद पर आगे निकल आए बांग्लादेश के गोलरक्षक को छका गेंद गोल में डाल कर भारत को पहला क्वॉर्टर खत्म होने से पहले गोल कर 4-0 से आगे कर दिया। मंदीप  सिंह दूसरे क्वॉर्टर के दूसरे मिनट में खुद गेंद को ले डी में पहुंचे लेकिन खुद को घिरा देख गेंद साथी अभिषेक की ओर बढ़ा दी और उन्होंने तेज वॉली 18 वें मिनट में गोल  कर भारत  की बढ़त 5-0 कर दी। नीलकांत शर्मा ने दूसरा क्वॉर्टर खत्म होने से चार मिनट पहले डी के उपर गेंद संभाल अचूक शॉट जमा भारत को 6-0 से आगे  कर दिया। हाफ टाइम तक भारत की टीम 6-0 से आगे थी।

हरमनप्रीत सिंह के ड्रैग फ्लिक को रोकने के लिए तीसरे क्वॉर्टर 12 वें मिनट में बांग्लादेश के गोलरक्षक आगे निकल आए और  लौटती गेंद को वहीं डी में मंडराते दिलप्रीत सिंह ने गोल में डाल कर भारत को 7-0 से और अगले मिनट कप्तान हरमनप्रीत सिंह के स्लैप शॉट पर डी के भीतर मिली गेंद को संभाल अपना मैच का दूसरा गोल कर भारत को 8-0से आगे कर दिया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने तीसरा क्वॉर्टर खत्म होने से ठीक पहले मिले पेनल्टी कॉर्नर पर अपना मैच का दूसरा गोल कर भारत को 9-0से आगे का दिया। जुगराज सिंह के चौथे व आखिरी क्वॉर्टर के पहले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर ड्रैग फ्लिक से दागे गोल से भारत ने अपनी बढ़त 10-0 कर दी। मंदीप सिंह ने खेल खत्म होने से छह मिनट पहले अपना मैच का तीसरा गोल कर अपनी हैट्रिक जमा भारत को 11-0 से आगे कर दिया। आखिरी पेनल्टी कॉर्नर पर हार्दिक सिंह ने लौटती गेंद को डी के भीतर संभाल गोल कर भारत को 12-0 से आगे कर दिया।

नीलकांत शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी को कहा अलविदा

भारत की मंगलवार को जालंधर में शुरू हुई पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में बांग्लादेश पर पर बड़ी जीत में खुद एक गोल करने के बाद मणिपुर के आक्रामक मिडफील्डर नीलकांत शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय हॉकी को अलविदा कहने की घोषणा कर दी। नीलकांत शर्मा मणिपुर जैसे पूर्वोत्तर राज्य से आने वाले लेफ्ट आउट थोइबा सिंह और टिक्कन सिंह के बाद भारत के लिए करीब एक दशक तक खेलने वाले और 2020 में टोक्यो ओलंपिक में कांसा जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे। साथ ही नीलकांत शर्मा ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को नगोया (जापान) एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जिता कर 2028 के लॉस एंजेल्स ओलंपिक के सीधे क्वॉलिफाई कराने में अहम भूमिका निभाई।

YuvaSahakar Team